×

चंद्रशेखर का जोश और संघर्ष देखकर अच्छा लगता है: प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने कहा कि इसे चुनावी राजनीति से जोड़कर मत देखिए। इसे ऐसे देखना चाहिए कि चंद्रशेखर युवा हैं, संघर्ष कर रहे हैं। यह सरकार उस नौजवान को कुचलना चाहती है।

Aditya Mishra
Published on: 13 March 2019 1:37 PM GMT
चंद्रशेखर का जोश और संघर्ष देखकर अच्छा लगता है: प्रियंका गांधी
X
प्रियंका गांधी की फ़ाइल फोटो

मेरठ: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को मेरठ के एक हॉस्पिटल में भर्ती भीम आर्मी के नेता चंद्रशेखर आजाद से मुलाकात की। प्रियंका गांधी के साथ यूपी पश्चिम के चुनाव प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया भी थे। इसी के साथ अटकलें तेज हो गई हैं कि क्या चंद्रशेखर भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे या कांग्रेस से गठजोड़ करेंगे। क्योंकि उन्होंने बुधवार को ऐलान किया था कि वे अगला आम चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ लड़ेंगे।

चन्द्रशेखर का जोश और संघर्ष देखकर अच्छा लगता है: प्रियंका

चंद्रशेखर रावण से मुलाकात के बाद प्रियंका गांधी ने कहा कि इसे चुनावी राजनीति से जोड़कर मत देखिए। इसे ऐसे देखना चाहिए कि चंद्रशेखर युवा हैं, संघर्ष कर रहे हैं। यह सरकार उस नौजवान को कुचलना चाहती है। रोजगार दिया नहीं है जब आवाज उठा रहे हैं तो उठाने दीजिए कुचलने की क्या जरूरत है।

इस दौरान पत्रकारों ने प्रियंका गांधी से पूछा कि क्या कांग्रेस पार्टी चंद्रशेखर को नगीना से चुनाव लड़ाएगी? इसपर प्रियंका गांधी ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें इस लड़के का जोश पसंद है और देख कर अच्छा लगा कि वह संघर्ष कर रहा है।

पत्रकारों ने जब उनसे पूछा कि क्या आप ऐसे नौजवान को कांग्रेस में लाएंगी तो प्रियंका गांधी ने कहा कि देखिए आप इस का राजनीतिकरण कर रहे हैं। मैं नहीं कर रही हूं। मैं इस लड़के का संघर्ष समझ रही हूं।

मोदी को हराकर गुजरात भेजेंगे: चन्द्रशेखर

प्रियंका गांधी से मुलाकात के बाद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि 'मेरी बहन प्रियंका गांधी मुझसे मिलने आई थीं। उन्होंने मेरी तबीयत के बारे में जाना। मैं बहुजन समाज में पैदा हुआ हूं और बहुजन समाज में ही मरूंगा। प्रधानमंत्री मोदी जहां से चुनाव लड़ेंगे, वहां से मैं भी लड़ूंगा। हम मोदी जी को हराएंगे और उन्हें गुजरात भेजेंगे। मैं गठबंधन को समर्थन दूंगा।'

उन्होंने बुधवार को जारी एक वीडियो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा था कि कल (मंगलवार) देवबंद में उनकी पदयात्रा उन्हीं के इशारे पर रोकी गई थी। उन्होंने कहा, "हमारे पास पदयात्रा की इजाजत थी लेकिन प्रशासन और सरकार इस बात को लेकर झूठ फैला रहे हैं।"

चंद्रशेखर ने कहा, "15 मार्च को दिल्ली में बहुजन हुंकार रैली होगी। इसमें बड़ी संख्या में लोग भाग लेंगे। चाहे जो इसे रोकने का प्रयास करे, अब यह रुकेगी नहीं।" चंद्रशेखर ने कहा, "लोकसभा चुनाव में मायावती को पूरा समर्थन दिया जाएगा। अखिलेश यादव को अभी प्रमोशन में आरक्षण के मुद्दे पर अपना रुख साफ करना होगा. सपा संरक्षक मुलायम सिंह अपने बयान से लोगों में भ्रम पैदा कर रहे हैं।"

बताते चले कि कि भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर को पुलिस ने मंगलवार को देवबंद में गिरफ्तार कर लिया। उन पर आचार संहिता उल्लंघन का आरोप है। बाद में उनकी तबीयत खराब होने पर मेरठ इलाज के लिए भेज दिया गया।

ये भी पढ़ें...सहारनपुर हिंसा: चन्द्रशेखर की गिरफ्तारी के लिए रिश्तेदारों की कुंडली खंगाल रही पुलिस

Aditya Mishra

Aditya Mishra

Next Story