Rahul Gandhi News: राहुल गांधी अमेठी से लड़ेंगे चुनाव, 2024 के चुनाव को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष ने भरी हुंकार

Rahul Gandhi in Lok Sabha Elections 2024: अजय राय को कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाकर कांग्रेस ने अपनी रणनीति साफ कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष बनते ही उन्होंने ऐलान किया कि राहुल गांधी अमेठी से ही लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे उनके इस ऐलान से एक बात साफ है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस इस बार पूरी मजबूती से चुनाव लड़ने के मूड में है।

Ashish Pandey
Published on: 18 Aug 2023 11:34 AM GMT (Updated on: 19 Aug 2023 2:04 AM GMT)
Rahul Gandhi News: राहुल गांधी अमेठी से लड़ेंगे चुनाव, 2024 के चुनाव को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष ने भरी हुंकार
X
Rahul Gandhi in Lok Sabha Elections 2024 (Photo: Socal Media)

Rahul Gandhi in Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस के नवनियुक्त यूपी अध्यक्ष अजय राय ने एक ओर जहां राहुल गांधी को लेकर बड़ा ऐलान किया तो वहीं अमेठी से सांसद और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी से ही लोकसभा 2024 का चुनाव लड़ेंगे। नवनियुक्त अध्यक्ष अजय राय शुक्रवार को दिल्ली से वाराणसी पहुंचे। एयरपोर्ट पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हर हर महादेव के नारे के साथ नए प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। मीडिया से बातचीत में अजय राय ने राहुल गांधी पर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि वे अमेठी से लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। इतना ही नहीं उन्होंने प्रियंका गांधी के बनारस से चुनाव लड़ने पर भी स्थिति साफ करते हुए कहा कि प्रियंका गांधी जहां से चाहें चुनाव लड़ सकती हैं। गठबंधन के सवाल पर उन्होंने सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर पर जमकर निशाना साधा।

भाजपा को उखाड़ फेंकने का लिया संकल्प-

कार्यकर्ताओं के जोश को देखते हुए अजय राय ने 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर जमकर हुंकार भरी। हर-हर महादेव के नारों के बीच नए प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश और देश से भाजपा को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया। राहुल गांधी पर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल पर अजय राय ने ऐलान किया कि राहुल गांधी अमेठी से ही चुनाव लड़ेंगे। वहीं स्मृति ईरानी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि बताएं की चीनी 13 रुपये किलो मिलने लगी की नहीं। जनता इस बार महंगाई और बेरोजगारी का पूरा हिसाब करेगी। इतना ही नहीं प्रियंका गांधी के बनारस से चुनाव लड़ने के सवाल पर अजय राय ने कहा कि प्रियंका गांधी चाहें जहां से चुनाव लड़ें। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता आम आदमी प्रियंका गांधी के साथ रहेगा।

राजभर पर साधा निशाना-

अजय राय ने सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर पर हमला बोलते हुए कहा कि गठबंधन को लेकर भाजपा न ही बोले तो ज्यादा बेहतर है, क्योंकि जिसने सीएम योगी को मठ में भेजने की बात कही थी, पीएम मोदी और अमित शाह को गुजरात वापस भेजने की बात कहते हुए जमकर गालियां दी थीं, आज वह उनके साथ हैं। हालांकि, गठबंधन के सवाल पर अजय राय ने खुलकर कुछ नहीं बोला। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद सबसे पहला कार्यक्रम अजय राय का गाजीपुर का रखा गया।

अमेठी से तीन बार रहे हैं सांसद-

अमेठी से तीन बार लोकसभा सांसद रहे राहुल गांधी को 2019 के चुनाव में स्मृति ईरानी ने चुनौती दी और वे अपने गढ़ को नहीं बचा पाए और चुनाव हार गए। राहुल गांधी 2004 में पहली बार अमेठी से ही जीत कर संसद पहुंचे थे। इसके बाद 2009 में उन्होंने 3,50,000 से भी अधिक मतों से जीत दर्ज की। इसके बाद 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी की स्मृति ईरानी ने राहुल को खुली चुनौती दी। राहुल ने इस चुनाव में फिर बाजी मार ली। राहुल को 408,651 तो वहीं स्मृति ईरानी को 300,748 वोट मिले। उन्होंने स्मृति को 1,07,000 वोटों के अंतर से हराया। वहीं 2019 के लोकसभा चुनाव में एक बार फिर स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को चुनौती दी और इस बार स्मृति ने बाजी उलट दी। उन्होंने कांग्रेस से उसका गढ़ छीन लिया। स्मृति ने राहुल को 55 हजार 120 मतों हरा दिया। स्मृति को चार लाख 67 हजार 598 मत मिले जबकि राहुल गांधी को चार लाख 12 हजार 867 मत मिले। बतादें कि राहुल गांधी ने 2019 में अमेठी के अलावा केरल के वायनाड से भी चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में राहुल गांधी के हाथ से भले ही अमेठी छिन गई लेकिन उन्होंने वायनाड में ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। वह 4 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से जीते थे। राहुल को 6 लाख 64 हजार वोट मिले थे जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी सीपीआई के पीपी सुनीर को करीब 2 लाख 51 हजार वोट मिले थे।

राजीव गांधी चार पर रहे हैं अमेठी से सांसद-

राहुल गांधी के पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी अमेठी से चार बार सांसद रहे हैं। 1981, 1984, 1989 और 1991 में राजीव गांधी अमेठी से लोकसभा सांसद रहे हैं। यहां से 1999 में सोनिया गांधी भी लोकसभा का चुनाव जीती थीं।

Ashish Pandey

Ashish Pandey

Next Story