×

UP Roadways: अब यूपी के हर जिले से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लिए सफर आसान, सीएम योगी ने सौ बसों को दिखाई हरी झंडी

UP Roadways: अब यूपी के हर जिले से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लिए सफर आसान हो जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई सौ बसों को हरी झंडी दिखाई।

Snigdha Singh
Published on: 3 Jun 2023 11:42 AM GMT (Updated on: 3 Jun 2023 6:08 PM GMT)
UP Roadways: अब यूपी के हर जिले से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लिए सफर आसान, सीएम योगी ने सौ बसों को दिखाई हरी झंडी
X
CM Yogi (Image:Ashutosh Tripathi)

UP Roadways New Buses: उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपद मुख्यालयों से राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के लिए नई बसों को हरी झंडी दिखाई गई। सफर को आसान और सुगम बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को 93 नई राजधानी सेवा एवं 07 साधारण बीएस-6 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह भी मौजूद रहे।

यूपी के सभी जिलों से दिल्ली के लिए चलेंगी बसें

उत्तर प्रदेश के सभी जिले अब राष्ट्रीय राजधानी से जोड़ने के लिए परिवहन निगम ने दिल्ली तक राजधानी एक्सप्रेस बस सेवा चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत प्रदेश के सभी जिलों से 100 बस चलाई जाएगी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने इन बसों को आज अपने आवास से हरी झंडी दिखाई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की मंशा पर सभी जिलों से दिल्ली के लिए 100 बसें चलाई जाएंगी। यही नहीं, दिल्ली से दूर के जिलों में इन बसों की संख्या दो-दो होगी, जिससे संचालन में और आसानी होगी।

सामान्य बसों से 10 फीसदी अधिक होगा किराया

राजधानी एक्सप्रेस बस सेवा की डिमांड के अनुसार बसों की संख्या में बढ़ोतरी की जाएगी। राजधानी एक्सप्रेस का किराया सामान्य बस सेवा से 10 फीसदी अधिक होता है, क्योंकि इन बसों का स्टॉपेज भी कम होता है। ये अन्य बसों की तुलना में तेज चलती हैं और कम समय में यात्रियों को अपने स्थान पर पहुंचाती हैं। परिवहन निगम के प्रवक्ता अजीत सिंह ने कहा कि यह योजना सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में से एक है। इस योजना के तहत लोगों को अधिक से अधिक आसान और सस्ती परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराई जाएगी।

किस जिले से कितनी बसें चलेंगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन बस सेवाओं को कालीदास मार्ग स्थित सीएम आवास से हरी झंडी दिखायी है। कानपुर से नई 10 राजधानी एक्‍सप्रेस बसें, प्रयागराज से 8, आजमगढ़ से 2, हरदोई से 10, बरेली से 8, वाराणसी, झांसी, मुरादाबाद, मेरठ से 2-2 बसें, गोरखपुर से 16, अयोध्‍या से 9, अलीगढ़ से 7, देवीपाटन से 4, सहारनपुर से 1 और आगरा से 7 बजें दिल्‍ली के लिए रोजना चलेगी। बता दें कि वर्तमान में लखनऊ परिक्षेत्र से 24 बसें दिल्‍ली के लिए रोजाना संचालित की जा रही हैं।

क्या बोले मुख्यमंत्री

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा है कि सुगम और सुरक्षित यात्रा सभी नागरिकों का अधिकार है। सरकार का दायित्व है कि एक यात्री जिस विश्वास के साथ यात्रा करता है, हमें उस यात्री के अधिकार के लिए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिये। परिवहन निगम की बसों या प्रदेश में पब्लिक ट्रांसपोर्ट सेवा का उपयोग करने वाले लोगों को सरकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। परिवहन निगम जिन कार्यक्रमों को लेकर आगे बढ़ रहा है उसे और प्रभावी ढंग से किए जाने की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री जी आज यहां अपने सरकारी आवास पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेश के विभिन्न जनपद मुख्यालयों से राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के लिए 93 नई राजधानी सेवा एवं 07 साधारण बीएस-6 बसों को रवाना करने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने राजधानी सेवा एवं साधारण बी0एस0-6 बसों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की विकास यात्रा तथा उपलब्धियों पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।

मुख्यमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के 50 वर्षों की यात्रा पूर्ण होने के अवसर पर इन बसों के शुभारम्भ के लिए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी के कुछ माह पूर्व 15 मई, 1947 को उस समय के उत्तर प्रदेश में लोगों की सुगम व सुरक्षित यात्रा के लिए राजकीय परिवहन सेवा प्रारम्भ हुई। यह सेवा 01 जून, 1972 को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के रूप में आगे बढ़ी। देश की सर्वाधिक आबादी वाले राज्य में पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सबसे बड़ी इकाई के रूप में कार्य करते हुए अपने 50 वर्षों की शानदार यात्रा को आगे बढ़ाते हुए यह सेवा लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री जी ने इसके लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम को बधाई दी।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज जब हम यहां एक ओर 50 वर्षों की शानदार यात्रा के कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहे है, वहीं देश के एक दूसरे राज्य में हुई दुःखद दुर्घटना भी हमारे सामने है। कल सांयकाल ओडिशा राज्य के बालासोर में हुई रेल दुर्घटना में अनेक यात्रियों की मृत्यु हुई है और अनेक लोग घायल हैं। मुख्यमंत्री जी ने दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगांे के परिजनों के प्रति प्रदेश शासन तथा जनता की ओर से संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने इस दुर्घटना में गम्भीर रूप से घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

Snigdha Singh

Snigdha Singh

Next Story