×

Raebareli News: स्वामी प्रसाद मौर्य पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का केस दर्ज, जानिए क्या नारा लगवाया था सपा नेता ने

Raebareli News: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के एक दिवसीय दौरे के अंतर्गत स्वामी प्रसाद मौर्य भी कांशीराम की मूर्ति का अनावरण करने पहुंचे थे, इसी दौरान हुई विवादित नारेबाजी को लेकर हिंदूवादी संगठनों में नाराजगी है।

Narendra Singh
Published on: 4 April 2023 11:00 PM GMT
Raebareli News: स्वामी प्रसाद मौर्य पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का केस दर्ज, जानिए क्या नारा लगवाया था सपा नेता ने
X
सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्या। Photo: Social media.

Raebareli news: सोनिया गांधी का संसदीय क्षेत्र रायबरेली राजनीति का अखाड़ा बनता जा रहा है। यहां सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव द्वारा कांशीराम की प्रतिमा के अनावरण के बाद से राजनीति थमने का नाम नहीं ले रही। अखिलेश के सिपहसलार स्वामी प्रसाद मौर्या ने यहां फिर एक विवादित नारा लगवा दिया, जिसको लेकर हिंदूवादी संगठनों में आक्रोश है। स्वामी प्रसाद मौर्या पर शहर के थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।

सियासत का अखाड़ा बना जनपद

जहां गंगा जमुनी तहजीब की खातिर रायबरेली की पहचान बनी रहती थी। वहीं स्वामी प्रसाद मौर्या के बयानबाजी के चक्कर में रायबरेली का माहौल खराब होता नजर आ रहा है। कुछ दिन पहले स्वामी प्रसाद मौर्य ने रामचरितमानस की चौपाइयों को लेकर अपना विरोध प्रदर्शन और मुहिम को छेड़ दिया था। जिसको लेकर कुछ नेता उत्तर प्रदेश में जाति धर्म के नाम पर बंटवारे का प्रयास करते रहे हैं। जनपद में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के एक दिवसीय दौरे के अंतर्गत स्वामी प्रसाद मौर्य भी मान्यवर कांशीराम की मूर्ति का अनावरण करने पहुंचे थे। वहां उन्होंने ऐसा नारा लगवा दिया कि सपा के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ रायबरेली में मुकदमा दर्ज हुआ है।

नारेबाजी को लेकर हिंदूवादी संगठन नाराज

स्वामी प्रसाद मौर्य पर हिन्दू युवा वाहिनी के महामंत्री मारुत त्रिपाठी की तहरीर पर शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ है। दरअसल, एक दिन पहले सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव स्वामी प्रसाद मौर्य के विद्यालय में कांशीराम की मूर्ति का अनावरण करने पहुंचे थे। यहीं एक जनसभा का भी आयोजन किया गया था। इसी जनसभा के मंच से स्वामी प्रसाद मौर्य का नारा लगाते हुए एक वीडियो वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में स्वामी प्रसाद मौर्य मंच से नारा लगाते हुए कहते हैं कि ‘मिले मुलायम-कांशीराम’ और भीड़ से उसके उत्तर में जवाब आता है ‘हवा में उड़ गए जय श्री राम।’ वायरल वीडियो में स्वामी प्रसाद मौर्य बार-बार यह नारा लगाते हुए भीड़ को उत्तर देने के लिए उकसाते हैं। इसी वीडियो को आधार बनाकर हिन्दू युवा वाहिनी के महामंत्री मारुत त्रिपाठी ने शहर कोतवाली में तहरीर देते हुए कहा था कि स्वामी प्रसाद मौर्य ने हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ किया है। मारुत त्रिपाठी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक नवीन सिंह ने बताया कि हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता मारुत त्रिपाठी द्वारा एक एप्लीकेशन सदर कोतवाली में दी गई है, जिसको लेकर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Narendra Singh

Narendra Singh

Next Story