×

UP By Election 2022: यूपी के तीनों सीटों पर मतदान खत्म, मैनपुरी-खतौली-रामपुर प्रत्याशियों की किस्मत EVM में कैद

UP by Election 2022: यूपी के तीन सीटों पर आज उप चुनाव हो रहे हैं। मैनपुरी लोकसभा और रामपुर तथा खतौली विधानसभा सीट पर बीजेपी और सपा आमने-सामने है।

aman
Written By aman
Published on: 5 Dec 2022 12:42 PM GMT (Updated on: 5 Dec 2022 12:42 PM GMT)
Chitrakoot Municipal Elections 2022
X

Chitrakoot Municipal Elections 2022 (Photo - Social Media)

UP By Election 2022: उत्तर प्रदेश में मैनपुरी लोकसभा सीट तथा खतौली और रामपुर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान आज (5 दिसंबर) शाम 6 बजे समाप्त हो गया। वोटिंग के दौरान सपा और बीजेपी ने एक दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। मैनपुरी सीट पर सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) के निधन के बाद उपचुनाव हुआ। यहां मुख्य मुकाबला सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी और मुलायम सिंह यादव की बहू डिम्पल यादव (Dimple Yadav) व भारतीय जनता पार्टी (BJP) प्रत्याशी रघुराज शाक्य के बीच है।

उधर, 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों में दोषी पाए जाने के बाद चुनाव आयोग ने बीजेपी विधायक विक्रम सैनी (Vikram Saini) को खतौली निर्वाचन क्षेत्र (Khatauli constituency) से विधायक के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया है। उनकी जगह उनकी पत्नी राजकुमारी सैनी भाजपा प्रत्याशी हैं। जबकि उनके सामने राष्ट्रीय लोक दल के मदन भैया ताल ठोक रहे हैं। यहां इन्हीं दोनों दलों के बीच मुख्य मुकाबला है। इसके अलावा अभद्र भाषा के मामले में दोषी पाए जाने के बाद समाजवादी पार्टी और रामपुर के विधायक आजम खान (Azam Khan) को अयोग्य घोषित कर दिया गया था। जिस वजह से सपा के इस मजबूत गढ़ पर सपा के आसिम रजा (Asim Raza) प्रत्याशी हैं। जिनका मुख्य मुकाबला भाजपा के आकाश सक्सेना (Akash Saxena) से है। आजम खां की सदस्यता जाने में आकाश सक्सेना की अहम भूमिका रही है। इसलिए इस सीट पर भी सबकी निगाहें हैं। मतदान की पल पल की अपडेट और मतदान प्रतिशत का हाल जानने के लिए बने रहें।

अब सभी पार्टियों को 8 दिसंबर का इंतजार है। इस दिन EVM खुलेगा और प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। प्रदेश की जनता को जहां परिणामों का इंतजार है, पार्टियों की सांसें अटकी पड़ी हैं।

न्यूजट्रैक लाइव के साथ।

Live Updates

  • 5 Dec 2022 12:31 PM GMT

    रामपुर में शाम 5 बजे तक 31.22% वोटिंग

    रामपुर विधानसभा उपचुनाव में शाम 5 बजे तक 31.22 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां वोटिंग की रफ्तार काफी धीमी रही। इस उपचुनाव में समाजवादी पार्टी और बीजेपी के बीच सीधी जंग है। सपा और बीजेपी दोनों पार्टियों के अलावा यहां मैदान में कुल 10 प्रत्याशी हैं।

  • 5 Dec 2022 12:27 PM GMT

    मैनपुरी उप चुनाव में शाम 5 तक कुल 51.20% मतदान

    - मैनपुरी विधानसभा- 49.5%

    - भोगांव विधानसभा - 48.5 %

    -किशनी विधानसभा- 48.2 %- करहल विधानसभ- 53.1%- जसवंतनगर (इटावा)- 57.00%

  • 5 Dec 2022 12:10 PM GMT



    खतौली में 102 साल की बुजुर्ग किरण बाला जैन ने डाला वोट 

    खतौली विधानसभा चुनाव में वोटिंग के दौरान सोमवार को 102 साल की बुजुर्ग किरण बाला जैन ने भी मतदान किया। उन्होंने पचधरा स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

  • 5 Dec 2022 12:09 PM GMT

    अब्दुल्ला आजम की पुलिस से बहस 

    रामपुर में समाजवादी पार्टी विधायक अब्दुल्ला आजम की जिले के एएसपी संसार सिंह से तीखी नोक-झोंक हुई। अब्दुल्ला आजम ने पुलिस पर एक खास वर्ग के मतदाताओं को बूथ पर आने से रोकने का आरोप लगाया। 

  • 5 Dec 2022 11:55 AM GMT

    अब्दुल्ला आज़म ने कहा- रामपुर में चुनाव नहीं, धांधली हो रही

    रामपुर उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खान के बेटे और स्वार सीट से विधायक अब्दुल्ला आजम ने कहा, कि 'रामपुर में चुनाव नहीं, धांधली हो रही है। उन्होंने कहा, हम शुरुआत से ही कहते रहे हैं कि लोगों को वोट डालने से रोका जा रहा है। लेकिन कहीं से कोई सुनवाई नहीं हो पा रही। ऐसे हालात में चुनाव की कोई जरूरत नहीं थी। बीजेपी प्रत्याशी को पहले ही सर्टिफिकेट दे दिया जाता। 

  • 5 Dec 2022 11:02 AM GMT

    उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य बोले- सपा को सता रहा हार का डर

    यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Deputy CM Keshav Prasad Maurya) ने वोटिंग के बीच सपा द्वारा बीजेपी पर लगाए जा रहे आरोपों का करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा, समाजवादी पार्टी को हार का डर सता रहा है। इसलिए वो ऐसे आरोप लगा रहे हैं। प्रदेश में उपचुनाव वाली तीनों सीटों पर सपा की गुंडागर्दी जारी है और उल्टे प्रशासन के दुरुपयोग का दुष्प्रचार कर रही है। चुनाव आयोग बूथ कब्जा एवं फर्जी मतदान रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई करे!


  • 5 Dec 2022 10:56 AM GMT

    आजम खान की पत्नी बोलीं- कैसा चुनाव? 

    रामपुर के सपा नेता आजम खान की पत्नी और पूर्व सांसद तंजीन फातिमा ने मतदान के बाद मीडिया से बात की। मीडिया ने जब उनसे सवाल पूछा तो उन्होंने कहा, कैसा चुनाव? वो बोलीं, बूथ खाली पड़े हैं। मतदाताओं को पोलिंग बूथों पर पहुंचने नहीं दिया जा रहा। सड़कों पर उन्हें पीटा गया। दौड़ाया और भगाया जा रहा। उनकी पर्चियां फाड़ी जा रही हैं। ऐसे हालात में वोटर्स अपने बूथों तक कैसे पहुंचेंगे। तंजीन ने आगे कहा, वह जनता से यही कहना चाहेंगी कि, हालात जैसे भी हों, वे मतदान केंद्रों पर पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।

  • 5 Dec 2022 10:21 AM GMT

    मैनपुरी में दोपहर 3 बजे तक 43.93% मतदान

    मैनपुरी लोकसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में दोपहर 3 बजे तक 43.93 प्रतिशत मतदान हुआ।

    - मैनपुरी विधानसभा क्षेत्र में 40.1%

    - भोगांव विधानसभा क्षेत्र में 42%

    - किशनी विधानसभा क्षेत्र में 42.8%

    - करहल विधानसभा क्षेत्र में 47.23%

    - जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में 47.53% वोटिंग हुई। 

  • 5 Dec 2022 9:48 AM GMT

    खतौली में दोपहर 3 बजे तक 40.2% वोटिंग

    खतौली विधानसभा उप चुनाव के दौरान 3 बजे तक 40.02 प्रतिशत वोटिंग हुई। निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र बहादुर ने बताया कि, सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान जारी है। वहीं, ADM ने बताया कि, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

  • 5 Dec 2022 9:44 AM GMT

    रामपुर में बूथ पर तोड़फोड़

    रामपुर में समाजवादी पार्टी के ने बीजेपी के लोगों पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया है। रामपुर में बूथ पर तोड़फोड़ की घटना भी हुई है। सपा का आरोप है कि, इस बाबत जब सीओ से सवाल पूछा गया तो वो चलते बने।


aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story