×

UP By Election 2022: यूपी के तीनों सीटों पर मतदान खत्म, मैनपुरी-खतौली-रामपुर प्रत्याशियों की किस्मत EVM में कैद

UP by Election 2022: यूपी के तीन सीटों पर आज उप चुनाव हो रहे हैं। मैनपुरी लोकसभा और रामपुर तथा खतौली विधानसभा सीट पर बीजेपी और सपा आमने-सामने है।

aman
Written By aman
Published on: 5 Dec 2022 12:42 PM GMT (Updated on: 5 Dec 2022 12:42 PM GMT)

UP By Election 2022: उत्तर प्रदेश में मैनपुरी लोकसभा सीट तथा खतौली और रामपुर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान आज (5 दिसंबर) शाम 6 बजे समाप्त हो गया। वोटिंग के दौरान सपा और बीजेपी ने एक दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। मैनपुरी सीट पर सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) के निधन के बाद उपचुनाव हुआ। यहां मुख्य मुकाबला सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी और मुलायम सिंह यादव की बहू डिम्पल यादव (Dimple Yadav) व भारतीय जनता पार्टी (BJP) प्रत्याशी रघुराज शाक्य के बीच है।

उधर, 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों में दोषी पाए जाने के बाद चुनाव आयोग ने बीजेपी विधायक विक्रम सैनी (Vikram Saini) को खतौली निर्वाचन क्षेत्र (Khatauli constituency) से विधायक के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया है। उनकी जगह उनकी पत्नी राजकुमारी सैनी भाजपा प्रत्याशी हैं। जबकि उनके सामने राष्ट्रीय लोक दल के मदन भैया ताल ठोक रहे हैं। यहां इन्हीं दोनों दलों के बीच मुख्य मुकाबला है। इसके अलावा अभद्र भाषा के मामले में दोषी पाए जाने के बाद समाजवादी पार्टी और रामपुर के विधायक आजम खान (Azam Khan) को अयोग्य घोषित कर दिया गया था। जिस वजह से सपा के इस मजबूत गढ़ पर सपा के आसिम रजा (Asim Raza) प्रत्याशी हैं। जिनका मुख्य मुकाबला भाजपा के आकाश सक्सेना (Akash Saxena) से है। आजम खां की सदस्यता जाने में आकाश सक्सेना की अहम भूमिका रही है। इसलिए इस सीट पर भी सबकी निगाहें हैं। मतदान की पल पल की अपडेट और मतदान प्रतिशत का हाल जानने के लिए बने रहें।

अब सभी पार्टियों को 8 दिसंबर का इंतजार है। इस दिन EVM खुलेगा और प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। प्रदेश की जनता को जहां परिणामों का इंतजार है, पार्टियों की सांसें अटकी पड़ी हैं।

न्यूजट्रैक लाइव के साथ।

Live Updates

  • 5 Dec 2022 9:16 AM GMT

    सपा का आरोप- मतदाताओं को भ्रमित किया जा रहा

    प्रदेश की प्रमुख विपक्षी पार्टी सपा ने रामपुर में पुलिस पर अपने कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को गलत जानकारी देकर भ्रमित करने का आरोप लगाया है। सपा का आरोप है कि पुलिस बिना मतदान किए उन्हें वापस भेज रही है। पार्टी ने इस संबंध में चुनाव आयोग से संज्ञान लेने की अपील की है।  

  • 5 Dec 2022 8:50 AM GMT



    आजम खान की पत्नी और पूर्व सांसद मतदान के लिए पहुंची

    रामपुर में उपचुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान की पत्नी और पूर्व सांसद तंजीम फातिमा सोमवार दोपहर रजा डिग्री कॉलेज पोलिंग बूथ पर मतदान के लिए पहुंचीं। 

  • 5 Dec 2022 8:44 AM GMT

    रामपुर में 19.01% तो खतौली में 33.20 प्रतिशत मतदान

    रामपुर विधानसभा उप चुनाव के दौरान मतदान की रफ्तार बेहद धीमी देखी जा रही है। दोपहर 1 बजे तक यहां 19.01% वोटिंग हुई। जबकि, खतौली सीट पर इसी समय अंतराल में 33.20 फीसदी वोटिंग हुई। 

  • 5 Dec 2022 8:30 AM GMT

    मैनपुरी में दोपहर 1 बजे तक 31.60% वोटिंग

    मैनपुरी लोकसभा सीट पर सोमवार दोपहर 1 बजे तक करीब 31.60 प्रतिशत वोटिंग हुई।

    - मैनपुरी विधानसभा क्षेत्र में 30.10%

    - भोगांव विधानसभा क्षेत्र में 30.01%

    - किशनी विधानसभा क्षेत्र में 31.50%

    - करहल विधानसभा क्षेत्र में 32.8%

    - जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में 32.58% मतदान हुआ।

  • 5 Dec 2022 7:39 AM GMT

    खतौली में रालोद-सपा बूथ पर पसरा सन्नाटा

    खतौली में हो रहे विधानसभा उपचुनाव में रालोद-सपा के बूथ पर पसरा सन्नाटा बता रहा है कि...आएगी तो बीजेपी ही!


  • 5 Dec 2022 7:37 AM GMT

    बीजेपी ने सपा पर लगाया फर्जी वोटिंग का आरोप

    भारतीय जनता पार्टी ने समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाया है कि, मैनपुरी विधानसभा के बूथ संख्या- 361 व 362 में ग्राम प्रधान दरोगा लोधी बूथ पर बैठकर फर्जी मतदान करा रहा है। निर्वाचन आयोग, इसका संज्ञान लेकर कार्रवाई करे।


  • 5 Dec 2022 7:26 AM GMT

    सपा ने खतौली CO को बताया बीजेपी का एजेंट

    समाजवादी पार्टी ने यूपी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, खतौली के सीओ राकेश कुमार सिंह (Khatauli CO Rakesh Kumar Singh) बीजेपी के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। मुस्लिम मतदाताओं का आधार कार्ड देखकर उन्हें डांट कर वापस भगा रहे हैं। संज्ञान लेने के बाद चुनाव आयोग सीओ को तत्काल निलंबित करें, ताकि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित हो!


  • 5 Dec 2022 7:09 AM GMT

    खतौली में तेज,..तो रामपुर में वोटिंग की रफ़्तार सबसे धीमी

    यूपी में दो विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर मतदान जारी है। रामपुर विधानसभा उपचुनाव में सुबह 11 बजे तक 11.30 फीसदी ही वोटिंग हुई है। जबकि, खतौली विधानसभा सीट पर रफ्तार सबसे अधिक रही। खतौली में सुबह 11 बजे तक 20.70 प्रतिशत वोटिंग हुई है। 

  • 5 Dec 2022 7:04 AM GMT

    BJP का आरोप- मैनपुरी में सपा समर्थक मतदान प्रभावित कर रहे

    भारतीय जनता पार्टी ने सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर मैनपुरी में मतदान प्रभावित करने का आरोप लगाया है। बीजेपी ने कहा, सुजरई में बूथ संख्या- 336, 338, 339, 340, 341 पर सपा के अराजक तत्वों द्वारा मतदान को प्रभावित किया जा रहा। वोटर्स को मतदान से रोका जा रहा है। बीजेपी ने निर्वाचन आयोग से संज्ञान लेकर कार्रवाई का आग्रह किया है। 

  • 5 Dec 2022 6:59 AM GMT

    करहल में भी मतदाताओं को वोटिंग से रोका गया !

    वहीं, करहल विधानसभा क्षेत्र (Karhal Assembly) के गांव रामपुरा घिटौली में मतदाताओं को वोटिंग से रोकने के आरोप लगे हैं। करहल क्षेत्र के लोगों ने इस संबंध में पुलिस से शिकायत की है। उन्होंने मतदाताओं को धमकाने के आरोप लगाए हैं।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story