×

Up Nikay chunav: भाजपा प्रत्याशी के पास ‘सुख-सुविधाओं’ की कमी नहीं, जानिए सपा, बसपा उम्मीदवारों के पास कितनी संपत्ति

Up Nikay chunav 2023: हरदोई नगर पालिका सीट के लिए भाजपा,सपा,बसपा,आप,कांग्रेस के उम्मीदवारों ने अपना पर्चा दाखिल किया है। नामांकन पत्र जमा करने पर पता चला कि भाजपा से प्रत्याशी और निवर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष सुख सागर मिश्रा करोड़पति हैं, उनके पास काफी चल-अचल संपत्ति है।

Pulkit Sharma
Published on: 18 April 2023 12:55 PM GMT
Up Nikay chunav: भाजपा प्रत्याशी के पास ‘सुख-सुविधाओं’ की कमी नहीं, जानिए सपा, बसपा उम्मीदवारों के पास कितनी संपत्ति
X
UP Nikay Chunav 2023

Up Nikay chunav 2023: नगर निकाय चुनाव में सोमवार का दिन नामांकन का आख़िरी दिन था। बड़ी-बड़ी राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने अपना नामांकन भरा और पारिवारिक चल-अचल संपत्ति को भी नामांकन में लिखा। हरदोई नगर पालिका सीट के लिए भाजपा,सपा,बसपा,आप,कांग्रेस के उम्मीदवारों ने अपना पर्चा दाखिल किया है। नामांकन पत्र जमा करने पर पता चला कि भाजपा से प्रत्याशी और निवर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष सुख सागर मिश्रा करोड़पति हैं, उनके पास काफी चल-अचल संपत्ति है। बात पैसों की करें, तो इसमें सबसे कमजोर प्रत्याशी बसपा का है, जिसके पास अपना कोई वाहन तक नहीं है।

भाजपा उम्मीदवार के पास है इतनी संपति

भारतीय जनता पार्टी के हरदोई नगर पालिका से उम्मीदवार सुख सागर मिश्रा ‘मधुर’ का जैसा नाम वैसे ही उनके पास सुख-सुविधाओं की कोई कमी नहीं है। शपथ पत्र के मुताबिक वाहनों में उनके नाम सिर्फ एक स्कूटर और एक जीप है। मगर, नामांकन के समय दिये गए शपथ पत्र में भाजपा उम्मीदवार ने अपने व परिजनों की कुल चल-अचल सम्पति को ब्यौरा दिया है। सुख सागर मिश्रा ने बताया कि उनकी उम्र 62 वर्ष है और उनके पास छह करोड़ से ज़्यादा की संपत्ति है। उनके पास एक बंदूक़,एक रायफल व आभूषण में एक सोने की चेन है। मधुर ने बताया कि नगदी के तौर पर उनके पास 95 हज़ार और पत्नी डा. चित्रा मिश्रा के पास 1.16 लाख, पुत्री मानसी के पास 16 हज़ार रुपए हैं।

इतना है बीजेपी कैंडिडेट का बैंक बैलेंस

बैंक में उनके पास 1 करोड़ 99 लाख 24 हज़ार 967 रुपए हैं। पत्नी के खाते में 47 लाख 52 हज़ार 696 रुपए हैं जबकि एक अन्य खाते में 93 हज़ार 806 रुपए जमा हैं। सुख सागर की पत्नी के पास लग्ज़री गाड़ी है। उनके एवं उनकी पत्नी के नाम हरदोई में ही 30 लाख का एक मकान व 2.50 करोड़ का एक प्लॉट भी है। सुख सागर मिश्र ने बताया कि लखनऊ में क़रीब 55 लाख का प्लॉट पत्नी के नाम है। वर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष पर 2016 में एक आपराधिक मुक़दमा सीजेएम कोर्ट में विचाराधीन है। हालांकि इन अब के बीच सुख सागर मिश्रा ने अपने पुत्र मिलन मिश्रा की सम्पति का ब्यौरा नहीं दिया है।

सपा उम्मीदवार नहीं है करोड़ों के मालिक

सपा से उम्मीदवार राम ज्ञान गुप्ता ने भी नामांकन के समय एक शपथ पत्र दिया जिसने अपनी व परिजनों की सम्पति की जानकारी दी। राम ज्ञान ने बताया कि उनकी उम्र 34 वर्ष है। राम ज्ञान गुप्ता 38 लाख की संपत्ति में मालिक हैं। राम ज्ञान हाई स्कूल उत्तीर्ण किए हैं व उनके ऊपर दो आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। राम ज्ञान के पास एक कार जिसकी क़ीमत छह लाख रुपए व 2 लाख 50 हज़ार के आभूषण हैं। राम ज्ञान की पत्नी रीता गुप्ता के पास 7 लाख 80 हज़ार के सोने अथवा चांदी के आभूषण हैं। राम ज्ञान के पास बैंक में क़रीब 1 लाख 70 हज़ार रुपए जमा 1 लाख रुपए नकद जमा है, जबकि पत्नी के पास 50 हज़ार रुपए नगद व 3600 रुपए जमा है। उनकी जनपद की सांडी रोड पर 15 लाख की श्री गुप्ता नाम से एक फर्म भी संचालित है।

कांग्रेस उम्मीदवार से ज्यादा पैसा, उनकी पत्नी के पास

कांग्रेस उम्मीदवार शिव कुमार गुप्ता ने नामांकन में दिये गए अपने शपथ पत्र में लिखा है कि उनकी उम्र 42 वर्ष है और वह इंटरमीडिएट पास हैं। शिव कुमार गुप्ता के पास एक लग्ज़री गाड़ी है। शिव कुमार के पास 25 हज़ार की नगदी व 11 हज़ार रुपए बैंक में जमा है। शिव कुमार गुप्ता के पास एक लाख के आभूषण भी हैं। शिव कुमार गुप्ता की पत्नी के पास 40 हज़ार की नगदी व 40 हज़ार रुपए बैंक में जमा हैं। जबकि चार लाख के आभूषण भी हैं।

बसपा उम्मीदवार पर नहीं दर्ज है कोई मुक़दमा, ना ही है वाहन

बसपा से उम्मीदवार दीपांशु मिश्रा ने नामांकन में दिये शपथ पत्र में कहा है कि उनके पास कोई भी वाहन नहीं है। दीपांशु की उम्र 33 वर्ष है और वह इंटरमीडिएट पास हैं। दीपांशु के पास चल-अचल सम्पति छह लाख 10 हज़ार की है। जिसमें से क़रीब 2.50 लाख के आभूषण और 1.10 लाख रुपए नगद हैं।

करोड़पति हैं आप पार्टी के उम्मीदवार गुलाब सिंह

आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार गुलाब सिंह ने नामांकन में दिये शपथ पत्र में कहा है कि उनकी उम्र 44 वर्ष है व उनकी दस करोड़ से अधिक की चल-अचल सम्पति है। शिक्षा में गुलाब सिंह जूनियर हाई स्कूल पास है। गुलाब सिंह पर कोई भी आपराधिक मुक़दमा नहीं है। गुलाब सिंह के पास 20 हज़ार नगद व दस हज़ार बैंक में जमा है। उनकी पत्नी के पास 10 हज़ार नगद व इतना ही बैंक में जमा है।

Pulkit Sharma

Pulkit Sharma

Next Story