×

Sultanpur News: भाजपा ने घोषित किया उम्मीदवार, दो बार के अध्यक्ष रहे प्रवीण अग्रवाल होंगे नगरपालिका के प्रत्याशी

UP Nikay Chunav 2023: अंतिम समय में भारतीय जनता पार्टी ने प्रवीण अग्रवाल को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। प्रवीण अग्रवाल फिलहाल जिला भाजपा में उपाध्यक्ष पद पर हैं। ये पहले दो बार नगरपालिका की कमान संभाल चुके हैं।

Fareed Ahmed
Published on: 23 April 2023 8:02 PM GMT (Updated on: 23 April 2023 9:11 PM GMT)
Sultanpur News: भाजपा ने घोषित किया उम्मीदवार, दो बार के अध्यक्ष रहे प्रवीण अग्रवाल होंगे नगरपालिका के प्रत्याशी
X
Praveen Agarwal

Sultanpur News: निकाय चुनाव में दूसरे चरण के नामांकन का कल आखिरी दिन है। ऐसे में सबकी निगाहें प्रमुख पार्टी भाजपा पर लगी हुई थीं। अंतिम समय में भारतीय जनता पार्टी ने प्रवीण अग्रवाल को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। प्रवीण अग्रवाल फिलहाल जिला भाजपा में उपाध्यक्ष पद पर हैं। ये पहले दो बार नगरपालिका की कमान संभाल चुके हैं।

लंबी रस्साकशी के बाद अंतिम समय में हुआ ऐलान

नामांकन की तारीख नजदीक आते ही लोगों की निगाहें भारतीय जनता पार्टी पर टिकी हुई थीं। अंतिम समय तक कयासों का दौर चल रहा था। चाय-पान तक की दुकानों पर सिर्फ एक ही बात की चर्चा चल रहा थी कि भाजपा किसको टिकट देगी। यहां यह जानना बेहद ज़रूरी है कि टिकट के लिए निवर्तमान चेयरमैन बबिता जायसवाल और प्रवीण अग्रवाल में कड़ा मुकाबला था। कहा जा रहा है कि प्रवीण अग्रवाल को बेदाग, मिलनसार छवि के साथ पार्टी का भी सहयोग प्राप्त था। इसी वजह से वो टिकट की रेस में आगे माने जा रहे थे।

दो बार लगातार भारतीय जनता पार्टी की जीत दिला चुके हैं प्रवीण

प्रवीण अग्रवाल को जनपद में साफ-सुथरी छवि का नेता माना जाता है। दरअसल, जिले की नगर पालिका सीट वैश्य वर्ग की सीट मानी जाती है। प्रवीण अग्रवाल को वैश्य वर्ग के अलावा सभी वर्गों से समर्थन मिलता रहा है। इनके पिता राम निवास अग्रवाल भी नगर पालिका के चेयरमैन रह चुके हैं। फिलहाल इनके आने से राजनीतिक विश्लेषक प्रवीण अग्रवाल की कुर्सी की दावेदारी को काफी मजबूत बता रहे हैं। दूसरी तरफ प्रवीण को टिकट मिलने के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। प्रवीण अग्रवाल को टिकट मिलने की बधाई देने वाले कार्यकर्ताओं का तांता लगा हुआ है। प्रवीण कार्यकर्ताओं से पूरी मेहनत के साथ चुनाव में जुट जाने का आह्वान करते दिख रहे हैं। उनका कहना है कि जनसंपर्क के लिए कोई भी क्षेत्र छूटना नहीं चाहिए।

Fareed Ahmed

Fareed Ahmed

Next Story