×

8 पुलिसकर्मियों के हत्यारे विकास दुबे की 8 दिनों में मौत, ऐसे हुआ एनकाउंटर

बिकरु गांव में आठ पुलिसकर्मियों की जान लेने वाले कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे के एनकाउंटर में मारे जाने की खबर है। हालांकि पुलिस व एसटीएफ की ओर से अभी तक इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है

Shivani
Published on: 10 July 2020 3:20 AM GMT
8 पुलिसकर्मियों के हत्यारे विकास दुबे की 8 दिनों में मौत, ऐसे हुआ एनकाउंटर
X

कानपुर। बिकरु गांव में आठ पुलिसकर्मियों की जान लेने वाले कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे के एनकाउंटर में मारे जाने की खबर है। हालांकि पुलिस व एसटीएफ की ओर से अभी तक इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सूत्रों का कहना है कि विकास को लेकर आ रही एसटीएफ की टीम की एक गाड़ी के पलटने के बाद विकास दुबे ने भागने की कोशिश की। इसी दौरान हुई मुठभेड़ में उसके मारे जाने की बात सामने आ रही है। सूत्रों का कहना है कि डॉक्टरों ने विकास दुबे को मृत घोषित कर दिया है।

हथियार छीनकर भागने का प्रयास

कुख्यात बदमाश विकास दुबे को गुरुवार की सुबह उज्जैन के महाकाल मंदिर में पकड़ा गया था। उसके बाद पुलिस की टीम ने करीब 8 घंटे तक उससे गहन पूछताछ की थी। बाद में उसे यूपी एसटीएफ को सौंप दिया गया था। यूपी एसटीएफ की टीम उसे लेकर सड़क मार्ग से कानपुर आ रही थी। इसी दौरान रास्ते में एसटीएफ की एक गाड़ी पलट गई। इस गाड़ी में विकास दुबे भी सवार था। हादसे के बाद विकास दुबे ने पुलिस का हथियार छीनकर भागने की कोशिश की।

जवाबी कार्रवाई में गैंगस्टर को ढेर किया

जानकारों का कहना है कि जवाबी कार्रवाई में विकास दुबे को ढेर कर दिया गया। वैसे अभी तक पुलिस की ओर से इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। विकास दुबे की बॉडी को हैलट अस्पताल ले जाया गया है। विकास दुबे की बॉडी खून से लथपथ बताई जा रही है। सूत्रों का कहना है कि अस्पताल के डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है।

ये भी पढ़ेंः विकास दुबे मारा गया: UP STF के साथ हादसा, भागने की फिराक में हुआ एनकाउंटर

अभी तक अधिकारियों ने नहीं की पुष्टि

हैलट अस्पताल से जुड़े सूत्रों का कहना है कि हैलट अस्पताल के भीतर ही विकास दुबे की बॉडी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के आने का इंतजार किया जा रहा है। विकास दुबे के एनकाउंटर की खबर मिलने के बाद हैलट अस्पताल के बाहर मीडिया का जमावड़ा लग गया। जिस स्थान पर एसटीएफ की गाड़ी पलटी है वहां पर भी मीडिया की टीम पहुंच गई। हालांकि उस इलाके की एसटीएफ की टीम ने घेराबंदी कर रखी है। अभी तक कोई भी अधिकारी विकास दुबे का एनकाउंटर के बारे में मुंह नहीं खोल रहा है।

[video width="640" height="352" mp4="https://newstrack.com/wp-content/uploads/2020/07/WhatsApp-Video-2020-07-10-at-8.02.40-AM.mp4"][/video]

हालांकि सूत्रों का कहना है कि हैलट अस्पताल के डॉक्टरों ने विकास दुबे को मृत घोषित कर दिया है। अस्पताल के बाहर एसटीएफ टीम के सदस्य और पुलिसकर्मियों का जमावड़ा लगा हुआ है। अस्पताल पहुंचे अधिकारी अभी तक विकास दुबे का एनकाउंटर के बारे में कुछ भी सुनने को तैयार नहीं है। माना जा रहा है कि वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने के बाद ही इस बाबत आधिकारिक एलान किया जाएगा।

ये भी पढ़ेंः विकास दुबे पर कांग्रेस ने पूछे ये 6 सवाल, सरकार से मांगा जवाब

सड़क मार्ग से लाया जा रहा था कानपुर

विकास दुबे को सड़क मार्ग से कानपुर लाए जाने के दौरान रास्ते में पुलिस का पुख्ता बंदोबस्त किया गया था। दो जुलाई की रात विक्रम गांव में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद विकास दुबे पर पचास हजार का इनाम घोषित किया गया था। बाद में इनामी राशि को बढ़ाकर पांच लाख रुपए कर दिया गया था। पुलिस और एसटीएफ की दर्जनों टीमें छह दिनों से विकास दुबे की खोज कर रही थीं मगर पुलिस विकास तक पहुंचने में कामयाब नहीं हो सकी। उसे फरीदाबाद में ट्रेस भी किया गया था मगर वह पुलिस टीम का गच्चा देकर भाग निकला था। वहां पर विकास दुबे के 3 साथी पकड़े गए थे जिसमें से एक प्रभात मिश्रा यह मुठभेड़ में मारा जा चुका है। फरीदाबाद में ट्रेस किए जाने के बाद विकास को बाद में काफी नाटकीय ढंग से उज्जैन के महाकाल मंदिर में पकड़ा गया था।

विकास ने बयां की थी पूरी कहानी

पकड़े जाने के बाद पुलिसिया पूछताछ में विकास दुबे ने बताया था कि वह दिल्ली से राजस्थान होते हुए मध्य प्रदेश पहुंचा था। उसने उज्जैन में किसी परिचित के घर रात बिताई थी। सुबह क्षिप्रा नदी में स्नान करने के बाद उज्जैन महाकाल मंदिर में दर्शन करने के लिए पहुंचा था। पकड़े जाने के बाद वह तेजी से चिल्ला रहा था मैं विकास दुबे, कानपुर वाला।

ये भी पढ़ेंः विकास दुबे की पत्नी, बेटा और नौकर गिरफ्तार, यहां लेकर गई STF

उज्जैन में की गई थी आठ घंटे पूछताछ

पकड़े जाने के बाद विकास से आठ घंटे तक पूछताछ की गई थी। पूछताछ के बाद उसे एसटीएफ की टीम को सौंपा गया था और एसटीएफ की टीम से लेकर कानपुर आ रही थी। इसी दौरान एसटीएफ के काफिले की एक गाड़ी पलट गई और विकास दुबे ने हथियार लेकर पुलिस पर हमले की कोशिश की। बाद में जवाबी कार्रवाई में विकास दुबे के मारे जाने की खबर है। इस घटना में कुछ पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की खबर है।

विकास की मां ने नहीं दी कोई प्रतिक्रिया

लखनऊ से मिली खबर के मुताबिक विकास दुबे के मारे जाने की खबर के बाद मीडिया में विकास की मार से संपर्क साधने की कोशिश की मगर घर से बताया गया कि टीवी चैनलों से विकास दुबे के मारे जाने की खबर मिली है मगर उन्होंने मीडिया से बातचीत करने से इंकार कर दिया। घर के लोगों का कहना था कि विकास दुबे जीजी मां अभी किसी से बातचीत करने की स्थिति में नहीं है।

देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Shivani

Shivani

Next Story