×

Afghanistan:अमेरिका भागने के लिए बूढ़ों से ब्याह दी गईं अफगान लड़कियां

अफगानिस्तान से अमेरिका की वापसी के आखिरी दिनों में देश छोड़ने के लिए अफगानी लोगों में मारामारी मची हुई थी। लोग किसी तरह विदेश..

Neel Mani Lal
Written By Neel Mani LalPublished By Deepak Raj
Published on: 4 Sep 2021 4:11 PM GMT
Symbolic picture taken from social media
X

सांकेतिक तस्वीर(सोर्स-सोशल मीडिया)

Kabul News: अफगानिस्तान से अमेरिका की वापसी के आखिरी दिनों में देश छोड़ने के लिए अफगानी लोगों में मारामारी मची हुई थी। लोग किसी तरह विदेश जाने के लिए बेताब थे और हर तरह के जतन कर रहे थे। एक लाख से ज्यादा लोग अमेरिका और अन्य देशों में पहुँचने में कामयाब भी रहे हैं। अब पता चला है कि अफगानिस्तान से निकल भागने के लिए बहुत सी लड़कियों की शादी जबरन उम्रदराज लोगों से करा दी गयी थी। अब अमेरिका सरकार इन मामलों की जांच करा रही है।


अफगानिस्तान की फाइल फोटो(सोर्स-सोशल मीडिया)


यूएई में मौजूद अमेरिकी अधिकारियों ने कहा है कि बहुत से अफगान परिवारों ने अपनी लड़कियों की शादी जबरन करा दी ताकि उनको विदेश जाने में आसानी हो। अधिकारियों ने वाशिंगटन को सतर्क किया है कि ऐसे जुगाड़ के जरिये अफगानिस्तान से निकली लड़कियां या तो कम उम्र की दुल्हनें हैं या फिर उनके साथ यौन उत्पीड़न किया गया है। ऐसी लड़कियों का आरोप है उनके परिवारवालों ने ही उनकी जबरन शादी सिर्फ इसलिए करा दी ताकि वे देश से निकलने में कामयाब हो सकें। इस काम के लिए फर्जी कागज भी तैयार कराये गए।


दरअसल, अफगानिस्तान से निकाल कर लाये गए लोगों को पहले यूएई व अन्य देशों में रखा गया जहाँ उनकी जांच पड़ताल हुई। इसके बाद ही इन लोगों को अमेरिका या यूरोप के देशों को भेजा गया। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, अबू धाबी में लाये गए एक ग्रुप में शामिल कुछ अफगानी लड़कियों ने आरोप लगाया है कि अफगानिस्तान से निकलने के लिए उनकी शादी जबरन ज्यादा उम्र के पुरुषों से करा दी गयी जिन्होंने बाद में उनका रेप किया।

अधिकारियों ने बताया है कि यूएई तथा अमेरिका पहुंचे अफगानी लोगों में से कई ऐसे थे जिन्होंने अपने साथ आई लड़कियों को अपनी बीवियां बताया। ऐसे लोग उम्रदराज थे जबकि जिनको वह अपनी बीवी बता रहे थे वो काफी कम उम्र की थीं। कुछ लोगों के साथ ऐसी कई-कई 'बीवियां' हैं। अफगानिस्तान से जो लोग अमेरिका लाये गए हैं उनको विस्कॉन्सिन स्थित फोर्ट मैकॉय सैन्य ठिकाने पर अस्थाई रूप से रखा गया है। एसोसिएटेड प्रेस ने एक अधिकारिक दस्तावेज के हवाले से बताया है कि फोर्ट मैकॉय में मौजूद स्टाफ ने रिपोर्ट दी है कि वहां बहुत से नाबालिग लड़कियां हैं जिनको उम्रदराज पुरुष अपनी बीवियां बताते हैं।

ऐसे बहुत से पुरुषों की एक से ज्यादा नाबालिग दुल्हनें होने का दावा किया गया है। चूँकि ये अपने तरह की अजीब स्थिति है सो अधिकारी विदेश विभाग से दिशा निर्देश मांग रहे हैं कि ऐसे मामलों से किस तरह निपटना है। फोर्ट मैकॉय में कारीग 8800 अफगानी लोग मौजूद हैं और अभी यहाँ 13 हजार और लोग लाये जाने हैं।

किस तरह हुई मानव तस्करी

अफगानिस्तान से किन लोगों को बहार ले जाना था इसकी एक सूची अमेरिका और अन्य नाटो देशों ने बनाई थी। जिन लोगों के नाम इस सूची में शामिल नहीं थे वे अपना नाम जुड़वाने के लिए काफी तरह की कोशिशें कर रहे थे। कई अफगानी परिवारों ने अपनी लड़कियों को अमेरिका व अन्य देशों में भेजने के लिए एक तरीका यह निकाला कि लिस्ट में शामिल पुरुषों से उनकी शादी करा दी जाए। जब शादी हो जायेगी तो बीवी के तौर पर लड़की विदेश पहुँच जायेगी।


बताया जाता है कि ऐसे परिवारों ने अपनी लड़की की शादी कराने के लिए पुरुषों को हजारों डालर दिए। ऐसा कितनी लड़कियों के साथ हुआ है इसकी निश्चित संख्या का कोई अता पता नहीं है। बताया जाता है कि कई मामलों में बिना शादी के लड़कियों को फर्जी बीवी बना कर कर भी विदेश लाया गया है।

अमेरिका में सख्त नीति

दरअसल अफगानिस्तान में बाल विवाह कोई असमान्य बात नहीं है लेकिन अमेरिका की इस मामले में बेहद सख्त नीति है। अमेरिका में मानव तस्करी के खिलाफ सख्त कानून हैं। जो देश मानव तस्करी पर रोक नहीं लगाते हैं, अमेरिका उनके खिलाफ भी प्रतिबन्ध लगाता है। अमेरिका के मानव तस्करी एक संघीय अपराध है। ऐसे में अफगानिस्तान से हुई मानव तस्करी अमेरिका के लिए बहुत गंभीर बात है। इस बारे में क्या नीति अपनी जायेगी यह देखने वाली बात है। अमेरिकी विदेश विभाग ने अफगानिस्तान से मानव तस्करी के आरोपों पर कोई अधिकारिक बयान नहीं दिया है लेकिन इतना जरूर कहा है कि सभी आरोपों को गंभीरता से लिया गया है, हालाँकि कई आरोप सुनी सुनाई बातों पर आधारित हैं जिन्हें साबित करना मुश्किल है।

Deepak Raj

Deepak Raj

Next Story