×

Atom Bomb: अमेरिका बनाएगा अब तक का सबसे ताकतवर परमाणु बम, 'लिटिल बॉय' से 24 गुना होगा खतरनाक, 100 किमी तक मचा देगा तबाही

Atom Bomb: अमेरिकी रक्षा विभाग ने बताया है कि वो एक नए परमाणु बम बी61-13 पर काम करने जा रहा है। ये अब तक का सबसे ताकतवर बम होगा। इस परमाणु बम को हिरोशिमा पर गिरे बम से भी 24 गुना ज्यादा खतरनाक बताया जा रहा है।

Ashish Kumar Pandey
Published on: 4 Nov 2023 4:57 PM GMT
Atom Bomb: अमेरिका बनाएगा अब तक का सबसे ताकतवर परमाणु बम, लिटिल बॉय से 24 गुना होगा खतरनाक, 100 किमी तक मचा देगा तबाही
X

Atom Bomb: दुनिया के देशों में परमाणु बन बनाने की होड़ अभी खत्म नहीं हुई है। यह होड़ अभी जारी है। एक ओर जहां रूस यूक्रेन पर लगातार अभी भी हमले कर रहा है तो वहीं इजरायल और हमास के बीच जंग तेज होती जा रही है। इसी बीच ऐसी खबरें आ रही हैं कि अब अमेरिका ऐसा परमाणु बम बनाने जा रहा है जो जापान में अमेरिका द्वारा गिराए गए परमाणु बम से 24 गुना खतरनाक होगा।

बी61-13 होगा इसका नाम-

अमेरिका अब तक का सबसे ताकतवर परमाणु बम बनाने की तैयारी कर रहा है। इसे जापान के हिरोशिमा पर गिराए गए परमाणु बम से भी 24 गुना ज्यादा ताकतवर बताया जा रहा है। इसका नाम बी61-13 है। ये बी61 फैमिली का 13वां वैरिएंट होगा। ये एक ग्रेविटी बम होगा। इसका मतलब यह हुआ कि इस तरह के बम को टारगेट पर सीधा गिरा दिया जाता है न कि किसी मिसाइल से लॉन्च किया जाता है। बी61-13 को बनाने का काम नेशनल न्यूक्लियर सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन (एनएनएसए) की देखरेख में होगा।

अमेरिका बनाएगा अब तक का सबसे ताकतवर परमाणु बम, 'लिटिल बॉय': Photo- Social Media

...तो इस कारण

अमेरिका ने ये ऐलान ऐसे समय किया है जब हाल ही में चीन ने 2030 तक अपने परमाणु हथियार दोगुने करने की बात कही है। और रूस भी परमाणु हथियारों के परीक्षण पर रोक लगाने वाली संधि से बाहर आ गया है। बी61-13 देखने में बी61-7 की तरह ही होगा। लेकिन इसमें सेफ्टी और कंट्रोल फीचर्स ज्यादा बेहतर होंगे। इसमें अपग्रेडेड टेल किट भी होगी, जो इसे टारगेट पर सीधा गिरने में मदद करेगा।

ये भी पढ़ें: Human Genes In Danger: ऐसा भी हो रहा! हथियार जो इंसानी जीन को बनाते हैं निशाना

'लिटिल बॉय' से कितना खतरनाक होगा बी61-13?

1945 में दूसरे विश्व युद्ध के दौरान जापान के हिरोशिमा पर अमेरिका ने जो परमाणु बम गिराया था, उसका नाम ‘लिटिल बॉय‘ था। हिरोशिमा पर जब ये बम गिरा था, तब वहां की आबादी 3.20 लाख थी। इस बम से 1945 के आखिर तक ही 1.40 लाख लोगों की मौत हो गई थी। लिटिल बॉय का वजन 9,700 पाउंड था, जबकि इसका डायमीटर 28 इंच था। इसमें 141 पाउंड यूरेनियम था। जबकि, बी61-13 में प्लूटोनियम होगा। इसका वजन 360 किलोटन होगा। इसका डायमीटर 13.3 इंच होगा।

Photo- Social Media

कितनी तबाही मचा सकता है बी61-13?

हिरोशिमा पर जो बम गिराया गया था, उससे 6650 डिग्री सेल्सियस की गर्मी निकली थी। अब सोचिए कि बी61-13 इससे 24 गुना ज्यादा ताकतवर है तो इससे कितनी गर्मी निकलेगी। बी61-13 को जब कहीं पर गिराया जाएगा तो उससे बहुत तेज कंपन होगा। करीब साढ़े छह किलोमीटर के दायरे तक इसकी आग फैलेगी और 100 किलोमीटर के दायरे में आने वाली जमीन पूरी तरह तबाह हो जाएगी। मानवाधिकार संगठन वेजिंग पीस का अनुमान है कि जब 300 किलोटन से ज्यादा वजनी परमाणु बम गिरेगा तो उसके बाद कम से कम 6 घंटे तक तो सिर्फ आग ही जलती रहेगी। इससे 100 किलोमीटर के दायरे का पर्यावरण तो खराब हो जाएगा। ऐसा भी अनुमान है कि जब बी61-13 गिरेगा तो कुछ ही घंटों में 10 लाख से ज्यादा मौतें हो जाएंगी। जबकि, 20 लाख से ज्यादा लोग बुरी तरह झुलस जाएंगे। बी61-13 की टेल किट को इस तरह से डिजाइन किया जाएगा, जो इसकी सटीकता को बढ़ाएगा।

जापान के हिरोशिमा पर अमेरिका ने परमाणु बम गिराया था: Photo- Social Media

पर इसे बनाया क्यों जा रहा है?

कोल्ड वॉर के समय जब अमेरिका और रूस में परमाणु हथियारों की होड़ मची थी, तब अमेरिकी भंडार में बी61-7 सबसे अहम बम था। इसे 1980 के दशक में बनाया गया था। अमेरिका के भंडार में अभी भी कुछ बी61-7 बम रखे हैं। इनकी शेल्फ लाइफ 12 साल होती है। ओबामा की सरकार में बी61-12 को मंजूरी मिली थी। ये अमेरिकी इतिहास में सबसे महंगा प्रोजेक्ट था। बी61-12 के मुकाबले बी61-13 ज्यादा ताकतवर और ज्यादा शक्तिशाली है। इसमें गाइडेड टेल किट है। बी 61-13 में एक खास बात ये भी है कि इसे हवा में भी विस्फोट किया जा सकता है। हालांकि, अभी तक बी61-13 को अमेरिकी संसद से मंजूरी नहीं मिली है। मंजूरी मिलने के बाद ही इसपर काम शुरू हो सकेगा।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story