अमेरिका के इस कदम से तालिबान की बढ़ेगी मुश्किलें, अफगान पर कब्जे के बाद भी नहीं मिलेगी फूटी कौड़ी

America on tliban: वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, बाइडेन प्रशासन ने अमेरिकी बैंकों में रखी अफगान सरकार की संपत्ति को फ्रीज कर दिया है।

Network
Newstrack NetworkPublished By Deepak Kumar
Published on: 18 Aug 2021 9:41 AM GMT (Updated on: 18 Aug 2021 9:44 AM GMT)
Biden administration freezes Afghan government assets kept in US banks
X

अमेरिका राष्ट्रपति जो बाइडेन (Social Media)

America on taliban: अफगानिस्तान में भले ही तालिबान का कब्जा हो चुका है, लेकिन किसी भी देश, संगठन या पार्टी को चलाने के लिए फंड की उतनी ही जरुरत होती है, जितनी जिंदगी जीने के लिए सांसों की जरुरत होती है। भले ही तालिबानी अफगानिस्तान में सरकार गठित करने की तैयारी में है, लेकिन उसे देश चलाने के लिए फंड को लेकर काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, तालिबानियों को आसानी से फंड ना मिल सके इसके लिए अमेरिका ने सख्त कदम उठाया है।


अमेरिका ने फ्रीज की अफगान सरकार की संपत्ति

जितनी तेजी से यह संगठन काबुल पर कब्जा करने में कामयाब रहा, इससे ऐसा नहीं लगता कि अफगान केंद्रीय बैंक की करीब 10 अरब डॉलर की संपत्ति आसानी से मिल पाएगी। वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, बाइडेन प्रशासन ने अमेरिकी बैंकों में रखी अफगान सरकार की संपत्ति को फ्रीज कर दिया है। इससे तालिबान अमेरिकी बैंकों से अफगानिस्तान के खजाने को हासिल नहीं कर पाएंगे। एक अफगान अधिकारी के अनुसार, देश के केंद्रीय बैंक द अफगानिस्तान बैंक (डीएबी) के पास विदेशी मुद्रा, सोना और अन्य खजाना है। हालांकि, यह कुल संपत्ति कितनी है, इसकी सटीक जानकारी स्पष्ट नहीं है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने इस मामले से अवगत एक अन्य स्रोत के हवाले से बताया कि अधिकांश संपत्ति अफगानिस्तान के बाहर रखी गई है, जहां तक पहुंच पाना तालिबान के लिए मुश्किल है।


रॉयटर्स इस संबंध में अफगान केंद्रीय बैंक के अधिकारियों संपर्क नहीं कर पाया। अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी और प्रमुख अधिकारियों के देश छोड़ने के बाद बैंक के गवर्नर अजमल अहमदी ने भी ट्विटर पर रविवार को बैंक प्रभार से मुक्त होने और देश से निकल जाने की जानकारी साझा की थी।

अमेरिका के पास हैं अफगान के अरबों डॉलर

बता दें अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के अनुसार, अप्रैल तक अफगानिस्तान के केंद्रीय बैंक के पास 9.4 अरब डॉलर की आरक्षित संपत्ति थी। यह देश के वार्षिक राजस्व का लगभग एक तिहाई है। संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा अफगानिस्तान में नहीं है। द वॉशिंगटन पोस्ट ने इस मामले से परिचित सूत्र के हवाले से बताया कि अफगान सरकार के अरबों डॉलर अमेरिका में रखे गए हैं।व्हाइट हाउस और ट्रेजरी विभाग के प्रवक्ताओं ने अफगान की संपत्ति को ब्लॉक करने की प्रक्रिया या आगे अफगानिस्तान को अमेरिकी आर्थिक सहायता जारी रहने के बारे में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। फेडरल रिजर्व बैंक ऑफ न्यूयॉर्क के एक प्रवक्ता ने भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। माना जा रहा है कि अफगानिस्तान सरकार की संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा इसी बैंक के पास है।


साल 2001 के बाद से तालिबान है प्रतिबंधित

द वॉशिंगटन पोस्ट के मुताबिक, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद और ओबामा प्रशासन के दौरान विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय के निदेशक के वरिष्ठ सलाहकार रहे एडम स्मिथ ने बताया कि अमेरिका के इस संपत्ति को फ्रीज करने का पहले से ही अधिकार मिला हुआ है। क्योंकि 11 सितंबर, 2001 के हमलों के बाद तालिबान पहले से ही प्रतिबंधित है।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story