×

Ram Mandir: अमेरिका से लेकर इंग्लैंड तक राम नाम की धूम, लंदन में मेगा रैली का आयोजन, ह्यूस्टन में लगा 300 फीट ऊंचा बिलबोर्ड

Ram Mandir: लंदन में जयश्री राम की गूंज सुनाई दे रही है तो अमेरिका के ह्यूस्टन में भी रामभक्त इस आयोजन को लेकर खुशी का इजहार कर रहे हैं।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 21 Jan 2024 4:39 AM GMT
Ayodhya ram mandir
X

Ram lalla pran pratishtha celebration America to England  (photo: social media )

Ram Mandir: अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह की धूम पूरी दुनिया में दिख रही है। अमेरिका से लेकर इंग्लैंड तक लोगों में इस आयोजन को लेकर जबर्दस्त उत्साह और हर्ष दिख रहा है। पूरी दुनिया में रहने वाले हिंदुओं में इस आयोजन को लेकर काफी खुशी है।

लंदन में जयश्री राम की गूंज सुनाई दे रही है तो अमेरिका के ह्यूस्टन में भी रामभक्त इस आयोजन को लेकर खुशी का इजहार कर रहे हैं। लंदन में प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर मेगा कार रैली का आयोजन किया गया तो अमेरिका के ह्यूस्टन में 300 फीट ऊंचा बिलबोर्ड लगाया गया है। वाशिंगटन में भी कार-बाइक रैली का आयोजन किया गया।

ह्यूस्टन में 300 फीट ऊंचा बिलबोर्ड

अयोध्या के आयोजन को लेकर पूरी दुनिया में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों में भारी उत्साह दिख रहा है। अमेरिका के ह्यूस्टन में भगवान श्रीराम के सार को बताने वाला एक भव्य बिलबोर्ड लगाया गया है जो कि हजारों मोटर चालकों का ध्यान आकर्षित कर रही है। यह बिलबोर्ड 300 फीट ऊंचा है जिस पर मंदिर के उद्घाटन की पूरी जानकारी दी गई है।

ग्रीन कुंभ यात्रा और सेव राम सेतु अभियान की संस्थापक,लिविंग प्लैनेट फाउंडेशन की डॉ. कुसुम व्यास की ओर से बिलबोर्ड प्रोजेक्ट को डिजाइन किया गया है।


गुजराती समाज कर रहा बड़ा उत्सव

गुजराती समाज ऑफ ह्यूस्टन की ओर से रविवार को एक बड़ा उत्सव भी आयोजित किया जा रहा है। इसमें ह्यूस्टन के सभी लोगों को आमंत्रण दिया गया है। डॉ. कुसुम व्यास ने बताया कि हमारा मुख्य उद्देश्य एक ऐसा बिलबोर्ड बनाना था जो श्रीराम और अयोध्या के लोकाचार से आकर्षक और दृष्टिगत रूप से जुड़ा हो क्योंकि दोनों अविभाज्य हैं।

उन्होंने कहा कि हमारा डिजाइन बिलबोर्ड को स्वागत योग्य बनाने और दिन के उजाले को अधिकतम करके श्रीराम और अयोध्या के वास्तविक सार और पवित्रता को उजागर करने पर केंद्रित है। उन्होंने बताया कि रविवार को आयोजित होने वाले उत्सव में काफी संख्या में लोग हिस्सा लेंगे।


कई मंदिरों में भी भव्य कार्यक्रम

अमेरिका के कई अन्य मंदिरों में भी प्राण प्रतिष्ठा समारोह के सिलसिले में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। इसमें हवन,भव्य परेड, हनुमान चालीसा पाठ, सांस्कृतिक कार्यक्रम और महा दीप आरती के साथ आतिशबाजी होगी। ग्रेटर ह्यूस्टन के हिंदू अयोध्या में भगवान राम के मंदिर के उद्घाटन के उपलक्ष्य में घी के दीए जलाएंगे।


वाशिंगटन में बाइक-कार रैली

वाशिंगटन में राम मंदिर की खुशी में बाइक-कार रैली का आयोजन किया गया। हिंदू समुदाय के लोग रैली के लिए फ्रेडरिक सिटी स्थित श्री भक्त आंजनेय मंदिर में इकट्ठा हुए थे। अमेरिका में विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष महेंद्र सापा ने बताया कि 500 सालों के हिंदुओं के संघर्ष के बाद भगवान श्रीराम के मंदिर का अयोध्या में उद्घाटन होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर हम अमेरिका में भी उत्सव मना रहे हैं।




लंदन में मेगा कार रैली का आयोजन

अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन पर खुशी जताने के लिए लंदन में मेगा रैली का आयोजन किया गया। इस कार रैली में काफी संख्या में हिंदुओं ने हिस्सा लिया। कार रैली में 325 से अधिक कार सवार शामिल हुए। यह कार रैली पश्चिम लंदन के कोलियर रोड पर द सिटी पैविलियन से शुरू हुई थी।

यात्रा पूर्वी लंदन से गुजरी थी। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने जयश्री राम के नारे लगाए और भगवान राम की स्तुति भजन भी बजाए। शाम को महाआरती का भी आयोजन किया गया जिसमें काफी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story