China: गायब हुए चीनी विदेश मंत्री, इस खूबसूरत महिला की वजह से मचा हुआ है बवाल

China:चीनी मीडिया के विपरीत वेस्टर्न मीडिया का कहना है कि विदेश मंत्री क्विन गेंग को उनके एक अफेयर के चलते साइडलाइन कर दिया गया है।

Krishna Chaudhary
Published on: 18 July 2023 4:30 AM GMT
China: गायब हुए चीनी विदेश मंत्री, इस खूबसूरत महिला की वजह से मचा हुआ है बवाल
X
chinese foreign minister qin gang and tv presenter fu xiaotian (Social Media)

China: चीन के विदेश मंत्री क्विन गेंग को लेकर इन दिनों अफवाहों का बाजार गर्म है। चीन जैसे ताकतवर देश का विदेश मंत्री जब पिछले करीब 25 दिनों से सार्वजनिक मंचों से गायब हो तो सवाल उठना लाजिमी है। गेंग की अनुपस्थिति की वजह चीनी मीडिया में उनके खराब सेहत को बताया जा रहा है। हालांकि, चीनी मीडिया रिपोर्ट्स की सच्चाई कितनी होती है, इससे पूरी दुनिया वाकिफ है।

चीनी मीडिया के विपरीत वेस्टर्न मीडिया का कहना है कि विदेश मंत्री क्विन गेंग को उनके एक अफेयर के चलते साइडलाइन कर दिया गया है। पश्चिम मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि गेंग का चीन की एक चर्चित टीवी एंकर के साथ अफेयर था, जिसे सत्तारूढ़ कम्युनिष्ट पार्टी ने पसंद नहीं किया और उन्हें पद से हटा दिया गया है। क्विन गेंग की जगह अब उनके पूर्ववर्ती वांग यी विदेश मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। पिछले दिनों अमेरिकी विदेश मंत्री से बातचीत भी उन्होंने ही की थी।

कब से गायब हैं चीनी विदेश मंत्री ?

चीनी विदेश मंत्री क्विन गेंग को आखिरी बार पब्लिक प्लेटफॉर्म पर बीते माह 25 जून को देखा गया था। जब वो श्रीलंकाई विदेश मंत्री और रूसी अधिकारियों से मिले थे। इसके बाद वे अचानक गायब हो गए। जब उनकी गैरमौजूदगी को लेकर सवाल खड़े होने लगे तो विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर बताया कि वे बीमार चल रहे हैं। 57 वर्षीय गेंग ताकतवर कम्युनिष्ट पार्टी के केंद्रीय समिति के सदस्य भी हैं। वे इससे पहले अमेरिका में चीन के राजदूत रह चुके हैं। उनके बारे में कहा जाता है कि वे दूसरे पक्षों के सामने चीन का पक्ष बेहद आक्रमक तरीके से रखते हैं। विदेश नीति को लेकर उनकी जानकारी से प्रभावित राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने उन्हें बीते साल दिसंबर 2022 में चीन का नया विदेश मंत्री नियुक्त किया था।

किस महिला से है अफेयर की चर्चा ?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आक्रमक कूटनीति के लिए जाने जाने वाले विदेश मंत्री क्विन गेंग का अफेयर 40 वर्षीय मशहूर टीवी प्रेजेंटर फू जियोतियान से है। कैंब्रिज से पढ़ी जियोतियान चीन की सबसे महंगी टीवी एंकर हैं। अक्सर वो चीनी कम्युनिष्ट पार्टी के बड़े अधिकारियों के इंटरव्यू करती रहती हैं। बताया जाता है कि दोनों के बीच रिश्ते भी परवान तब चढ़े जब जियोतियान ने मार्च 2022 में वाशिंगटन में क्विन गेंग का इंटरव्यू लिया था। क्विन गेंग उस दौरान अमेरिका में चीन के राजदूत हुआ करते थे।

चीनी सोशल मीडिया पर दोनों के अफेयर की अफवाह उड़ने के बाद कम्युनिष्ट पार्टी ने इसकी आतंरिक जांच कराई। बताया जा रहा है कि पार्टी को लगता है कि उसके एक शीर्ष नेता के अफेयर की चर्चा इस तरह सार्वजनिक रूप से होने से बदनामी हो रही है। जिसके बाद क्विन गेंग को साइडलाइन कर दिया गया।

चीन में गायब होते रहते हैं चर्चित लोग

चीन में चर्चित लोगों के अचानक गायब होने का पुराना पैटर्न रहा है। जब भी चीन का कोई चर्चित अथवा प्रभावशाली शख्स किन्हीं वजहों से वहां की सत्ता के आंखों में खटकने लगता है तो वो उसके साथ इसी तरह की घटना होती है। फिर अचानक काफी समय बाद पता चलता है कि उसे किसी मामले में सजा सुनाई गई है। अलीबाबा के फाउंडर और मशहूर उद्योगपति जैक मा इसके उदाहरण हैं। जो कुछ साल तक अचानक गायब रहे थे।

चीन के चर्चित इन्वेस्टमेंट बैंकर बाओ फैन भी इस साल फरवरी से लापता हैं। उनकी कंपनी चाइना रेसां ने कहा था कि वह उनसे संपर्क नहीं कर पा रही है। इंटरपोल के पूर्व चीनी प्रमुख मेंग होंगवेई भी साल 2018 में अपनी चीन यात्रा के दौरान अचानक लापता हो गए थे। फिर साल 2020 में खबर आई कि उन्हें 20 लाख डॉलर घूस लेने के मामले में साढ़े 13 साल की सजा सुनाई गई है।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story