×

Parag Agrawal: ट्वीटर छोड़ने के बाद क्या करेंगे पराग, अब तक इतनी बनाई है प्रॉपर्टी

Parag Agrawal Net Worth: अग्रवाल साल 2011 में इस कंपनी के साथ जुड़े थे। उन्होंने ट्वीटर के साथ एक दशक से भी अधिक समय बिताया।

Krishna Chaudhary
Published on: 28 Oct 2022 4:26 AM GMT (Updated on: 28 Oct 2022 5:46 AM GMT)
Twitter CEO Parag Agrawal
X

पराग अग्रवाल (photo: social media )

Parag Agrawal Net Worth: लंबी खींचतान के बाद गुरूवार को आखिरकार टेस्ला फाउंडर एलन मस्क और ट्वीटर के बीच डील पूरी हो गई। मस्क अब दुनिया के इस दिग्गज सोशल मीडिया कंपनी के नए बॉस बन गए हैं। दुनिया के सबसे रईस शख्स एलन मस्क ने कंपनी की बागडोर संभालने के साथ ही शीर्ष अधिकारियों को बर्खास्त करना शुरू कर दिया। उनके एक्शन का पहला शिकार बने ट्वीटर के सीईओ पराग अग्रवाल। ट्वीटर से निकलने के बाद पराग अग्रवाल का अगला कदम क्या होगा, इस पर सबकी नजर है।

अग्रवाल साल 2011 में इस कंपनी के साथ जुड़े थे। इस तरह देखा जाए तो उन्होंने ट्वीटर के साथ एक दशक से भी अधिक समय बिताया। एक सामान्य कर्मचारी के तौर पर जुड़े पराग अग्रवाल धीरे – धीरे ट्वीटर में कामयाबी की सीढ़ियां चढ़ते गए और सीईओ के पद तक पहुंचे। आईआईटी से पढ़े पराग अग्रवाल और एलन मस्क के बीच रिश्ते कभी सहज नहीं रहे। ऐसे कयास लग रहे थे अगर मस्क के हाथों में ट्वीटर की कमान जाती है तो पराग के लिए वहां टिकना मुमकिन नहीं होगा और हुआ भी वही।

ट्वीटर को देने होंगे इतने पैसे

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्वीटर के पूर्व सीईओ पराग अग्रवाल को उनकी पूर्व कंपनी से एक मोटी रकम मिलेगी। दरअसल, पराग अग्रवाल को डील होने के 12 महीने के अंदर ही कंपनी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया, इसलिए कंपनी को उन्हें 4.2 करोड़ डॉलर मुआवजे के तौर पर देने होंगे।

पराग अग्रवाल का नेटवर्थ

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पराग अग्रवाल के पास इस समय 1.6 बिलियन डॉलर की संपत्ति है। भारतीय मुद्रा में कहें तो 1218 करोड़ रूपये। पराग को ट्वीटर में बतौर सीईओ रहने के दौरान साढ़े सात करोड़ का वार्षिक पैकेज मिलता था। ट्वीटर के पूर्व सीईओ के पास दिल्ली में चार पेंटहाउस हैं। इसके अलावा अमेरिका के न्यूयॉर्क और टेक्सस में भी उनके नाम कई पेंटहाउस और अपार्टमेंट दर्ज हैं।

कार कलेक्शन

पराग अग्रवाल के पास लग्जरी गाड़ियों का एक कलेक्शन भी है। उनके पास रेंज रोवर, ट्राइथलिटे, साइकलिस्ट, कैडलिक एसक्लेड, मर्सिडिज बेंज – जेड500 और लैंड रोवर डिफेंडर है।

बता दें कि राजस्थान के अजमेर के रहने वाले पराग अग्रवाल का पूरा परिवार वर्तमान में अमेरिका में ही रहता है। उनकी पत्नी विनीता अग्रवाल भी अमेरिका में ही जॉब करती हैं। पराग के पिता परमाणु ऊर्जा विभाग में बड़े पदों पर काम कर चुके हैं, जबकि मां रिटायर स्कूल शिक्षिका हैं।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story