×

Mar-a-Lago: आलीशान है डोनाल्ड ट्रंप की 'मार-ए-लागो' हवेली, जिस पर FBI ने मारा रेड

Mar-a-Lago: फ्लोरिडा के पाम बीच पर विशाल क्षेत्र में फैला Mar-a-Lago परिसर बेहद आलीशान है। इसमें शी जिनपिंग, शिंजो आबे से लेकर कई राष्ट्राध्यक्षों ने ट्रम्प की मेहमान नवाजी का लुत्फ उठाया है।

Neel Mani Lal
Written By Neel Mani Lal
Published on: 9 Aug 2022 8:49 AM GMT
Mar-a-Lago: आलीशान है डोनाल्ड ट्रंप की मार-ए-लागो हवेली, जिस पर FBI ने मारा रेड
X
Click the Play button to listen to article

Mar-a-Lago: अमेरिका के पूर्व प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप (Former US President Donald Trump) और फ्लोरिडा स्थित उनकी आलीशान हवेली एफबीआई (FBI) की छापेमारी से सुर्खियों में है। फ्लोरिडा के पाम बीच पर विशाल क्षेत्र में फैला "मार-ए-लागो" (Mar-a-Lago) परिसर बेहद आलीशान है, जिसमें शी जिनपिंग (Xi Jinping) से लेकर शिंजो आबे (Shinzo Abe) तक ढेरों राष्ट्राध्यक्षों ने ट्रम्प की मेहमान नवाजी का लुत्फ उठाया था।

जब ट्रम्प प्रेसिडेंट थे, तब मार-ए-लागो (Donald Trump Mar-a-Lago) को 'विंटर व्हाइट हाउस' (winter white house) कहा जाता था। क्योंकि, डोनाल्ड ट्रम्प (Donald Trump) अपना काफी समय यहीं बिताते थे। दरअसल, मार-ए-लागो आठ हेक्टेयर जमीन पर स्थित एक निजी क्लब है जिसकी वार्षिक मेम्बरशिप फीस 200,000 डॉलर है। इस प्रॉपर्टी का केंद्रबिंदु 126 कमरों की एक हवेली है जो विशाल बरामदों और शानदार लॉन से घिरी हुई है। यह फ्लोरिडा राज्य की दूसरी सबसे बड़ी और अमेरिका की 22वीं सबसे बड़ी हवेली है।


1927 में हुआ था निर्माण

इस आलीशान प्रॉपर्टी को 1927 में एक व्यवसायी और सोशलाइट, मार्जोरी मेर्री वेदर पोस्ट के लिए बनाया गया था। 1973 में पोस्ट की मृत्यु से पहले उन्होंने ये प्रॉपर्टी अमेरिकी सरकार की राष्ट्रीय उद्यान सेवा को दे दी। पोस्ट को उम्मीद थी कि इसका उपयोग राष्ट्रपति के दौरे या 'शीतकालीन व्हाइट हाउस' के रूप में किया जा सकता है। हालांकि, अमेरिकी प्रेसिडेंट रिचर्ड निक्सन (President Richard Nixon) या जिमी कार्टर (Jimmy Carter) ने कभी इसका इस्तेमाल नहीं किया। इस प्रॉपर्टी के खर्चीले रखरखाव के कारण इसे 1981 में अमेरिकी कांग्रेस के एक अधिनियम द्वारा पोस्ट फाउंडेशन को वापस कर दिया गया।


1985 में डोनाल्ड ट्रम्प ने खरीदा

वर्ष 1985 में डोनाल्ड ट्रंप ने करीब एक करोड़ डॉलर में ये प्रॉपर्टी खरीद ली। संपत्ति खरीदने के बाद, ट्रम्प ने यहां 20,000 वर्ग फुट का बॉलरूम जोड़कर व्यापक नवीनीकरण कराया। उन्होंने इसे अपना निजी आवास बनाया था। 1990 के दशक की शुरुआत में, ट्रम्प को वित्तीय कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। अपने बैंकरों के साथ बातचीत करते हुए, उन्होंने मार-ए-लागो को छोटी संपत्तियों में विभाजित करने की योजना बनाई, लेकिन पाम बीच नगर परिषद ने उनकी योजना को अस्वीकार कर दिया। इसके बाद ट्रम्प ने 1994 में इसे एक निजी क्लब में बदल दिया। उन्होंने हवेली को 'मार-ए-लागो' लक्ज़री क्लब में बदलने से पहले, आठ साल तक इसे निजी निवास के रूप में इस्तेमाल किया। बाद में ट्रम्प ने इसके परिसर में अपने लिए एक अलग निजी हवेली बनवाई। उस समय उनकी पत्नी, इवाना ट्रम्प को संपत्ति चलाने का प्रभारी बनाया गया था।


ट्रंप दंपति का प्राथमिक आवास

सितंबर 2019 में, मार-ए-लागो डोनाल्ड और मेलानिया ट्रंप (Melania Trump) के लिए प्राथमिक निवास बन गया था। अपने राष्ट्रपति पद के दौरान, ट्रंप अपनी संपत्तियों पर समय बिताने के लिए प्रसिद्ध रहे थे। लेकिन सबसे ज्यादा समय उन्होंने मार-ए-लागो वाले घर में बिताया था। एक आंकड़ा है कि वह अपने राष्ट्रपति पद के 142 दिनों के दौरान 32 से अधिक बार वहां गए थे। ये उनका पसंदीदा आरामगाह रहा है।


एक अस्थायी 'सिचुएशन रूम' भी

इस घर में एक अस्थायी 'सिचुएशन रूम' भी बनाया गया था, जहां से डोनाल्ड ट्रम्प ने 2017 में बशर अल-असद की सेना द्वारा रासायनिक हथियारों को हटाने के लिए उपयोग किए जाने वाले सीरियाई हवाई क्षेत्र पर एक सैन्य हमले को मंजूरी दी थी। ट्रम्प ने वहां चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे के साथ बातचीत की और उनका मनोरंजन किया। यहां कुछ ऐसे भी मेहमान आये जिनका बदनुमा बैकग्राउंड था। ऐसे उल्लेखनीय पात्रों में एक हाई-प्रोफाइल वेश्यावृत्ति के स्टिंग में फंसे एक मसाज पार्लर के चीनी पूर्व मालिक और टैक्स धोखाधड़ी में फंसे एक रूसी निवेशक शामिल थे।







aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story