×

India America Trade: हट गया प्रतिबंध, अमेरिका से पोर्क आयेगा, भारत से जाएगा आम-अनार

India America Trade: अब अमेरिका से भारत में पोर्क और उससे बने उत्पादों के आने का रास्ता खुल गया है। ऐसा पहली बार होगा जब अमेरिका से पोर्क के उत्पाद भारत को निर्यात किए जाएंगे।

Neel Mani Lal
Written By Neel Mani LalPublished By Vidushi Mishra
Published on: 11 Jan 2022 5:57 AM GMT
India America Trade
X

भारत अमेरिका व्यापार (फोटोे-सोशल मीडिया)

India America Trade: भारत ने अब अमेरिका से कुछ कृषि उत्पादों के इम्पोर्ट पर लगी पाबंदी हटा ली है जिसके चलते अब अमेरिका से भारत में पोर्क और उससे बने उत्पादों के आने का रास्ता खुल गया है। ऐसा पहली बार होगा जब अमेरिका से पोर्क के उत्पाद भारत को निर्यात किए जाएंगे।

अमेरिकी कृषि मंत्री टॉम विलसैक और अमेरिकी वाणिज्य प्रतिनिधि कैथरीन टाई ने बताया है कि दो साल से अमेरिकी पोर्क के लिए भारतीय बाजार में जगह पाने की कोशिशें हो रही थीं। अब नई शुरुआत से पता चलता है कि भारत-अमेरिका वाणिज्य संबंध (India-US Commercial Relations) सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। हम भारत सरकार के साथ काम करते रहेंगे ताकि अच्छी गुणवत्ता वाले अमेरिकी उत्पाद जल्द से जल्द भारत पहुंचने शुरू हो जाएं। कैथरीन टाई पिछले साल नवंबर में भारत गई थीं और ट्रेड पॉलिसी फोरम में उन्होंने इस बारे में बात की थी।

अमेरिका पोर्क का तीसरा सबसे बड़ा उत्पादक, दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक

2020 में अमेरिका दुनिया में पोर्क का तीसरा सबसे बड़ा उत्पादक और दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक था। आंकड़ों के मुताबिक दुनियाभर में 7.7 अरब डॉलर कीमत के पोर्क की बिक्री होती है। पिछले साल अमेरिका ने भारत को 1.6 अरब डॉलर के कृषि उत्पादों का निर्यात किया था।


भारत-अमेरिकी ट्रेड पॉलिसी फोरम बीच में बंद हो गई थी लेकिन 2021 में इसे फिर से शुरू किया गया। इसका मकसद कृषि उत्पादों के आयात-निर्यात पर विशेष ध्यान देना था। भारत और अमेरिका में उस दौरान सहमति बनी थी कि अमेरिकी चेरी, अल्फाल्फा और सूखे अनाज और भारत के आम, अंगूर, झींगे और भैंस के मांस का आयात-निर्यात बढ़ाया जाएगा। अमेरिका ने अब भारतीय आम और अनार के आयात की सुविधा के लिए मानदंडों में ढील दी है।

विशेष दर्जे का इंतजार

पिछले साल सितंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन से मुलाकात की थी। तब दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए थे कि देशों के बीच व्यापारिक संबंधों का विस्तार किया जाएगा। भारत काफी समय से अमेरिका से प्राथमिकता वाले देश का दर्जा पाने की कोशिश कर रहा है। अमेरिका की जेनरलाइज्ड सिस्टम ऑफ प्रेफेंसेज योजना के तहत वह विकासशील देशों के कुछ उत्पादों को अपने बाजार में ड्यूटी फ्री निर्यात की इजाजत देता है। प्रेसिडेंट ट्रम्प के शासनकाल में 2020 में भारत का यह दर्जा खत्म हो गया था।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि आम और अनार का निर्यात जनवरी-फरवरी 2022 से शुरू होगा और अप्रैल 2022 से अनार का निर्यात होगा। अमेरिका से अल्फाल्फा घास और चेरी का निर्यात अप्रैल 2022 में शुरू होगा।

Vidushi Mishra

Vidushi Mishra

Next Story