×

Indonesia Stadium Stampede: मृतकों का आंकड़ा हुआ 174, 180 से अधिक लोग घायल, राष्ट्रपति ने जांच के दिए आदेश

इंडोनेशिया के पूर्वी जावा के कंजुरूहान स्टेडियम में भगदड़ मचने से मरने वालों का आंकड़ा 174 पर पहुंच चुका है और 180 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

Krishna Chaudhary
Published on: 2 Oct 2022 10:00 AM GMT
Indonesia Stadium Stampede
X

Indonesia Stadium Stampede। (Social Media)

Indonesia Stadium Stampede: फुटबॉल दुनिया में सबसे अधिक लोकप्रिय खेलों में शुमार है। इस खेल के दुनियाभर में अरबों प्रशंसक हैं। एशियाई देश इंडोनेशिया में भी फुटबॉल काफी लोकप्रिय है। लेकिन शनिवार रात जो कुछ भी एक फुटबॉल मैच (football match) के दौरान हुआ, उसने पूरी दुनिया को स्तब्ध कर दिया। देश के अंदर ही दो टीमों के बीच मैच के बाद ऐसी हिंसा भड़की जिसे खेल के इतिहास में इससे पहले शायद ही देखा गया होगा। इस हादसे में मरने वालों का आंकड़ा 174 पर पहुंच चुका है और 180 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

हारने वाली टीम के प्रशंसक मैदान में घुसकर किया हंगामा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कल यानी शनिवार 1 अक्टूबर की रात पूर्वी जावा के कंजुरूहान स्टेडियम में इंडोनेशियाई बीआरआई लीग-1 में अरेमा एफसी और पर्सेबाया सुरबाया के बीच मैच चल रहा था। पर्सेबाया की टीम मैच हार गई, जिस पर टीम के प्रशंसक भड़क गए। हारने वाली टीम के प्रशंसक मैदान में घुस गए और हंगामा करने लगे। उन्हें काबू में करने के लिए पुलिस मैदान में उतरी लेकिन इसके बाद स्थिति और बेकाबू हो गई। पुलिस द्वारा लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागने के बाद मैदान में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

पुलिस ने शुरूआत में 127 लोगों की मौत की दी थी जानकारी

फिर तो मौत का ऐसा तांडव हुआ, जिसने दुनिया को आश्चर्यचकित कर दिया। लाशें गिरती गईं। पुलिस ने शुरूआत में 127 लोगों की मौत की जानकारी दी थी। इसमें दो पुलिसवाले भी शामिल थे। 34 लोगों ने स्टेडियम में ही दम तोड़ दिया था जबकि बाकी लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ा। लेकिन ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, मृतकों के आंकड़े में जबरदस्त वृद्धि हुई अस्पताल में भती कुछ और लोगों ने दम तोड़ दिया है, जिसके बाद ये आंकड़ा 174 पर जा पहुंचा है।

राष्ट्रपति ने दिए जांच के आदेश

इस दर्दनाक घटना के बाद इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो टीवी पर आए और बयान दिया। उन्होंने पुलिस और फैंस के बीच झड़प की घटना के बाद फुटबॉल मैचों की सुरक्षा समीक्षा का आदेश दिया। विडोडो ने देश के खेल और युवा मंत्री, राष्ट्रीय पुलिस प्रमुख और इंडोनेशियाई फुटबॉल संघ के प्रमुख को "फुटबॉल मैचों और सुरक्षा प्रक्रियाओं का गहन मूल्यांकन करने" का आदेश दिया है। वहीं इंडोनेशिया का फुटबॉल संघ (PSSI) भी इस घटना की अलग से जांच कर रहा है।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story