×

Indonesia: रईसी दिखाने वाले सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ जनता ने छेड़ा अभियान

indonesia News: लोगों के गुस्से को देखते हुये इंडोनेशियाई सरकार ने अपने धन का दिखावा करने वाले सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया है।

Neel Mani Lal
Published on: 22 March 2023 11:01 AM GMT
Indonesia: रईसी दिखाने वाले सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ जनता ने छेड़ा अभियान
X
इंडोनेशिया (photo: social media )

Indonesia News: भ्रष्टाचार से त्रस्त इंडोनेशिया की जनता ने सरकारी कर्मचारियों की रईसी की पोल खोलने का अभियान छेड़ रखा है। लोगों के गुस्से को देखते हुये इंडोनेशियाई सरकार ने अपने धन का दिखावा करने वाले सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया है।

दरअसल, जकार्ता के एक वरिष्ठ कर अधिकारी के 20 वर्षीय बेटे, मारियो डेंडी सैट्रिओ पर एक लड़के को पीट पीट कर कोमा में धकेलने का आरोप लगने के बाद जनता का गुस्सा भड़क उठा। टैक्स अफसर के बेटे की गिरफ्तारी के बाद लग्जरी कारों में उसकी तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स और भी भड़क गए।

सोशल मीडिया पर फोटो

सोशल मीडिया पर लोगों ने एक सरकारी अफसर की बीवी के डिज़ाइनर हैंडबैग्स की फोटो डालीं। इसके जवाब में उस अधिकारी ने बाकायदा एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर कहा किया कि उसकी बीवी के हैंडबैग्स नकली हैं। एक कर्मचारी को उन तस्वीरों के कारण निलंबित कर दिया गया है जिसमें उसने अपनी पत्नी को सालगिरह उपहार के रूप में कई गोल्ड बिस्किट, एक नई कार और एक लक्जरी हैंडबैग देते हुए दिखाया गया था। ये तीनों अधिकारी एक राष्ट्रीय जन अभियान के नवीनतम लक्ष्यों में से हैं। इंडोनेशियाई मीडिया ने इन्हें "गंदे अमीर अधिकारी" करार दिया है।

सरकार भी हुई एक्टिव

इंडोनेशिया की सरकार भी एक्टिव हो गई है और अब लोक सेवकों पर कार्रवाई का आदेश दिया गया है। दरअसल इस देश में सरकारी कर्मचारियों - अधिकारियों द्वारा अपनी संपत्ति का खूब दिखावा किया जाता है। जबकि देश में भ्रष्टाचार व्याप्त है और न्यूनतम वेतन काफी कम है।

बाकायदा नाम लेकर कर रहे पर्दाफाश

कई हफ्तों से सोशल मीडिया यूजर्स एक के बाद एक, ऐसे ढेरों सरकारी कर्मचारियों का नाम लेकर उन्हें शर्मसार किया है, जिनके ऑनलाइन एकाउंट्स में उनकी भव्य जीवन शैली दिखाई देती है। ऐसी लाइफस्टाइल जो इन कर्मचारियों - अधिकारियों के साधनों से बहुत परे है।

इस घटना से भड़का गुस्सा

सोशल मीडिया पर अभियान पिछले महीने एक घटना के बाद शुरू हुआ था जब जकार्ता के एक वरिष्ठ टैक्स अफसर के 20 वर्षीय बेटे को एक लड़के को बुरी तरह पीटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बाद में बताया कि आरोपी, मारियो डैंडी सैट्रियो, घटनास्थल पर एक महंगी जीप चला कर आया था। इसके बाद ऑनलाइन तस्वीरें सामने आईं जिसमें उसे लग्जरी कारों और मोटरबाइकों पर दिखाया गया था। इस मामले ने सार्वजनिक आक्रोश और ऑनलाइन सवालों की झड़ी लगा दी कि उस लड़के के पिता, राफेल अलुन त्रिसाम्बोडो ने कैसे इतनी संपत्ति जमा कर ली।

अफसर को पद से हटाया गया

इंडोनेशिया की वित्त मंत्री श्रीमुलानी इंद्रावती ने बाद में घोषणा की कि उन्होंने उक्त टैक्स अफसर को पद से हटा दिया है और पूरी जांच का आदेश दिया है कि उसने लाखों डॉलर की संपत्ति छिपाई थी और करों का भुगतान नहीं किया था।

क्लब बन्द कराया गया

सोशल मीडिया यूजर्स ने इंडोनेशिया के कराधान महानिदेशक का ध्यान एक विशिष्ट क्लब की ओर खींचा। लोगों ने इस क्लब में लक्ज़री मोटरबाइकों की सवारी करने वाले सरकारी कर्मचारियों की तस्वीरों को उजागर किया था जिसके बाद तत्काल कार्रवाई की गई और क्लब को बंद करने का आदेश दिया गया।

सार्वजनिक अभियान का ये असर हुआ है कि रियाउ प्रांत के क्षेत्रीय सचिव, एसएफ हरियांतो ने बाकायदा एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई, जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी के लक्जरी हैंडबैग, डिजाइनर कपड़े और महंगे जूतों के बारे में सफाई दी।

Neel Mani Lal

Neel Mani Lal

Next Story