×

International Yoga Day 2023: 'एक खतरनाक और बंटी हुई दुनिया में...', योग दिवस को पर UN महासचिव ने दिया संदेश

International Yoga Day 2023: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने एक संदेश के जरिए योग को शांति और सद्भाव का स्रोत बताया। उन्होंने योग को अनमोल बताया।

Aman Kumar Singh
Published on: 20 Jun 2023 1:58 PM GMT (Updated on: 20 Jun 2023 2:13 PM GMT)
International Yoga Day 2023: एक खतरनाक और बंटी हुई दुनिया में..., योग दिवस को पर UN महासचिव ने दिया संदेश
X
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस (Social Media)

International Yoga Day 2023: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से एक दिन पहले मंगलवार (20 जून) को संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस (UN Secretary General Antonio Guterres) ने बड़ी बात कही। गुटेरेस ने योग को एकजुटता और दुनिया को और अधिक सामंजस्यपूर्ण बनाने का संदेश देने वाला बताया। यूएन महासचिव ने कहा कि, एक खतरनाक और बंटी हुई दुनिया में इस प्राचीन अभ्यास के लाभ विशेष रूप से 'अनमोल' हैं।'

UN चीफ ने दिया योग दिवस पर संदेश

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने योग दिवस को लेकर एक वीडियो संदेश जारी किया। अपने संदेश में गुटेरेस ने कहा, 'योग जोड़ता है। यह तन और मन को जोड़ता है। दुनियाभर में लाखों लोगों के लिए यह शक्ति, सद्भाव और शांति का स्रोत है। एक खतरनाक और बंटी हुई दुनिया में इस प्राचीन अभ्यास के लाभ विशेष रूप से अनमोल हैं।'

'योग से शांति के स्वर्ग जैसा अहसास होता है'

यूएन महासचिव ने आगे कहा, 'योग से शांति के स्वर्ग जैसा अहसास होता है। योग चिंता को कम कर सकता है। यह मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा दे सकता है। योग हमें अनुशासन और धैर्य विकसित करने में मदद करता है। यह हमें हमारे ग्रह से जोड़ता है, जिसे हमसे सुरक्षा की सख्त जरूरत है।'

'योग हमारी इंसानियत को प्रकट करता है'

एंटोनियो गुटेरेस (Antonio Guterres on Yoga) ने आगे कहा, 'योग हमारी इंसानियत को प्रकट करता है। योग हमें यह समझने में मदद करता है कि हमारे मतभेदों के बावजूद हम एक हैं।' उन्होंने कहा, योग के अंतरराष्ट्रीय दिवस पर, आइये हम एकता की भावना को अपनाएं और लोगों, ग्रह और खुद के लिए एक बेहतर तथा ज्यादा सामंजस्यपूर्ण दुनिया बनाने का संकल्प लें।'

PM मोदी संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में करेंगे योग

आपको बता दें, योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित होने वाले योग दिवस सत्र का नेतृत्व करेंगे। 21 जून की सुबह 8 से 9 बजे तक यह कार्यक्रम संयुक्त राष्ट्र (United Nations) के उत्तरी लॉन में आयोजित होगा।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story