×

Playboy Magazine: जानिए कौन है वह महिला जिसकी प्लेबॉय के कवर पेज पर फोटो लगने से मचा विवाद

Playboy Magazine: दुनिया की बड़ी से बड़ी महिला कलाकार मैगजीन के कवर पेज पर आने की ख्वाहिश रखती थीं। अब तक तो आप समझ ही गए होंगे कि हम दुनियाभर में एडल्ट मैगजीन के रूप में मशहूर ‘प्लेबॉय’ के बारे में बात कर रहे हैं। जिसकी 60-70 लाख प्रतियां महीने भरे में आसानी से बिक जाया करती थीं।

Krishna Chaudhary
Published on: 5 April 2023 4:06 PM GMT
Playboy Magazine: जानिए कौन है वह महिला जिसकी प्लेबॉय के कवर पेज पर फोटो लगने से मचा विवाद
X
French Minister Marlene Schiappa (Pic: Newstrack)

Playboy Magazine: इंटरनेट के पहले वाले जमाने में व्यस्कों के बीच एक मैगजीन काफी फेमस हुआ करती थी, जिसे खरीदने के पीछे पुरूषों की होड़ लगी रहती थी। दुनिया की बड़ी से बड़ी महिला कलाकार मैगजीन के कवर पेज पर आने की ख्वाहिश रखती थीं। अब तक तो आप समझ ही गए होंगे कि हम दुनियाभर में एडल्ट मैगजीन के रूप में मशहूर ‘प्लेबॉय’ के बारे में बात कर रहे हैं। जिसकी 60-70 लाख प्रतियां महीने भरे में आसानी से बिक जाया करती थीं।
‘प्लेबॉय’ मैगजीन को लेकर इन दिनों यूरोपीय देश फ्रांस में बवाल मचा हुआ है। अमूमन इस मैगजीन की कवर पेज पर मॉडल और अभिनेत्रियों की बोल्ड तस्वीरें होती हैं। लेकिन अबकी बार मैगजीन की कवर पेज पर एक महिला राजनेता की बोल्ड तस्वीर छपी है। वो कोई मामूली नेता नहीं हैं बल्कि फ्रांस की सरकार में मंत्री हैं। मंत्री का नाम है मार्लीन स्किआपा। 40 वर्षीय स्किआपा अपने देश की सामाजिक अर्थव्यवस्था और फ्रांसीसी संघों की मंत्री हैं।
मंत्री मार्लीन स्किआपा की तस्वीर ऐसे समय में प्लेबॉय मैगजीन के कवर पर छपी है, जब देश में जबरदस्त हिंसक विरोध प्रदर्शन हो रहा है। पेंशन रिफॉर्म बिल को लेकर फ्रांस के अलग-अलग शहरों में 200 से अधिक प्रदर्शन हो चुके है, जिसमें करीब 35 लाख लोगों ने हिस्सा लिया। यही वजह है कि इस फोटोशूट को लेकर फ्रांस में उनकी तीखी आलोचना हो रही है।

सहयोगी और विरोधी दोनों नाराज

मार्लीन स्किआपा ने प्लेबॉय मैगजीन के अप्रैल अंक के लिए तस्वीर खिंचवाई है। ये कवर फोटो मैगजीन के फ्रेंच भाषा एडिशन के लिए है। स्किआपा इसे लेकर विपक्ष के साथ-साथ अपने सहयोगियों के भी निशाने पर हैं। फ्रांस की प्रधानमंत्री एलिजाबेथ बोर्न ने देश में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों की ओर इशारा करते हुए कहा कि उनका ये फैसला वो भी ऐसे समय में सही नहीं है।
ग्रीन पार्टी की सांसद और महिला अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाली सैंदरीन रोसो ने भी फोटोशूट की टाइमिंग पर सवाल उठाया है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, महिला अपने जिस्म को कहीं दिखा सकती हैं, मुझे इसे लेकर कोई दिक्कत नहीं है मगर एक सामाजिक परिस्थिति है।

मार्लीन ने अपने आलोचकों को लताड़ा

40 वर्षीय मार्लीन स्किआपा ने प्लेबॉय मैगजीन के कवर पेज पर उनकी तस्वीर की हो रही आलोचना पर प्रतिक्रिया दी है। वह ट्विटर पर मैगजीन की कवर पेज शेयर करते हुए लिखती हैं, महिलाएं अपने शरीर के साथ जो करना चाहती हैं, कर सकती हैं...और हमें हर जगह, हर समय उनके अधिकार की रक्षा करनी है। उन्होंने फ्रांसीसी महिलाओं को आजाद बताया और उनकी आलोचना करने वालों को पिछड़ी सोच वाला करार दिया। स्किआपा ने मैगजीन को 12 पेज का एक साक्षात्कार भी दिया है, जिसमें गे और महिला अधिकारों पर बात की गई है।

विवादों से है पुराना संबंध

फ्रेंच मिनिस्टर मार्लीन स्किआपा पहली बार किसी विवाद का शिकार नहीं हुई हैं। उनका विवादों से संबंध तब से है, जब वो सियासत में आई भी नहीं थीं। पॉलिटिक्स में आने से पहले वह मीडिया में काफी सक्रिय रहीं। उन्हें फ्रांस के टीवी शोज का जाना-पहचाना चेहरा रही हैं। वो विशेषकर महिला अधिकारों को लेकर काफी लिखती-बोलती रही हैं।
साल 2010 में उन्होंने एक किताब लिखी थी, जिसमें ज्यादा वजन वाले लोगों को सेक्स टिप्स दिए गए थे। इस पर काफी हंगामा हुआ था। आलोचक ने उनकी राइटिंग पर सवाल उठाए थे। 2017 में तब वह विवादों में घिर गईं जब वह राजधानी पेरिस के ऐसे इलाके में चली गईं, जहां महिलाओं के आने पर मनाही है।
इन सब विवादों के बावजूद स्किआपा राजनीति में राइज कर रही हैं। वह साल 2017 से फ्रांस की सरकार में मंत्री पद पर हैं। उन्होंने पद पर रहते हुए कुछ अच्छे काम भी किए हैं। 2018 में जब वो इक्विलिटी मिनिस्टर थीं, तब उन्होंने महिलाओं के साथ सड़क पर होने वाले उत्पीड़न पर रोक लगाने के लिए एक विधेयक लेकर आई थीं। इस कानून के आने के बाद सड़कों पर महिलाओं को परेशान करने वाले पुरूषों पर फाइन लगाया जाता है।

मैगजीन की कवर का नामी अभिनेत्रियां रह चुकी हैं हिस्सा

बोल्ड तस्वीरों के लिए मशहूर प्लेबॉय मैगजीन की स्थापना ह्यू हेफ़नर ने साल 1953 में की थी। 2017 में 91 साल की उम्र में उनका निधन हो गया था। एक समय इस मैगजीन की एक महीने में 70 लाख प्रतियां तक बिकी थीं। यह मैगजीन एक जमाने में पुरूषों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ करती थीं। ऐसे में यह माना जाता था कि अभिनेत्रियां इस मैगजीन के कवर पर आकर मशहूर हो जाती हैं और उनका करियर फर्राटा भरने लगता है।
यही वजह है कि कई अभिनेत्रियों ने अपने डूबते करियर को बचाने के लिए इसका सहारा लिया है। प्लेबॉय मैगजीन में कई मशहूर हस्तियों की तस्वीर छप चुकी है, जिनमें मर्लिन मुनरो, चार्लीज़ थेरॉन, नाओमी कैंपबेल, डॉली पार्टन, काइली जेनर, केट मॉस, मैडोना, पेरिस हिल्टन, पामेला एंडरसन, किम कार्दशियन, लिंडसे लोहान आदि शामिल हैं। इंडियन एक्ट्रेस शर्लिन चोपड़ा भी मैगजीन की कवर पेज के लिए न्यूड फोटो शूट कराकर सनसनी मचा चुकी हैं।

नेहरू का छप चुका है इंटरव्यू

मैगजीन साल 1963 के अक्टूबर एडिशन में देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू का इंटरव्यू भी छापा था। उस दौरान भारत में यह एडल्ट मैगजीन बैन हुआ करता था। बता दें प्लेबॉय मैगजीन बदलते वक्त के साथ अब डिजिटल अवतार में अवतरित होने जा रहा है। ऐसी संभावना है कि साल के अंत तक इसका पहला एडिशन बाजार में आ जाएगा।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story