TRENDING TAGS :
India के खिलाफ नित्यानंद के प्रोपेगेंडा को लगा झटका, 'कैलासा' पर संयुक्त राष्ट्र का आया बयान
Nityanand Kailasha Country: भारत में रेप के आरोपों में घिरे और 'भगोड़े' नित्यानंद की प्रतिनिधि संयुक्त राष्ट्र की बैठक में शामिल हुईं। अब इस पर यूएन का बयान आया है।
Nityanand and vijay priya (Social Media)
Nityanand Kailasha Country: भारत में बलात्कार के आरोपों से घिरे और 'भगोड़े' नित्यानंद (Nityanand) की प्रतिनिधि हाल में संयुक्त राष्ट्र की बैठक (UN Meeting) में शामिल हुईं। यूएन की जिनेवा में हुई बैठक में नित्यानंद की प्रतिनिधि विजय प्रिया (vijay priya) की तस्वीरें तेजी से वायरल हुई। विजय प्रिय की संयुक्त राष्ट्र में उपस्थिति ने देश के भीतर नई बहस छेड़ दी। अब खुलासा हुआ है कि, नित्यानंद की प्रतिनिधि किस वजह से संयुक्त राष्ट्र पहुंची थीं। यूएन से इस मसले पर जवाब आया है।
दरअसल, नित्यानंद की प्रतिनिधि जिस प्रोपेगेंडा (Nityanand Propaganda) के साथ संयुक्त राष्ट्र के मंच पर पहुंची थी, उसे करारा झटका लगा है। एक खबरिया चैनल ने इसकी पुष्टि की है। 'आज तक' की जांच में इस बात की पुष्टि हुई है कि भारत के भगोड़े नित्यानंद ने संयुक्त राष्ट्र (UN) के मंच तक पहुंचने में NGO के एक नेटवर्क का इस्तेमाल किया था। अब यूएन ने कहा है कि नित्यानंद की प्रतिनिधि ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर जो बयान दिया है, उस पर बिल्कुल विचार नहीं किया जाएगा।
'कैलासा' सदस्यों को प्रचार सामग्री बांटने से रोका
जिनेवा (Geneva) में संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय यानी OHCHR के प्रवक्ता ने इस पूरे मुद्दे पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, संयुक्त राष्ट्र के मंच पर 'कैलासा' के सदस्यों को उनकी प्रचार सामग्री बांटने से रोक दिया गया था। OHCHR प्रवक्ता ने ये भी बताया कि, कैलासा के प्रतिनिधियों ने फरवरी में जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र की दो पब्लिक मीटिंग में हिस्सा लिया। जिसमें से एक एलिमिनेशन ऑफ डिस्क्रिमिनेशन अगेंस्ट वीमेन (CEDAW) की बैठक थी। ये बैठक बीते 22 फरवरी को हुई थी। वहीं, दूसरी बैठक 24 फरवरी को संपन्न हुई थी। ये बैठकें आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक अधिकारों को लेकर थी। जिसका आयोजन यूएन के सीईएससीआर ने किया था।
उन्होंने ये भी बताया कि 'कैलासा' की परमानेंट एंबेसडर होने का दावा करने वाली विजय प्रिया नित्यानंद ने मीटिंग में जो भी कहा, उस पर गौर नहीं किया जाएगा। ना ही संबंधित समिति के समक्ष भेजा जाएगा।
UN के मंच पर क्या कहा विजय प्रिया ने?
यूएन की बैठक में कथित 'कैलासा' की प्रतिनिधि विजय प्रिया नित्यानंद ने हिस्सा लिया था। उन्होंने यूएन की मीटिंग में भारत पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। विजय प्रिया ने नित्यानंद को हिंदू धर्म का 'सर्वोच्च गुरु' बताया। साथ ही, आरोप लगाया कि, उन्हें भारत की तरफ से सताया जा रहा है। विजय प्रिया ने यूएन के मंच पर ये भी कहा कि, नित्यानंद को अपने देश में उपदेश देने और वापस आने नहीं दिया जा रहा है। लेकिन, अब दुनिया के सामने नित्यानंद का ये प्रोपेगेंडा फेल हो गया है।