×

Norovirus: नोरो वायरस ने बढ़ाई चिंता, तेजी से संक्रमित हो रहे लोग, लेकिन कोई इलाज नहीं

Norovirus: कोरोना से पहले से ही परेशान चल रहे इंग्लैंड के लिए नोरो वायरस नई चुनौती बनता जा रहा है। अब तक नोरो वायरस के डेढ़ सौ से ज्यादा केस मिले हैं।

Neel Mani Lal
Written By Neel Mani LalPublished By Shreya
Published on: 22 July 2021 10:06 AM GMT
Norovirus: नोरो वायरस ने बढ़ाई चिंता, तेजी से संक्रमित हो रहे लोग, लेकिन कोई इलाज नहीं
X

Norovirus: कोरोना वायरस महामारी (Coronavirus Pandemic) के बीच यूनाइटेड किंगडम में एक नए वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। पब्लिक हेल्थ इंग्लैंड (Public Health England) के मुताबिक, अब तक नोरो वायरस के डेढ़ सौ से ज्यादा केस मिले हैं। कोरोना महामारी से पहले से ही परेशान चल रहे इंग्लैंड के लिए नोरो वायरस नई चुनौती बनता जा रहा है।

नोरो वायरस का प्रकोप पहले भी हो चुका है लेकिन इस बार बड़े पैमाने पर ये फैल रहा है। नोरो वायरस क्या होता है (Norovirus Kya Hota Hai), इस बारे में अमेरिका के सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) ने बताया है कि नोरो वायरस की वजह से लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होती है। चूंकि ये वायरस सर्दियों के मौसम में फैलता है इसलिए इसे 'विंटर वोमिटिंग बग' कहा जाता है। हैरत की बात है कि सर्दियों का मौसम शुरू होने से पहले इस वायरस का संक्रमण फैलने लगा है।

सीडीसी के अनुसार किसी संक्रमित व्यक्ति से सीधे संपर्क में आने वाला व्यक्ति भी नोरो वायरस से संक्रमित हो सकता है। दूषित खाने और पानी के अलावा दूषित सतह छूने से भी ये फैलता है। अगर आपने किसी ऐसी सतह को छुआ है, जो दूषित है और बिना हाथ ठीक से धोएं खाना खा लिया है तो आप नोरो वायरस के शिकार हो सकते हैं। आमतौर पर जिस तरह से वायरस फैलता है, नोरो वायरस के फैलने के भी वही तरीके हैं।

(सांकेतिक फोटो साभार- सोशल मीडिया)

नोरोवायरस के लक्षण (Norovirus Symptoms)

सीडीसी की वेबसाइट में बताया गया है कि दस्त, उल्टी, चक्कर आना बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द और पेट में दर्द नोरो वायरस लक्षण हैं। इससे आंतों और पेट में सूजन व जलन हो सकती है। वायरस के संपर्क में आने के बाद ज्यादातर लोगों में 12 से 48 घंटों के भीतर लक्षण दिखाई देने लगते हैं और ये 1 से 3 दिन तक रहता है। चूंकि नोरो वायरस के कई स्ट्रेन हैं सो इस वायरस से लोग कई बार संक्रमित हो सकते हैं। यानी एक तरह के नोरो वायरस के खिलाफ इम्युनिटी डेवलप हो सकती है लेकिन दूसरे पर भी ये काम करे, इसके प्रमाण नहीं है।

कैसे बचें

जिस तरह से कोरोना वायरस के संक्रमण को रोका जाता है, वही तरीका नोरो वायरस में भी इस्तेमाल किया जाता है। खाने, खाना बनाते वक्त, खाना देते वक्त, खुद दवा खाते वक्त या किसी को दवा देते वक्त आपको अपने हाथों को सही तरह से साफ करना होगा।

अभी तक नहीं है कोई इलाज

नोरो वायरस का अभी तक कोई इलाज नहीं मिला है। इसकी कोई दवा भी नहीं है। चूंकि इसके संक्रमण से शरीर का बहुत सा पानी निकल जाता है, ऐसे में इस वायरस से लड़ाई के लिए भरपूर लिक्विड लेना होता है।

- दर्द से राहत के लिए पैरासिटामोल लेना चाहिए।

- मरीज को भरपूर आराम करना चाहिए।

- लक्षण आते ही मरीज को क्वारंटाइन कर देना चाहिए।

- यदि मरीज कुछ खाने की स्थिति में है तो उसे एकदम सादा भोजन देना चाहिए।

- मरीज को ओआरएस का घोल पिलाना चाहिए।

- व्यस्क मरीजों को एन्टी डायरिया दवा दी जा सकती है।

- मरीज के कमरे के अलावा घर की साफ सफाई ब्लीच से करनी चाहिए।

- मरीज के कपड़े और चादरों आदि को 60 डिग्री सेल्सियस गर्म पानी में डिटर्जेंट से धोना चाहिए।

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Shreya

Shreya

Next Story