×

North Sea collision: उत्तरी सागर में दो जहाज के बीच हुई टक्कर, 23 की मौत, बचाव कार्य शुरू

North Sea collision: उत्तरी इंग्लैंड के तट के पास उत्तरी सागर में सोमवार को एक भीषण समुद्री हादसा हुआ। इस दुर्घटना में अब तक 23 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग अब भी लापता हैं। 13 शवों को 'विंडकैट 33' जहाज से बरामद किया गया, जबकि 10 अन्य शवों को पायलट नौका के जरिए लाया गया। हादसे के बाद कई चालक दल के सदस्य अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।

Newstrack          -         Network
Published on: 10 March 2025 9:21 PM IST (Updated on: 10 March 2025 9:21 PM IST)
Oil tanker and cargo ship collide in North Sea
X

Oil tanker and cargo ship collide in North Sea (Photo: Social Media)

North Sea collision: उत्तरी इंग्लैंड के तट के पास उत्तरी सागर में सोमवार को एक भीषण समुद्री हादसा हुआ, जिसमें एक तेल टैंकर और मालवाहक जहाज की जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में अब तक 23 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग अब भी लापता हैं। ब्रिटेन के ग्रिम्सबी ईस्ट बंदरगाह के प्रमुख ने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। हादसे के बाद दोनों जहाजों में आग लग गई, जिसके बाद व्यापक स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया गया है।

अब भी लापता हैं कई लोग

ग्रिम्सबी ईस्ट बंदरगाह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मार्टिन बॉयर्स ने बताया कि 13 शवों को 'विंडकैट 33' जहाज से बरामद किया गया, जबकि 10 अन्य शवों को पायलट नौका के जरिए लाया गया। हादसे के बाद कई चालक दल के सदस्य अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।

बचाव कार्य में झोंकी गई पूरी ताकत

ब्रिटेन की समुद्री एवं तटरक्षक एजेंसी ने हादसे के तुरंत बाद राहत कार्य के लिए कई जीवनरक्षक नौकाएं, एक तटरक्षक बचाव हेलीकॉप्टर, एक तटरक्षक विमान और फायरफाइटिंग क्षमता वाले निकटवर्ती जहाजों को घटनास्थल पर भेजा है। आरएनएलआई लाइफ बोट एजेंसी ने बताया कि दुर्घटना के समय जहाजों में सवार कई लोगों को अपनी जान बचाने के लिए समुद्र में कूदते हुए देखा गया। इस बीच दोनों जहाजों में आग लग गई थी। तीन जीवनरक्षक नौकाएं तटरक्षक बल के साथ मिलकर घटनास्थल पर खोज और बचाव अभियान चला रही हैं।

किन जहाजों के बीच हुई टक्कर?

जहाज ट्रैकिंग वेबसाइट 'वेसल फाइंडर' के अनुसार, इस हादसे में शामिल टैंकर अमेरिकी ध्वज वाला रसायन और तेल उत्पाद वाहक 'MV Stena Immaculate' था, जो घटना के समय लंगर डाले हुए था। वहीं, दूसरा मालवाहक जहाज 'Solong' स्कॉटलैंड के ग्रेंजमाउथ से नीदरलैंड के रॉटरडैम जा रहा था।

कब और कहां हुआ हादसा?

ब्रिटेन के तटरक्षक बल ने बताया कि ग्रीनविच मानक समय के अनुसार सुबह 9:48 बजे (भारतीय समयानुसार दोपहर 3:18 बजे) आपात संदेश मिला था। यह टक्कर लंदन से लगभग 250 किलोमीटर उत्तर में हल तट के पास हुई थी।

जांच के आदेश जारी

इस हादसे के बाद ब्रिटिश समुद्री अधिकारियों ने दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। फिलहाल, दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों की टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है। बचाव दल लापता लोगों को खोजने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

Shivam Srivastava

Shivam Srivastava

Next Story