PM Modi Russia Visit: दुनिया के सबसे बड़े खूनी से गले लगे सबसे बड़े लोकतंत्र के नेता, मोदी-पुतिन की मुलाकात पर जेलेंस्की ने जताई नाराजगी

PM Modi Russia Visit: प्रधानमंत्री मोदी और पुतिन की इस मुलाकात पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदमीर जेलेंस्की ने तीखी नाराजगी जताई है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 9 July 2024 9:45 AM GMT
PM Modi Russia Visit: दुनिया के सबसे बड़े खूनी से गले लगे सबसे बड़े लोकतंत्र के नेता, मोदी-पुतिन की मुलाकात पर जेलेंस्की ने जताई नाराजगी
X

PM Modi meets Vladimir Putin  (photo: social media ) 

PM Modi Russia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों रूस के दौरे पर हैं और इस दौरान उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ देश दुनिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की है। प्रधानमंत्री मोदी पांच साल बाद रूस के दौरे पर पहुंचे हैं और इस दौरान पुतिन ने पीएम मोदी का काफी गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। दोनों नेताओं के गले मिलने की तस्वीर मीडिया और सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।

प्रधानमंत्री मोदी और पुतिन की इस मुलाकात पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदमीर जेलेंस्की ने तीखी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के मुखिया का दुनिया के सबसे बड़े अपराधी से गले मिलना काफी दुखद है। रूस और यूक्रेन के बीच दो साल से युद्ध चल रहा है जिसमें काफी संख्या में लोग मारे जा चुके हैं। इसी युद्ध को लेकर पुतिन पर दुनिया भर के नेता निशाना साधते रहे हैं।

सबसे बड़े अपराधी से गले मिलना दुखद

पीएम मोदी और पुतिन एक-दूसरे को अपना खास दोस्त बताते रहे हैं और मोदी की रूस यात्रा के दौरान दोनों नेताओं की नजदीकी उजागर हुई है। पुतिन ने अपने आवास पर मुलाकात करने के लिए पहुंचे पीएम मोदी का गले लगा कर स्वागत किया। इसके बाद पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान भी उन्होंने उनकी यात्रा को लेकर काफी गर्मजोशी दिखाई।

पीएम मोदी की इस मुलाकात पर जेलेंस्की भड़क गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में इस मुलाकात को लेकर गुस्से का इजहार किया है। उन्होंने लिखा कि रूस लगातार यूक्रेन पर हमला करने में जुटा हुआ है। ऐसे समय में दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के नेता का रूस जाकर दुनिया के सबसे बड़े अपराधी से गले मिलना काफी दुखद है। उन्होंने कहा कि शांति के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए यह एक विनाशकारी घटना है।


मोदी की यात्रा के दौरान भी रूस का हमला जारी

यह भी सच्चाई है कि पीएम मोदी की यात्रा के दौरान भी रूस ने यूक्रेन पर हमला जारी रखा है। पीएम मोदी और पुतिन की मुलाकात के समय भी रूस ने यूक्रेन पर बड़ा हमला बोला जिसमें 40 लोगों की मौत हुई है। जानकारों के मुताबिक रूस की ओर से यूक्रेन में एक बच्चों के अस्पताल पर हमला किया गया है। इस हमले के दौरान कैंसर के मरीजों और बच्चों तक को नहीं छोड़ा गया।

इस हमले को लेकर भी लोगों में भारी नाराजगी दिख रही है। अमेरिका और ब्रिटेन समेत कई देशों ने यूक्रेन पर हमले को लेकर रूस के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है और ऐसे माहौल में पीएम मोदी की रूस यात्रा को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।


पीएम मोदी का रूस में जोरदार स्वागत

पीएम मोदी दो दिवसीय दौरे पर रूस पहुंचे हैं। रूस पहुंचने पर पीएम मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और पुतिन ने अपने आवास पर मोदी के लिए डिनर का आयोजन किया। जानकारों के मुताबिक पुतिन ने लोकसभा चुनाव के दौरान जीत हासिल करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी है जबकि मोदी ने रूस की यात्रा पर आमंत्रित करने के लिए पुतिन का आभार जताया।


दो साल से चल रही है रूस-यूक्रेन की जंग

रूस और यूक्रेन के बीच जंग की शुरुआत फरवरी 2022 में हुई थी। रूस ने अंतर्राष्ट्रीय दबावों को दरकिनार करते हुए यूक्रेन पर हमला बोल दिया था। रूस को उम्मीद थी कि यूक्रेन जल्द ही घुटने टेक देगा मगर अमेरिका और ब्रिटेन समेत पश्चिमी देशों की मदद के कारण यूक्रेन लगातार रूस से टक्कर लेने में जुटा हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी ने 2022 में एससीओ समिट के दौरान अपने बयान में कहा था कि यह युद्ध का युग नहीं है। उन्होंने आपसी संवाद के जरिए विवाद को सुलझाने पर जोर दिया था मगर अभी तक दोनों देशों के बीच विवाद नहीं सुलझा सका है।

दुनिया के कई देश इस हमले को लेकर रूस के साथ अपने कूटनीतिक संबंध खत्म कर चुके हैं। हालांकि भारत और रूस के बीच अभी भी दोस्ती बनी हुई है। भारत का कहना है कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए रूस के साथ बेहतर रिश्ते जरूरी हैं। भारत पश्चिमी देशों को भी यही समझता रहा है।



Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story