×

Russia Ukraine War: यूक्रेन युद्ध में वैगनर की कहानी खत्म, प्रिगोझिन मास्को लाये गए

Russia Ukraine War: रूसी राज्य ड्यूमा की रक्षा समिति के प्रमुख एंड्री कार्तपोलोव का हवाला देते हुए, तास समाचार एजेंसी ने बताया कि रूस के वैगनर समूह के प्रमुख प्रिगोझिन से कहा गया है कि जब तक उनके लड़ाके रूसी रक्षा मंत्रालय के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर नहीं करते, उन्हें कोई फंडिंग नहीं की जाएगी।

Neel Mani Lal
Published on: 30 Jun 2023 7:40 AM GMT
Russia Ukraine War: यूक्रेन युद्ध में वैगनर की कहानी खत्म, प्रिगोझिन मास्को लाये गए
X
Russia Ukraine War (photo: social media )

Russia Ukraine War: रूस के महाबली नेता पुतिन से टक्कर लेना वैगनर भाड़े की सेना को बहुत भारी पड़ा है। इस सेना को अब यूक्रेन युद्ध से हटा लिया गया है और इसके नेता येवगेनी प्रिगोझिन को बेलारूस से मास्को ले आया गया है।

बताया जाता है कि वैगनर नेता येवगेनी प्रिगोझिन को लेकर एक जेट बेलारूस से मास्को के लिए गया है। पिछले हफ्ते रूसी सत्ता के खिलाफ एक असफल विद्रोह के बाद येवगेनी प्रिगोझिन को बेलरूस निर्वासित किया गया था। रूसी राज्य ड्यूमा की रक्षा समिति के प्रमुख एंड्री कार्तपोलोव का हवाला देते हुए, तास समाचार एजेंसी ने बताया कि रूस के वैगनर समूह के प्रमुख प्रिगोझिन से कहा गया है कि जब तक उनके लड़ाके रूसी रक्षा मंत्रालय के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर नहीं करते, उन्हें कोई फंडिंग नहीं की जाएगी। कार्तपोलोव ने कहा कि प्रिगोझिन ने अनुबंधों पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया था जिसके बाद उन्हें बताया गया कि उनके भाड़े के सैनिक अब यूक्रेन में नहीं लड़ेंगे। उन्हें सूचित किया गया कि वैगनर कक कोई धन या भौतिक संसाधन आवंटित नहीं किया जाएगा।

विद्रोह के बाद से प्रिगोझिन को सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया है, लेकिन बीबीसी के अनुसार उनके निजी जेट ने 27 जून रात को रूस के लिए उड़ान भरी, जिसके कुछ घंटों बाद बेलारूसी राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको ने घोषणा की कि भाड़े का नेता मिन्स्क में उतरा है। बीबीसी ने फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा का हवाला देते हुए कहा कि प्रिगोझिन के जेट ने 29 जून को मॉस्को जाने से पहले उनके गृहनगर सेंट पीटर्सबर्ग के लिए उड़ान भरी।

क्या होगा हश्र

प्रिगोझिन के हश्र के बारे में जानकारों का कहना है कि वह अभी भी रूस के लिए उपयोगी हो सकता है, लेकिन गृहयुद्ध भड़काने के लिए पुतिन कभी भी उस पर भरोसा नहीं करेंगे या उसे माफ नहीं करेंगे। रूस के साथ विश्वासघात करने वाले लोगों से बदला लेने की गंभीर मिसालें मौजूद हैं। ब्रिटिश जांचकर्ताओं ने उदाहरण दिए हैं कि केजीबी के पूर्व अधिकारी, अलेक्जेंडर लिट्विनिएन्को और सर्गेई स्क्रिपल को किस तरह ब्रिटेन में मास्को द्वारा भेजे गए एजेंटों द्वारा जहर दिया गया था। ऐसे में प्रिगोझिन भी कब तक बच जाएं कुछ कहा नहीं जा सकता। जहां तक भाड़े के सैनिकों की बात है तो जो पुतिन के प्रति वफादार होंगे वही बच पाएंगे। बाकियों को या तो जेल भेज दिया जाएगा या देश ने निकाल दिया जाएगा।

Neel Mani Lal

Neel Mani Lal

Next Story