Russia-Ukraine War: रूस पर कसा शिकंजा, रईसों की संपत्तियां यूरोप में जब्त

Russia-Ukraine War: अमेरिका के राष्ट्रपति जो बिडेन ने रूस पर प्रतिबंधों का दायरा बढ़ाना शुरू कर दिया है। नए प्रतिबंधों में 19 रूसी दिग्गजों और धन कुबेरों और उनसे जुड़े कई अरबपतियों को टारगेट किया है।

Neel Mani Lal
Written By Neel Mani LalPublished By Shreya
Published on: 5 March 2022 4:35 AM GMT (Updated on: 5 March 2022 4:36 AM GMT)
President Vladimir Putin
X

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (फोटो साभार- सोशल मीडिया) 

Russia-Ukraine War: यूक्रेन पर आक्रमण के बाद पश्चिमी देशों की कंपनियों ने रूस से दूरी बना ली है। इस कड़ी में माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) ने अब रूस में अपने उत्पादों और सेवाओं की बिक्री बन्द करने की घोषणा कर दी है। ऐप्पल (Apple), नाइके (Nike) और डेल टेक्नोलॉजीज (Dell Technologies) सहित कई प्रमुख कंपनियों ने रूस के साथ संबंध तोड़ दिए हैं। ऐसा पश्चिमी देशों द्वारा रूस के खिलाफ प्रतिबंध के चलते किया जा रहा है।

एप्पल ने इसी हफ्ते कहा था कि उसने रूस में सभी उत्पादों की बिक्री रोक दी है। डेल ने भी इसी तरह का कदम उठाया था। फेसबुक के मालिक मेटा प्लेटफॉर्म्स इंक और अल्फाबेट इंक के गूगल और यूट्यूब ने भी रूसी मीडिया को अपने प्लेटफॉर्म पर विज्ञापनों से पैसा बनाने से रोकने के उपाय किए हैं।

राष्ट्रपति जो बिडेन ने बढ़ाया प्रतिबंधों का दायरा

इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति जो बिडेन (US President Joe Biden) ने रूस पर प्रतिबंधों का दायरा बढ़ाना शुरू कर दिया है। अमेरिका ने अपने नए प्रतिबंधों में रूस के एलिट क्लास पर शिकंजा कसते हुए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के खिलाफ प्रेस सचिव पेसकोव सहित 19 रूसी दिग्गजों और धन कुबेरों और उनसे जुड़े कई अरबपतियों को टारगेट किया है।

व्हाइट हाउस द्वारा बताया गया है कि रूस के जिन लोगों के खिलाफ अमेरिका ने प्रतिबंध लगाए हैं उनमें बोरिस रोटेनबर्ग (उनकी पत्नी करीना, और उनके बेटे रोमन और बोरिस), अर्कडी रोटेनबर्ग (उनके बेटे पावेल और इगोर और बेटी लिलिया), इगोर शुवालोव (उनकी पांच कंपनियां, उनकी पत्नी ओल्गा, उनका बेटा एवगेनी और उनकी कंपनी और जेट, और उनकी बेटी मारिया और उनकी कंपनी) साथ ही राष्ट्रपति पुतिन के प्रेस सचिव दिमित्री पेसकोव शामिल हैं।

उधर यूरोप में रूसी कुलीन वर्गों के स्वामित्व वाले कम से कम दो सुपर नौकाओं को यूरोपीय संघ में अधिकारियों द्वारा जब्त कर लिया गया है। एक अधिकारी के अनुसार, रूसी अरबपति और बिजनेस टाइकून अलीशर उस्मानोव के सुपरयाच दिलबर को जर्मन अधिकारियों द्वारा अपना लंगर उठाने से प्रतिबंधित कर दिया गया। उस्मानोव की मां के नाम पर बनी यह लक्जरी नौका 500 फीट से अधिक लंबी है और यह एक निजी पोत पर स्थापित अब तक के सबसे बड़े इनडोर स्विमिंग पूल से सुसज्जित है। अमेरिका केट्रेजरी विभाग का अनुमान है कि उस्मानोव की नौका का वर्तमान मूल्य लगभग 735 मिलियन डॉलर है।

फ्रांसीसी अधिकारियों ने जब्त की एक विशाल नौका

फ्रांसीसी अधिकारियों ने भी एक विशाल नौका को जब्त कर लिया है। उनका कहना है कि यह एक रूसी अरबपति इगोर सेचिन की नौका है। वे रूस की तेल कंपनी रोसनेफ्ट के सीईओ हैं। उन्होंने पहले पुतिन की सरकार में रूस के उप प्रधान मंत्री के रूप में कार्य किया हुआ है। फोर्ब्स ने बताया कि सेचिन को रूसी व्यापारिक हलकों में "डार्थ वाडर" के रूप में जाना जाता है। सेचिन को पहले यूक्रेन पर आक्रमण के बाद यूरोपीय संघ द्वारा प्रतिबंधों के साथ टारगेट किया गया था।

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Shreya

Shreya

Next Story