Russia Ukraine War: यूएई ने यूक्रेनी लोगों के लिए वीजा मुक्त एंट्री रद की

Russia Ukraine War: यूएई में यूक्रेनी दूतावास के फेसबुक पेज पर इस खबर की घोषणा की गई है।

Neel Mani Lal
Written By Neel Mani Lal
Published on: 2 March 2022 5:38 PM GMT
Volodymyr Zelenskyy
X

वोलोदिमीर जेलेंस्की (तस्वीर साभार : सोशल मीडिया)

Russia Ukraine War: रूस के आक्रमण को लेकर खाड़ी देशों ने काफी हद तक चुप्पी साध रखी है। वहीं, संयुक्त अरब अमीरात ने यूक्रेनी नागरिकों के लिए वीज़ा छूट को निलंबित कर दिया है। अभी तक यूक्रेन के नागरिकों को बिना वीज़ा के 30 दिनों तक देश में रहने की अनुमति थी।

यूएई में यूक्रेनी दूतावास के फेसबुक पेज पर इस खबर की घोषणा की गई है। यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के सिर्फ छह दिन में लाखों यूक्रेनियन देश से भाग गए हैं। लगभग 15,000 यूक्रेनियन संयुक्त अरब अमीरात में काम करते हैं और रहते हैं। सरकार के अनुसार, लगभग 250,000 यूक्रेनियन प्रतिवर्ष पर्यटकों के रूप में यूएई आते हैं। लगभग 40,000 रूसी नागरिक यूएई में रहते हैं। यूएई में प्रवेश करने पर रूसी नागरिकों को आगमन पर 90 दिनों का पर्यटक वीजा मिल सकता है।

यूएई ने यूक्रेन पर रूसी आक्रमण की निंदा करने से परहेज किया है। यूएई राष्ट्रपति खलीफा बिन जायद अल नाहयान के राजनयिक सलाहकार अनवर गर्गश ने ट्वीट किया है कि - यूएई का मानना है कि किसी का पक्ष लेने से केवल और अधिक हिंसा होगी।

रूस की सेना (फोटो:सोशल मीडिया)

यूक्रेन पर मास्को के आक्रमण की निंदा करने वाले संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव के मसौदे पर शुक्रवार को एक वोट के दौरान संयुक्त अरब अमीरात द्वारा मतदान से दूर रहने के बाद यह टिप्पणी आई है। रूस के वीटो के कारण ये प्रस्ताव पारित नहीं हुआ था।

पिछले हफ्ते रूस द्वारा यूक्रेन के खिलाफ बड़े पैमाने पर हमला करने से कुछ घंटे पहले, यूएई ने मास्को के साथ अपनी "दोस्ती की गहराई" पर जोर दिया था।अपने शाही परिवार के एक सदस्य के स्वामित्व वाले संयुक्त अरब अमीरात स्थित अखबार 'नेशनल' ने कथित तौर पर अपने स्टाफ कहा है कि अखबार में यूक्रेन पर रूस के हमले को "आक्रमण" के रूप में नहीं लिखा जाए।

खाड़ी के देशों ने चुप्पी साधी

रूस के आक्रमण को लेकर खाड़ी देशों ने काफी हद तक चुप्पी साध रखी है। सऊदी अरब ने आक्रमण पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। बहरीन और ओमान ने भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। कुवैत और कतर ने भी मास्को की आलोचना करने से पहले केवल हिंसा की निंदा की है। कतर के विदेश मंत्री ने संघर्ष के लिए एक राजनयिक समाधान का आह्वान किया है।

रूस और खाड़ी के देशों के बीच व्यापार 2016 में लगभग 3 अरब डॉलर से बढ़कर 2021 में 5 अरब डॉलर से अधिक हो गया। इसमें ज्यादातर व्यापार संयुक्त अरब अमीरात और सऊदी अरब के साथ हुआ।संयुक्त अरब अमीरात, विशेष रूप से दुबई, लंबे समय से रूसी निवेश के लिए एक बड़ा ठिकाना है। और ये रूसी अभिजात वर्ग के लिए मौज मस्ती का गंतव्य भी है। यूएई ने भी रूस में अरबों डॉलर का निवेश किया है।

Divyanshu Rao

Divyanshu Rao

Next Story