×

इंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के विकास पर 64 अरब डॉलर का निवेश करेगा सऊदी अरब

raghvendra
Published on: 9 March 2018 7:09 AM GMT
इंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के विकास पर 64 अरब डॉलर का निवेश करेगा सऊदी अरब
X

सऊदी अरब अभी तक इंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से काफी दूर रहा है मगर अब स्थितियां बदलने वाली हैं। सऊदी अरब में अब बदलाव की बयार बह रही है। वहां अब कुछ ऐसा होने जा रहा है जिसकी पहले कल्पना भी नहीं की जा सकती थी।

मनोरंजन को अभी तक सऊदी अरब में पश्चिमी सभ्यता माना जाता रहा है मगर सऊदी अरब अब अपनी रुढि़वादी छवि को तोडऩे में जुट गया है। सऊदी अरब ने ऐलान किया है कि वह अगले दशक में देश में इंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के विकास पर 64 अरब डॉलर का निवेश करेगा। इस ऐलान को सऊदी अरब के अब तक के रुख में क्रांतिकारी बदलाव माना जा रहा है।

रुढि़वादी छवि तोडऩे की कोशिश

अपनी रुढि़वादी छवि तोडऩे की सऊदी अरब की कोशिशों का सबूत यह है कि अब देश में कुछ ऐसा देखने को मिल रहा है जो पहले कभी नहीं होता था। अब तक सऊदी अरब में मनोरंजन को पश्चिमी संस्कृति माना जाता रहा है मगर अब सऊदी अरब ने मनोरंजन क्षेत्र में भारी निवेश का ऐलान किया है। पहले यह कल्पना बेमानी थी।

सऊदी अरब में दो साल पहले क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने देश के आॢथक और सामाजिक सुधार कार्यक्रमों का खाका रखते हुए विजन 2030 दस्तावेज जारी किया था। उसके बाद से देश में तमाम बदलाव दिख रहे हैं। यह निवेश सऊदी अरब के आॢथक और सामाजिक सुधार कार्यक्रम का हिस्सा है।

सऊदी अरब की जनरल एंटरटेनमेंट अथॉरिटी के चीफ अहमद बिन अल खातिब ने बताया कि सिर्फ इस साल देश में पांच हजार इवेंट्स आयोजित किए जाएंगे। रियाद में देश के पहले ओपेरा हाउस के निर्माण का काम शुरू हो गया है।

कम होगी तेल पर निर्भरता

मनोरंजन के क्षेत्र में भारी भरकम निवेश के पीछे यह कारण बताया जा रहा है कि देश में बदलाव के साथ ही 32 वर्षीय प्रिंस चाहते हैं कि सऊदी अरब की तेल पर निर्भरता कम हो। इसके तहत लोगों को सांस्कृतिक गतिविधियों और मनोरंजन पर खर्च बढ़ाने के लिए प्रेरित करना भी है। सरकार दिसंबर में ही सिनेमा पर लगी रोक हटा चुकी है। खातिब को उम्मीद है कि साल 2018 के आखिर तक एंटरटेनमेंट सेक्टर में 220,000 लोगों को रोजगार मिलेगा। पिछले साल तक इस सेक्टर में 17,000 लोग नियोजित थे।

रियाद के पास एंटरटेनमेंट सिटी

खातिब का कहना है कि अब मनोरंजन से जुड़ा हर काम यहां होगा। पहले निवेशकों को सऊदी अरब से बाहर जाकर अपना काम करना पड़ता था और फिर वे वापस आकर अपना काम दिखाते थे मगर अब स्थितियां बदल रही हैं। साल 2020 तक यहां भारी बदलाव देखने को मिलेगा। रियाद के पास लास वेगास की तर्ज पर एक बड़ी एंटरटेनमेंट सिटी की योजना पर पहले से काम किया जा रहा है।

सऊदी अरब में पिछले कुछ समय से मनोरंजन देखने को मिल रहा है। कई जगह म्यूजिक इवेंट्स करवाए गए हैं और अभी कई इवेंट्स होने बाकी हैं क्योंकि जनरल एंटरटेनमेंट अथॉरिटी के अनुसार मनोरंजन क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में मदद करेगा। इस साल मार्च तक सऊदी अरब में पहला सिनेमाघर बन जाएगा। खातिब के मुताबिक निवेश का पैसा सरकार और निजी क्षेत्र दोनों से आएगा। पांच सौ कंपनियों ने देश में मनोरंजन के इवेंट्स करवाने के लिए पहले ही रजिस्ट्रेशन करा लिया है।

raghvendra

raghvendra

राघवेंद्र प्रसाद मिश्र जो पत्रकारिता में डिप्लोमा करने के बाद एक छोटे से संस्थान से अपने कॅरियर की शुरुआत की और बाद में रायपुर से प्रकाशित दैनिक हरिभूमि व भाष्कर जैसे अखबारों में काम करने का मौका मिला। राघवेंद्र को रिपोर्टिंग व एडिटिंग का 10 साल का अनुभव है। इस दौरान इनकी कई स्टोरी व लेख छोटे बड़े अखबार व पोर्टलों में छपी, जिसकी काफी चर्चा भी हुई।

Next Story