×

Ukraine Crisis: अमेरिका ने पुतिन के खास लोगों के परिवारों पर कसा शिकंजा, लगाए प्रतिबंध

Ukraine Crisis:उक्रेन के खिलाफ रूसी कार्रवाई को रोकने के मंसूबे से अमेरिका ने कई तरह के प्रतिबन्ध लगाए हैं।

Neel Mani Lal
Written By Neel Mani LalPublished By Vidushi Mishra
Published on: 23 Feb 2022 3:56 PM GMT
Russia Ukraine conflict
X

रूस-यूक्रेन के मध्य बढ़ रहा तनाव  (Social Media)

Ukraine Crisis: उक्रेन के खिलाफ रूसी कार्रवाई को रोकने के मंसूबे से अमेरिका ने कई तरह के प्रतिबन्ध लगाए हैं। इनमें सबसे दिलचस्प प्रतिबन्ध रूसी प्रेसिडेंट व्लादिमीर पुतिन के बेहद करीबी लोगों के परिवारवालों के खिलाफ लगाये गए हैं। इस तरह की कार्रवाई पहले कभी नहीं की गयी थी।

रूसी राष्ट्रपति के करीबी दो शक्तिशाली लोगों के बेटों को प्रतिबंधित सूची में डाल कर जो बिडेन प्रशासन ने एक स्पष्ट संकेत भेजा है। अमेरिकी प्रतिबंधों की सूची में सार्वजनिक अधिकारियों और फाइनेंसरों के अलावा पुतिन के शीर्ष सहयोगियों को अपनी दौलत अपने परिवार के सदस्यों को ट्रान्सफर करने से रोक दिया गया है।

निजी प्रतिबन्ध

अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने जिन निजी लोगों पर प्रतिबन्ध लगाए हैं उनमें डेनिस बोर्तनिकोव और व्लादिमीर किरियेंको शामिल हैं। ये दोनों शख्स रूसी व्यापार जगत में प्रमुख पदों पर हैं। अब इन दोनों की कोई भी अमेरिकी संपत्ति जब्त कर ली जाएगी और वे किसी भी अमेरिकी व्यक्ति के साथ किसी भी तरह का लेनदेन नहीं कर सकेंगे। डेनिस बोर्तनिकोव के पिता रूस की घरेलू खुफिया एजेंसी के प्रमुख हैं जबकि व्लादिमीर किरियेंको के पिता पुतिन के सबसे करीबी सलाहकारों में से एक हैं।

पुतिन के दो सबसे करीबी अधिकारियों के बेटों पर प्रतिबंध लगाने का एकमात्र मकसद रूसी अर्थव्यवस्था में एक बेहद निजी तत्व को अस्थिर करना है। पुतिन का करीबी सर्किल और उनसे सम्बंधित परिवार के सदस्य देश के अंदर धन और शक्ति के एक असाधारण समेकन का प्रतिनिधित्व करते हैं।

डेनिस बोर्तनिकोव रूस की घरेलू ख़ुफ़िया सेवा फ़ेडरल सिक्यूरिटी सर्विस के शक्तिशाली प्रमुख अलेक्सांद्र बोर्तनिकोव के पुत्र हैं। अलेक्सांद्र के खिलाफ पिछले साल मार्च में प्रतिबंध लगाये गए थे और अब फिर से उनपर प्रतिबंध ठोंक दिए गए हैं।

व्लादिमीर किरियेंको पूर्व प्रधान मंत्री और राष्ट्रपति कार्यालय के वर्तमान प्रथम उप प्रमुख सर्गेई किरियेंको के पुत्र हैं, जिन्हें अमेरिकी अधिकारी "पुतिन की घरेलू नीति क्यूरेटर" के रूप में देखते हैं। 2021 में सर्गेई किरियेंको पर भी प्रतिबन्ध लगाये जा चुके हैं और अब फिर से उनपर प्रतिबंधों के दायरे में लाया गया है।

सबसे बड़ा यूरोपीय सोशल नेटवर्क

बोर्तनिकोव, रूस के सबसे बड़े वित्तीय संस्थानों में से एक, वीटीबी बैंक के उपाध्यक्ष हैं जबकि किरियेंको, रूसी सोशल मीडिया कंपनी 'वीके' के सीईओ हैं। वीके खुद को "सबसे बड़ा यूरोपीय सोशल नेटवर्क" कहता है।

अमेरिकी प्रतिबंधों के दायरे में पेट्र फ्रैडकोव नामक व्यक्ति भी है। वह प्रोम्सवाज़बैंक का सीईओ है। यह एक सैन्य बैंक है जिसपर भी प्रतिबन्ध लगाये गए हैं। फ्रैडकोव रूस के पूर्व प्रधानमंत्री और रूसी विदेश खुफिया सेवा या एसवीआर के पूर्व प्रमुख मिखाइल फ्रैडकोव के पुत्र हैं। मिखाइल फ्रैडकोव पर 2018 में अमेरिका ने प्रतिबन्ध लगाया था।

बिडेन प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सीएनएन को बताया कि यह अभूतपूर्व कदम है क्योंकि अमेरिका पुतिन के करीबी सर्किल को अपनी दौलत छिपाने और रूसी लोगों के संसाधनों को बर्बाद करने के लिए अपने बच्चों का इस्तेमाल करने से रोकने के लिए प्रतिबंधों का दायरा बढ़ा रहा है और ये एक नया तरीका है।

प्रतिबंधों पर व्हाइट हाउस के प्रयास का नेतृत्व कर रहे उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार दलीप सिंह ने कहा है कि रूसी के अभिजात्य वर्ग के और लोग भी रडार पर हैं तथा उनके परिवार के सदस्यों पर भी अतिरिक्त कार्रवाई की जा सकती है।

Vidushi Mishra

Vidushi Mishra

Next Story