×

Weather Today: पूर्वी यूपी में झमाझम बारिश के आसार, गुजरात और ओडिशा में भी बिगड़ेगा मौसम का मिजाज

Weather Update Today: मानसून की सक्रियता के कारण देश के कई राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है।। मौसम विभाग का कहना है कि मध्य प्रदेश, गुजरात, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश आदि राज्यों में आज तेज बारिश होने की संभावना है।

Anshuman Tiwari
Published on: 12 Aug 2022 2:37 AM GMT
Weather Update
X

Weather Update Today (image social media)

Weather Update Today 12 August 2022: मानसून की सक्रियता के कारण देश के कई राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है।। मौसम विभाग का कहना है कि मध्य प्रदेश, गुजरात, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश आदि राज्यों में आज तेज बारिश होने की संभावना है। ओडिशा में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड में भी मानसून मेहरबान दिखेगा। झारखंड में अभी अगले दो-तीन दिन व्यापक वर्षा होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि ट्रफ लाइन उत्तर प्रदेश से होकर मध्य प्रदेश की ओर जा रही है। इससे हवा में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इस कारण प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश होने की आशंका है।

कई राज्यों में बारिश की संभावना

पिछले 24 घंटे के दौरान ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, मध्य प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड आदि राज्यों में जमकर बारिश हुई है। आज भी देश के कई राज्यों में व्यापक वर्षा होने की संभावना है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक सौराष्ट्र, कच्छ, मध्य प्रदेश, दक्षिण पूर्व राजस्थान और कोंकण व गोवा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है।हिमाचल, छत्तीसगढ़, जम्मू कश्मीर और ओडिशा में भी मौसम खराब रहेगा और कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, तटीय कर्नाटक, पश्चिम राजस्थान और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मध्य महाराष्ट्र, केरल, उत्तराखंड, लद्दाख, शेष उत्तर पूर्व भारत, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, लक्षद्वीप और तटीय आंध्र प्रदेश में भी हल्की बारिश हो सकती है।

मध्यप्रदेश में दिखेगा बारिश का असर

इस बार मानसून मध्यप्रदेश पर काफी मेहरबान दिख रहा है। मध्य प्रदेश में पिछले दो दिनों के दौरान व्यापक बारिश हुई है और इस कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग की ओर से आज भी प्रदेश में कुछ इलाकों में मध्यम तो कुछ इलाकों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आज प्रदेश के कई इलाकों में व्यापक वर्षा के कारण लोगों को मुसीबत का सामना करना पड़ सकता है।

ओडिशा में भी बारिश का अलर्ट जारी

ओडिशा में इन दिनों जमकर बारिश हो रही है और मौसम विभाग के मुताबिक बारिश का यह दौर आगे भी जारी रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि आज कटक, पुरी, संबलपुर, केंद्रपाड़ा, खुर्दा, बारगढ़ जगतसिंहपुर आदि जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि शनिवार और रविवार को भी राज्य के कई इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की आशंका है।

इसके लिए मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने ओडिशा के अलावा छत्तीसगढ़,विदर्भ, गुजरात, कोंकण व गोवा मदर महाराष्ट्र और तेलंगाना में अगले दो-तीन दिनों तक मूसलाधार बारिश होने की आशंका जताई है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बरसेंगे बादल

देश के कई राज्यों में तो मानसून मेहरबान रहा है मगर उत्तर प्रदेश में अभी तक अच्छी बारिश न होने का कारण लोग बेहाल है। वैसे अब मानसून उत्तर प्रदेश पर मेहरबान होता दिख रहा है। गुरुवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश और कई अन्य इलाकों में बारिश हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में आज भी बारिश होने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलावा कई अन्य जिलों में भी तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना है।

ऐसे में प्रदेश में बारिश के लिए दुआएं मांग रहे लोगों की मुराद पूरी हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि ट्रफ लाइन उत्तर प्रदेश से होकर मध्य प्रदेश की ओर जा रही है। इससे हवा में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इस कारण प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में 14 अगस्त तक व्यापक वर्षा हो सकती है जबकि 14 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जोरदार बारिश होने की संभावना जताई गई है।

झारखंड में जारी रहेगी बारिश

मानसून की सक्रियता के कारण झारखंड के कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश का यह दौर कई दिनों तक जारी रह सकता है।। आगामी 16 अगस्त तक राज्य के कई इलाकों में व्यापक बारिश होने की चेतावनी दी गई है।

13 अगस्त को राज्य के मध्य और दक्षिणी इलाकों और 14 अगस्त को राज्य के दक्षिणी, पश्चिमी और मध्य इलाकों में कई स्थानों पर भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के ऊपर विक्षोभ बनने के कारण राज्य के कई जिलों में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।

Prashant Dixit

Prashant Dixit

Next Story