Assam Flood: असम में भीषण बाढ़ का कहर जारी, बढ़ रहा मृतकों का आंकड़ा, 47 लाख से अधिक लोग प्रभावित

Assam Flood: असम एक बार फिर बाढ़ से बेहाल हो गया है। राज्य की सभी प्रमुख नदियां उफान पर है, जिससे स्थिति विकट बनी हुई है। बीते 24 घंटे में 10 और लोगों की मौत हो गई है।

Update: 2022-06-21 13:17 GMT

असम में भीषण बाढ़ का कहर जारी: Photo - Social Media

Assam Flood: असम एक बार फिर बाढ़ से बेहाल हो गया है। राज्य की सभी प्रमुख नदियां उफान पर है, जिससे स्थिति विकट बनी हुई है। बाढ़ और लैंडस्लाइड से बीते 24 घंटे में 10 और लोगों की मौत हो गई है। जिसके बाद मृतकों का आंकड़ा 80 पर पहुंच गया है। असम स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (Assam State Disaster Management Authority) के अनुसार, 30 से अधिक जिलों में 47 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।

राज्य के 36 में से 32 जिले बीते सप्ताह आई विनाशकारी बाढ़ की चपेट में हैं। आपदा प्राधिकरण के मुताबिक, बीते 24 घंटे में डर्रांग में तीन, नगांव में दो, कच्छार, डिब्रूगढ़, हैलकांडी , होजाई, कामरूप और लखीमपुर में एक एक व्यक्ति की मौत हुई है। इसके अलावा उदालगुरी एवं कामरूप में दो-दो तथा कच्छार, डर्रांग एवं लखीपुर में एक–एक शख्स लापता बताया जा रहा है। जिसे खोजने का अभियान जारी है।

दो पुलिसकर्मी का शव बरामद

नागौन जिले (Nagaon District) में रविवार रात बचाव कार्य को अंजाम देते वक्त बाढ़ के पानी में बह गए दो पुलिसकर्मियों का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया। असम पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात कामपुर थाने की एक टीम बचाव अभियान में लगी थी, तब ही सब इंस्पेक्टर समुज्जल काकोटी और कांस्टेबल राजीव बोरदोलोई बाढ़ के पानी में बह गए थे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह: Photo - Social Media

अमित शाह ने दिया मदद का भरोसा

असम में आई भीषण बाढ़ को लेकर सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah) ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और पड़ोसी राज्य मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड सांगमा से फोन पर बातचीत की थी। इस दौरान उन्होंने दोनों राज्यों को हरसंभव मदद देने का भरोसा दिया था। इसके लिए शीघ्र ही एक इंटर-मिनिस्ट्रियल सेंट्रल टीम (IMCT) बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेगी।

विपक्ष के नेता ने मांगा केंद्रीय पैकेज

इस बीच असम विधानसभा में विपक्ष के नेता देवब्रत सौकिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) से उन क्षेत्रों में राहत एवं पुर्नवास के लिए 20 हजार करोड़ रूपये का केंद्रीय पैकेज मांगा जो कि पिछले तीन–चार सालों में बाढ़ के कारण तबाह हुए हैं। कांग्रेस नेता ने राज्य में बाढ़ एवं मृदा अपरदन की समस्या को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की अपील भी की है। 

Tags:    

Similar News