Assam Rajya Sabha Election: कांग्रेस को लगा झटका, दोनों सीटों पर भाजपा ने मारी बाजी

Assam Rajya Sabha Election: चुनाव से पहले कांग्रेस की ओर से एक सीट जीतने का दावा किया जा रहा था मगर पार्टी वह सीट भी जीतने में कामयाब न हो सकी।

Written By :  Anshuman Tiwari
Published By :  Monika
Update: 2022-04-01 04:08 GMT

हिमंत बिस्वा सरमा (photo : social media )

Assam Rajya Sabha Election: असम में राज्यसभा की दो सीटों पर हुए चुनाव में कांग्रेस (Congress) को भारी झटका लगा है। गुरुवार को हुए चुनाव में भाजपा (BJP) ने दोनों सीटों पर बाजी मार ली है। एक सीट पर भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध चुना गया है जबकि दूसरी सीट पर हुए चुनाव में भाजपा समर्थित यूपीपीएल उम्मीदवार आर नरजरी ने कांग्रेस प्रत्याशी रिपुन बोरा (Ripun Bora) को हरा दिया।

चुनाव से पहले कांग्रेस की ओर से एक सीट जीतने का दावा किया जा रहा था मगर पार्टी वह सीट भी जीतने में कामयाब न हो सकी। पार्टी ने वोट बर्बाद करने के आरोप में अपने एक विधायक को निलंबित कर दिया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) ने इस जीत पर पार्टी विधायकों और सहयोगी दलों को बधाई देते हुए इसे ऐतिहासिक दिन बताया है।

कांग्रेस प्रत्याशी रिपुन बोरा हारे

असम में राज्यसभा की दो सीटों के चुनाव में पहली सीट पर भाजपा को कोई चुनौती नहीं मिली। भाजपा प्रत्याशी पवित्र माग्रेरिटा निर्विरोध उच्च सदन के लिए चुन लिए गए। दूसरी सीट पर भाजपा ने असम में अपने सहयोगी दल यूपीपीएल के आर नरजरी को समर्थन दिया था।

नरजरी को चुनौती देने के लिए कांग्रेस की ओर से पार्टी के मजबूत चेहरे रिपुन बोरा को खड़ा किया गया था। कांग्रेस उम्मीदवार को ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट का भी समर्थन हासिल था जिसके राज्य में 15 विधायक हैं। इसके बावजूद भाजपा समर्थित उम्मीदवार इस सीट पर भी बाजी मारने में कामयाब रहा। इस सीट पर मिली पराजय को कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। जीत हासिल करने के बाद नरजरी ने असम के मुख्यमंत्री और अपनी पार्टी के अध्यक्ष प्रमोद बोरो के प्रति आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने बताया ऐतिहासिक दिन

असम में राज्यसभा की दोनों सीटों पर मिली जीत के बाद मुख्यमंत्री बिस्वास सरमा ने कहा कि हमने दोनों सीटों पर जीत हासिल करके अपनी ताकत दिखा दी है। उन्होंने जीत हासिल करने वाले उम्मीदवारों को बधाई देते हुए इसे ऐतिहासिक दिन बताया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वोत्तर के राज्यों के कई जिलों से अफ्स्पा को हटा दिया है और इसके बदले में हमें राज्यसभा की दो सीटों पर जीत हासिल हुई है। उन्होंने कांग्रेस और एआईयूडीएफ के गठबंधन को अपवित्र बताते हुए कहा कि आने वाले जीएमसी चुनाव में भी हम अपनी ताकत दिखाने के लिए तैयार है।

कांग्रेस विधायक सस्पेंड

कांग्रेस प्रत्याशी रिपुन बोरा की हार को कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इस सार के बाद कांग्रेस ने अपने एक विधायक सिद्दीकी अहमद को वोट बर्बाद करने के आरोप में सस्पेंड कर दिया है। कांग्रेस का कहना है कि इस विधायक ने बैलट पेपर पर 1 लिखने की जगह वन लिख दिया था। विधायक पर व्हिप का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है।

मजे की बात है कि बुधवार को विपक्ष के नेता देवव्रत सैकिया ने कांग्रेस उम्मीदवार केविजईयी होने का दावा किया था। उनका कहना था कि हमारे पास 43 विधायकों का समर्थन है और ऐसी स्थिति में कांग्रेस प्रत्याशी रिपुन बोरा को जीत हासिल होगी।

एआईयूडीएफ की ओर से विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार के रूप में रिपुन बोरा को समर्थन दिया गया था। राज्य में कांग्रेस के 27 जबकि एआईयूडीएफ के 15 विधायक हैं। सीपीआईएम के एक विधायक का समर्थन भी विपक्ष को हासिल था मगर इसके बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा।

Tags:    

Similar News