शादी की खुशियां बनीं मातम! पुल से सीधे नदी में गिरी स्कॉर्पियो, 6 लोगों की दर्दनाक मौत
Araria Scorpio Accident: बिहार के अररिया में तिलक समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो बीड़ी पुल से मरिया नदी में गिर गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जिनमें चार नाबालिग भी शामिल हैं।
Bihar Road Accident
Araria Scorpio Accident: बिहार के अररिया में एक शादी समारोह से लौट रहे परिवार की खुशियां चंद पलों में चीख-पुकार और मातम में बदल गईं। जिस घर में तिलक समारोह की रौनक थी, वहां अब अपनों को खोने का गम पसरा है। देर रात एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नदी में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि गाड़ी में सवार 6 लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति को किसी तरह जिंदा बचा लिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
यह दर्दनाक हादसा बुधवार देर रात अररिया जिले के ताराबाड़ी थाना क्षेत्र में बीड़ी पुल के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग सुपौल जिले के पीपरा से सिकटी के भपटिया गांव में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बीड़ी पुल के पास गाड़ी अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और रेलिंग तोड़ते हुए सीधे मरिया नदी में जा गिरी।
बताया जा रहा है कि पुल के पास तीखा मोड़ होने के कारण चालक स्कॉर्पियो पर नियंत्रण नहीं रख सका। गाड़ी नदी में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर बचाव अभियान शुरू किया। स्कॉर्पियो को नदी से बाहर निकालने के लिए रस्सियों और जेसीबी की मदद ली गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया गया।
हादसे में जान गंवाने वालों में 4 नाबालिग भी शामिल
इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान कुंदन यादव (28), मुन्ना कुमार (22), आदित्य (20), आर्यन (15), सौरभ (15) और यश कुमार (16) के रूप में हुई है। सभी मृतक सुपौल जिले के थुमहा गांव के रहने वाले थे। मृतकों में चार नाबालिग भी शामिल हैं। एक साथ छह लोगों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए सभी लोग लड़की पक्ष की ओर से तिलक समारोह में शामिल होने आए थे। घर लौटते समय हुए इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी समारोह की खुशियां अब मातम में तब्दील हो गई हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अररिया के एसपी जितेंद्र कुमार ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंपे जा रहे हैं।