Gautam Adani Family: गौतम अडानी के परिवार में कौन-कौन, कितना है बिजनेस में दखल

Gautam Adani Family: गौतम अपने माता-पिता के सात संतानों में से एक थे। नौ लोगों को परिवार एक छोटे से मकान में रहता था।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2023-02-03 04:28 GMT

Gautam Adani Family (photo: social media )

Gautam Adani Family: अभी से कुछ दिनों पहले तक अडानी समूह को स्टॉक मार्केट में सोने का अंडा देने वाली मुर्गी समझा जाता था। समूह की कंपनियों में पैसा लगाने वाले निवेशक जमकर मुनाफा पिट रहे थे। खुद समूह के मुखिया गौतम अडानी की संपत्ति दिन दोगुनी रात चौगुनी की रफ्तार से बढ़ रही थी। उन्होंने पिछले साल ही देश के नामी उद्योगपति रिलायंस समूह के अध्यक्ष मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ एशिया के सबसे रईस शख्स होने का तमगा हासिल कर लिया था। इसके अलावा उन्होंने अमीरी में बिल गेट्स जैसे दिग्गजों को भी पछाड़ दिया था।

अडानी दुनिया के तीसरे सबसे अमीर शख्स बन चुके थे। अडानी समूह विभिन्न क्षेत्रों में आक्रमक तरीके से इन्वेस्टमेंट कर रही थी। समूह जब भारतीय शेयर बाजार के इतिहास का सबसे बड़ा एफपीओ लाने की तैयारी कर रही थी, तभी एक अमेरिकी फाइनेंशियल फर्म हिंडनबर्ग रिचर्स ने उसपर ऐसा रिपोर्ट पब्लिश किया कि बाजार से लेकर राजनीति तक में भूचाल आ गया। रिपोर्ट आने के बाद अडानी समूह के शेयर गोते खाने लगे और निवेशकों को तगड़ा नुकसान हुआ। दुनिया के टॉप 3 अमीर लोगों की सूची में शामिल गौतम अडानी को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ा और वे टॉप 10 से भी बाहर हो चुके हैं। अडानी समूह को लेकर बाजार से लेकर संसद तक हंगामा बरपा हुआ है। तो आइए एक नजर भारत के इस बड़े बिजनेस घराने की फैमिली ट्री पर नजर डालते हैं।

गौतम अडानी की कहानी

गौतम अडानी का जन्म 24 जून 1962 को एक गुजराती जैन परिवार में हुआ था। पिता का नाम शांतिलाल और मां का नाम शांति बेन था। गौतम अपने माता-पिता के सात संतानों में से एक थे। नौ लोगों को परिवार एक छोटे से मकान में रहता था। उनका पिता का टेक्सटाइल को छोटा-मोटा धंधा था। स्कूली शिक्षा ग्रहण करने के बाद गौतम अडानी ने गुजरात विश्वविद्यालय में कॉमर्स में स्नातक करने के लिए दाखिला लिया मगर पढ़ाई बीच में ही छोड़कर मुंबई कमाने चले गए। 17 साल की उम्र में मुंबई गए अडानी ने दो साल बाद यानी 20 साल की उम्र में खुद की डायमंड ब्रोकरेज फर्म डाल दी और फिर यहीं से उनकी कामयाबी का सिलसिला शुरू हो गया।

गौतम अडानी के भाई-बहन

गौतम अडानी सात – भाई बहन हैं। उनके सबसे बड़े भाई का नाम मनसुखभाई अडानी है। अन्य भाईयों में विनोद अडानी, राजेश शांतिलाल अडानी, महासुख अडानी और वसंत एस अडानी शामिल हैं। गौतम अडानी की एक बहन भी है, लेकिन मीडिया में उनके बारे में जानकारी उपलब्ध नहीं है।

गौतम अडानी के सबसे चर्चित भाई

गौतम अडानी के बड़े भाई विनोद अडानी का नाम भी अमेरिकी फर्म हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में शामिल है। दुबई में रहने वाले विनोद दुबई, सिंगापुर और जकार्ता में कई कंपनियों का प्रबंधन करते हैं। IIFL Wealth Hurun India Rich List 2022 के अनुसार, विनोद अडानी सबसे अमीर एनआरआई हैं। हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि वो ऑफशोर शेल कंपनियों के एक विशाल चक्रव्यहू का मैनेजमेंट करते हैं। इन्हीं कंपनियों के जरिए उनपर फर्जीवाड़ा करने का आरोप है। हालांकि, इससे पहले भी विनोद विवादों में घिर चुके हैं। उनका नाम 2016 में पनामा पेपर लीक और 2021 में पेडोरा पेपर लीक में सामने आने के बाद सुर्खियों में था।

गौतम अडानी का परिवार

गौतम अडानी के परिवार में उनके अलावा उनकी पत्नी प्रीति अडानी, दो बेटे करण और जीत अडानी और एक बहू परिधि अडानी है। गौतम अडानी की एक पोती भी है, जिनका नाम अनुराधा अडानी है।

प्रीति अडानी – गौतम अडानी की पत्नी प्रीति अडानी का जन्म साल 1965 में मुंबई के एक गुजराती परिवार में हुआ था। पेशे से दंत चिकित्सक प्रीति अडानी फाउंडेशन की अध्यक्ष भी हैं। भुज में आए भूकंप के बाद उन्होंने वहां अडानी पब्लिक स्कूल की शुरूआत की। साल 2009 में अपने पति के साथ मिलकर प्रीति ने अहमदाबाद और भद्रेश्वर में अडानी विद्या मंदिर की शुरूआत की। यहां अंडरप्रिविलेज्ड बच्चों को मुफ्त में हायर सेकेंडरी एजुकेशन दी जाती है।

करण अडानी – करण अडानी गौतम और प्रीति अडानी के बड़े बेटे हैं। उनका जन्म 7 अप्रैल 1987 को अहमदाबाद में हुआ था। अमेरिका की पर्ड्यू विश्वविद्यालय से स्नातक करण को फोर्ब्स जैसी प्रतिष्ठित पत्रिका Tycoons of Tomorrow की लिस्ट में शामिल कर चुकी है। वर्तमान में करण अंडानी पोर्ट्स एंड एसईजेड लिमिटेड के सीईओ हैं, साथ ही वह अडानी एयरपोर्ट होल्डिंगस लिमिटेड के डायरेक्टर भी हैं। उनके कंधे पर सीमेंट कारोबारी की जिम्मेदारी भी है। करण एसीसी लिमिटेड के चेयरमैन हैं।

जीत अडानी - गौतम और प्रीति अडानी के छोटे बेटे जीत अडानी फिलहाल अविवाहित हैं। उनका जन्म 7 नवंबर 1997 को हुआ था। जीत ने यूनिवर्सिटी ऑफ पेंसिलवेनिया से स्नातक किया है। पढ़ाई पूरी करने के बाद साल 2019 में वे भारत लौट आए और कंपनी की जिम्मेदारी संभालने लगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जीत समूह के फाइनेंस से जुड़े मामलों को देखते हैं।

परिधि अडानी – अडानी परिवार की बहू परिधि अडानी देश के दिग्गज कॉरपोरेट वकील सिरिल श्रॉफ की बेटी हैं। उन्होंने मुंबई विश्वविद्यालय से बीकॉम करने के बाद एलएलबी किया। 2013 में उनकी शादी करण अडानी से हुई। करण और परिधि की साल 2016 में एक बेटी हुई, जिसका नाम अनुराधा है। वर्तमान में परिधि अडानी सिरिल अमरचंद मंगलदास के गुजरात ऑफिस की प्रमुख हैं।

बता दें कि गौतम अडानी के भाई राजेश अडानी के बेटे सागर अडानी भी अडानी ग्रुप में एक्टिव हैं। उन्होंने अमेरिका की ब्राउन यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र में स्नातक कर रखा है। वह वर्तमान में अडानी ग्रीन एनर्जी के सभी रणनीतिक और वित्तीय मामले देख रहे हैं।

Tags:    

Similar News