Union Budget 2025: बिहार में चुनाव पर निगाहें, मोदी सरकार ने खोली झोली, बजट में राज्य के लिए कई बड़े ऐलान
Union Budget 2025: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से आज पेश किए गए बजट में विभिन्न राज्यों के साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों के लिए भी बड़ी घोषणाएं की गई हैं। वैसे बिहार पर मोदी सरकार की खास मेहरबानी दिखाई है।;
Union Budget 2025: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज पेश किए गए बजट में बिहार के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। बिहार का मखाना विश्व प्रसिद्ध रहा है और मोदी सरकार की ओर से बिहार में मखाना बोर्ड का गठन किए जाने की घोषणा की गई है। इसके साथ ही बिहार में नेशनल इंस्टीट्यूट आफ फूड टेक्नोलॉजी की स्थापना की बात भी कही गई है। पटना आईआईटी का विस्तार करने और पटना हवाई अड्डे की क्षमता में विस्तार का भी ऐलान किया गया है। इसके अलावा भी मोदी सरकार की ओर से बिहार को कई सौगातें दी गई हैं।
बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और माना जा रहा है कि इसीलिए मोदी सरकार की ओर से बिहार पर विशेष ध्यान दिया गया है। बिहार चुनाव के लिए इस बार एनडीए और विपक्षी महागठबंधन ने पूरी ताकत लगा रखी है। ऐसे में बिहार पर सौगातों की बरसात को सियासी नजरिए से देखा जा रहा है। बिहार के लिए तमाम घोषणाएं करके मोदी सरकार ने एनडीए के पक्ष में माहौल बनाने का बड़ा प्रयास किया है।
बिहार में मखाना बोर्ड के गठन का ऐलान
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से आज पेश किए गए बजट में विभिन्न राज्यों के साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों के लिए भी बड़ी घोषणाएं की गई हैं। वैसे बिहार पर मोदी सरकार की खास मेहरबानी दिखाई है। बिहार में मखाना का काफी उत्पादन होता है और मखाना की देश-दुनिया में काफी डिमांड रहती है। ऐसे में मखाना के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए बजट में बिहार में मखाना बोर्ड का गठन किए जाने की घोषणा की गई है।
जानकारों का मानना है कि बिहार में मखाना बोर्ड की स्थापना से मखाना के उत्पादन, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और विपणन को बेहतर बनाने में भरपूर मदद मिलेगी। मखाना का उत्पादन करने वाले किसानों को भी इससे फायदा होगा और उनकी आय में बढ़ोतरी होगी। मखाना उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से यह पहल की गई है। इससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
बजट में बिहार को कई और सौगातें
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि बिहार में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट की सुविधा दी जाएगी। इसके जरिए राज्य की भविष्य की जरूरतों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। बिहार की राजधानी पटना के हवाई अड्डे की क्षमता में विस्तार किया जाएगा और यात्री सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। इसके साथ ही आईआईटी पटना का विस्तार करने का ऐलान भी किया गया है।
वित्त मंत्री की ओर से यह बड़ा ऐलान भी किया गया है कि बिहार में नेशनल इंस्टीट्यूट आफ फूड टेक्नोलॉजी की स्थापना की जाएगी। इससे राज्य में खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा मिलेगा। पश्चिमी कोसी नहर योजना के विकास के लिए केंद्र सरकार बिहार सरकार को मदद देगी। इससे किसानों की सुविधा बढ़ेगी और उन्हें अपनी खेती में काफी मदद मिलेगी। मोदी सरकार ने मिथिलांचल के विकास को प्राथमिकता देने की भी घोषणा की है। बजट में बुद्ध के जीवन से जुड़े पर्यटन केंद्रों के विकास की घोषणा भी की गई है और इससे भी बिहार को फायदा मिलेगा।
चुनावी समीकरण साधने की कोशिश
मोदी सरकार की ओर से बिहार के लिए की गई इन घोषणाओं को सियासी नजरिए से देखा जा रहा है। दरअसल बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और इस चुनाव में एनडीए और विपक्षी महागठबंधन के ताकत का इम्तिहान होगा। चुनावी बाजी जीतने के लिए दोनों पक्षों की ओर से पहले से ही तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद नेता तेजस्वी यादव लगातार बिहार का दौरा करने में जुटे हुए हैं।
बिहार में चुनावी बाजी की जीतने के लिए मोदी सरकार की ओर से बजट में राज्य के लिए तमाम बड़ी योजनाओं की घोषणा की गई है। सियासी जानकारों का मानना है कि इन योजनाओं के जरिए मोदी सरकार ने चुनाव की घोषणा से पहले ही एनडीए के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया है। इसका बड़ा सियासी असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।