कोरोना का कहर: संपूर्ण या आंशिक लॉकडाउन में देश का 86 फीसदी हिस्सा

देश का 86 फीसद हिस्सा संपूर्ण या आंशिक लॉकडाउन के भीतर जी रहा है। देश में 12 राज्य ऐसे हैं, जहां एक लाख से ज्यादा एक्टिव केस हैं।

Written By :  Ramkrishna Vajpei
Published By :  Dharmendra Singh
Update:2021-05-08 23:54 IST

लाॅकडाउन के बाद दुकान पर लटका ताला ( फाइल फोटो: सोशल मीडिया)

लखनऊ: देश में प्रकटतः बेशक संपूर्ण लॉकडाउन (Lockdown) नहीं दिख रहा है, लेकिन सच्चाई यह है कि देश का 86 फीसद हिस्सा संपूर्ण या आंशिक लॉकडाउन के भीतर जी रहा है। देश में 12 राज्य ऐसे हैं, जहां एक लाख से ज्यादा एक्टिव केस हैं, जबकि 10 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे हैं, जहां पाजिटिविटी रेट 25 फीसदी से ज्यादा है। हर दिन चार लाख से अधिक नये मामले सामने आ रहे हैं। जबकि वैज्ञानिकों के मुताबिक कोरोना की दूसरी लहर का पीक आना अभी बाकी है। कोरोना के घातक प्रसार को देखते हुए हालात ये है कि देश का 86 फीसदी हिस्सा या तो लॉकडाउन या आंशिक लॉकडाउन या कर्फ्यू के अंदर है। राज्यों द्वारा ये कदम तीसरी लहर के लिए चेतावनी को देखते हुए भी उठाए गए हैं जिनमें कहा गया है कि कठोर प्रतिबंध और नियमों का पालन ही एकमात्र बचाव है।

आठ मई की रात आठ बजे तक देश में कुल एक्टिव मामलों की संख्या 37 लाख 23 हजार 446 हो गई थी। जिसमें 78282 नये थे। हालांकि 81.90 फीसद लोग ठीक होकर डिस्चार्ज हुए हैं जबकि 4187 लोगों की मौत हुई है। राजस्थान में कुल एक लाख 99 हजार 147 सक्रिय मामले हैं। जिनमें 1137 नये मामले हैं। राज्य में 164 और लोगों के मरने के साथ कुल मौतों की संख्या पांच हजार 346 हो गई है। बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने 24 मई तक संपूर्ण लॉकडाउन लगाने का एलान किया हुआ है।
मध्यप्रदेश में 6809 नये मामलों के साथ कुल 95423 एक्टिव मामले हैं। कुल 4815 अस्पताल से छुट्टी पाए हैं। 84 मरीजों की मौत हुई है। राज्य सरकार ने 15 मई तक कोरोना कर्फ्यू का एलान किया हुआ है। दिल्ली में 10 मई तक लॉकडाउन लगाया गया है, जबकि इससे पहले सिर्फ 3 मई तक लॉकडाउन लगाने की घोषणा की गई थी दिल्ली में कोरोना के कुल मामले 12 लाख की संख्या को पार कर गए हैं और 18 हजार से ज्यादा मरीज अपनी जान गंवा चुके हैं।

लॉकडाउन के बाद सड़क पर पसरा सन्नाटा (फोटो: सोशल मीडिया)

हरियाणा में तीन मई से सात दिनों के लिए लॉकडाउन लगा दिया गया है। इससे पहले केवल सात जिलों में ही कोरोना वीकेंड कर्फ्यू था। उत्तर प्रदेश में दस मई तक संपूर्ण लॉकडाउन का एलान किया गया है। महाराष्ट्र ने 15 मई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया है। महाराष्ट्र कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है, यहां कोविड के कुल संक्रमित मामले 49,42,700 से ज्यादा हैं। बिहार में 15 मई तक लॉकडाउन है। ओडिशा में 19 मई तक लॉकडाउन है।
झारखंड में 13 मई तक लॉकडाउन है। छत्तीसगढ़ में 15 मई, केरल में 16 मई, कर्नाटक में 12 मई, गोवा 22 मई, उत्तराखंड में दस मई तक, हिमाचल प्रदेश 16 मई तक कड़े प्रतिबंध लागू हैं। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, मिजोरम, नागालैंड, असम, आंध्रप्रदेश, गुजरात, पंजाब, त्रिपुरा, तेलंगाना, तमिलनाडु सिक्किम आदि में लॉकडाउन या कोरोना कर्फ्यू लागू है।


Tags:    

Similar News