Coronavirus: असम में एक ही महिला में मिले कोरोना के दो वेरिएंट, भारत का पहला ऐसा मामला

Coronavirus: असम के गुवाहाटी में एक महिला डॉक्टर में एक ही साथ कोरोना वायरस के दो अलग अलग वेरिएंट मिले हैं।

Newstrack :  Network
Published By :  Shreya
Update:2021-07-19 22:56 IST

कोरोना की जांच कराती महिला (कॉन्सेप्ट फोटो- न्यूजट्रैक)

Coronavirus: देश बीते करीब डेढ़ साल से कोरोना वायरस महामारी का सामना कर रहा है। वायरस में लगातार हो रहे म्यूटेशन के चलते यह और खतरनाक होता जा रहा है। कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान भारत को कई मोर्चों पर कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और अब तीसरी लहर की आशंका तेज हो गई है। तीसरी लहर को लेकर केंद्र सरकार अलर्ट पर है और लगातार राज्य सरकार को जरूरी निर्देश दे रही है।

इस बीच एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। दरअसल, असम के गुवाहाटी शहर में एक महिला डॉक्टर में कोरोना के दो-दो वेरिएंट एक साथ मिले हैं। जी हां, एक ही मरीज में कोरोना के डबल वेरिएंट (COVID-19 variant) मिले हैं, जिससे सरकार की चिंता बढ़ गई है। बता दें कि एक ही समय पर कोरोना के दो अलग-अलग वेरिएंट से संक्रमित होने का यह भारत का पहला मामला कहा जा रहा है।

वैक्सीनेशन (सांकेतिक फोटो साभार- सोशल मीडिया)

महिला को लगी थीं कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज

चौंकाने वाली बात तो यह है कि महिला ने कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज ले ली थीं। इसके बाद भी कोरोना से संक्रमित होने और तो और दो अलग-अलग वेरिएंट से संक्रमित होने के चलते स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि महिला के सैंपल में अल्फा और डेल्टा दोनों वेरिएंट मिले हैं। बता दें कि दुनिया में ऐसा सबसे पहला मामला बेल्जियम में मिला था। 

सबसे पहले बेल्जियम में एक 90 साल की बुजुर्ग महिला एक ही समय पर अल्फा और बीटा वेरिएं से संक्रमित पाई गई थीं। हालांकि कोरोना से वो मात खा गई थीं। बुजुर्ग को कोरोना की वैक्सीन नहीं लगी थी। बताया जा रहा है कि महिला में कोरोना के हल्के लक्षणहैं और उनकी हालत स्थिर है। फिलहाल वो हॉस्पिटल में भर्ती नहीं हैं। 

पहले पति को हुआ था कोरोना

असम के डिब्रूगढ़ जिले में ICMR-RMRC के नोडर अधिकारी डॉ विश्वज्योति बोरकाकोटि ने एक समाचार चैनल से बात करते हुए महिला डॉक्टर के कोरोना वायरस के दो वेरिएंट से संक्रमित होने की पुष्टि की है। इसे भारत का ऐसा पहला मामला कहा जा रहा है। उन्होंने बताया कि महिला डॉक्टर के पति पहले कोरोना से संक्रमित हुए थे, उसके बाद डॉक्टर भी कोरोना से संक्रमित पाई गईं। हालांकि पति के रिपोर्ट में केवल एक ही वेरिएंट मिला था।  

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।  

Tags:    

Similar News