Sonbhadra Crime News: लेखपाल पति ने पत्नी को बनाया बंधक, फैला दी भागने की अफवाह, ऐसे बाहर आई सच्चाई

Sonbhadra Crime News: सोनभद्र में पति ने विवाहिता को चार से पांच दिन तक बंधक बनाए रखा और फिर लोगों के बीच उसके किसी अन्य के साथ भागने की अफवाह फैला दी। एसपी से गुहार लगाने के बाद मामले में FIR दर्ज की गई है।

Published By :  Shreya
Update:2021-09-04 13:57 IST

(डिजाइन फोटो- न्यूजट्रैक)

Sonbhadra Crime News: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के जिले सोनभद्र (Sonbhadra) से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां पर राबर्टसगंज कोतवाली क्षेत्र के मझिगां मिश्र गांव में पहले तो विवाहिता को चार से पांच दिन तक बंधक बनाए रखा और फिर लोगों के बीच उसके किसी अन्य के साथ भागने की अफवाह फैला दी गई। हैरान करने वाली बात ये है कि विवाहिता का पति लेखपाल है।

जब पीड़िता ने इस मामले में तहरीर राबर्ट्सगंज कोतवाली में दी तो FIR दर्ज नहीं की गई। ऐसे में पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई। पीड़िता के गुहार लगाने के बाद एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने लेखपाल पति, ससुर, सास समेत छह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। प्रकरण की विवेचना ओपन रक्षक संजीव कुमार राय को सौंपी गई है। 

क्या है पूरा मामला?

मामले में मिली जानकारी के मुताबिक, राबर्ट्सगंज स्थित सूर्या होटल के पास रहने वाले स्व. गंगा प्रसाद चौबे की पुत्री प्रियंका चौबे की शादी मझिगांव मिश्र गांव निवासी अजीत मिश्रा के बेटे सर्वजीत मिश्रा के साथ दिसंबर 2020 में हुई थी। सर्वजीत लेखपाल हैं। तहरीर में शादी के समय 25 लाख रुपए खर्च होने का दावा किया गया है। प्रियंका का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा और दहेज में 5,00,000 रुपये और एक चार पहिया वाहन की मांग की जाने लगी।

आरोप है कि उसके साथ उसके ननदोई मनोज दूबे ने कई बार गलत व्यवहार करने की कोशिश की। ससुर पर भी गलत व्यवहार की कोशिश का आरोप लगाया गया है। पीड़िता का कहना है कि इसको लेकर विरोध करने पर 21 अगस्त की रात उसकी पिटाई की गई और उसे 4 से 5 दिन तक के कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। इस बीच यह अफवाह फैलाई गई कि वह कहीं भाग गई है। 26 अगस्त की भोर में उसके साथ मारपीट करने के बाद रेलवे फाटक पर ले जाकर उसे छोड़ दिया गया। यहां से किसी तरह अपने घर पहुंची और पूरे वाकए की जानकारी दी। 

दर्ज की गई शिकायत की कॉपी (फोटो साभार- सोशल मीडिया)

एसपी से गुहार लगाने के बाद हुई कार्रवाई

इसके बाद अस्पताल जाकर दवा उपचार कराया और राबर्ट्सगंज कोतवाली में जाकर मामले की तहरीर दी लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की गई। तब पीड़िता ने एसपी से जाकर गुहार लगाई। एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने राबर्ट्सगंज कोतवाल को तत्काल मामला दर्ज करने का निर्देश दिया। इसके बाद शुक्रवार की देर शाम पति सर्वजीत मिश्रा, ससुर अजीत मिश्रा, सास उत्तमा देवी, ननद कोमल देवी, कीर्ति देवी, मनोज दुबे के खिलाफ दहेज उत्पीड़न एक्ट तथा आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। मामला नगर क्षेत्र के आसपास के दो चर्चित परिवारों से जुड़ा होने का कारण, शनिवार को इसको लेकर हड़कंप की स्थिति बनी रही। 

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Tags:    

Similar News