समय रैना को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, India's Got Latent में मामले की सभी FIR रद्द

सुप्रीम कोर्ट ने कॉमेडियन समय रैना और चार अन्य लोगों के खिलाफ 'India's Got Latent' मामले में दर्ज सभी FIR रद्द कर दी हैं। मामला दिव्यांग लोगों को लेकर की गई कथित विवादित और असंवेदनशील टिप्पणियों से जुड़ा था।

Update:2026-08-14 15:10 IST

Samay Raina: कॉमेडियन समय रैना को India's Got Latent विवाद में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने दिव्यांग लोगों को लेकर की गई कथित असंवेदनशील टिप्पणियों के मामले में समय रैना समेत पांच लोगों के खिलाफ दर्ज सभी FIR और आपराधिक मामलों को रद्द कर दिया है।

यह फैसला शुक्रवार को चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस जेवी मोहन की पीठ ने सुनाया। कोर्ट ने कहा कि समय रैना और अन्य आरोपियों ने पहले दिए गए निर्देशों का पालन किया है और दिव्यांग लोगों के लिए जागरूकता कार्यक्रम और दूसरे सकारात्मक काम किए हैं।

कोर्ट के निर्देशों का किया पालन

दरअसल, इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने शो में की गई टिप्पणियों को लेकर समय रैना को कड़ी फटकार लगाई थी। कोर्ट ने उन्हें दिव्यांग लोगों के अधिकारों और उनकी समस्याओं को लेकर जागरूकता फैलाने वाले कार्यक्रम आयोजित करने तथा उनके लिए फंड जुटाने का निर्देश दिया था।

शुक्रवार को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने माना कि समय रैना और अन्य लोगों ने इन निर्देशों को गंभीरता से लिया और उनके मुताबिक काम किया। आरोपियों ने दिव्यांग लोगों के लाभ के लिए कार्यक्रम आयोजित किए। कोर्ट ने उनके प्रयासों की सराहना भी की। पीठ ने कहा कि जब किसी की कोशिश ईमानदार होती है तो उसके सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं।

पिछली सुनवाई में लगाया गया था 3 लाख रुपये का जुर्माना

इस मामले की पिछली सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने समय रैना और चार अन्य लोगों पर 3 लाख रुपये की लागत लगाई थी। कोर्ट ने उस समय कहा था कि आरोपियों ने अपनी ओर से दिए गए आश्वासनों का पालन नहीं किया और कोर्ट को गुमराह करने जैसी स्थिति पैदा हुई।

हालांकि, इसके बाद आरोपियों ने कोर्ट के निर्देशों के अनुसार दिव्यांग लोगों के लिए कार्यक्रम आयोजित किए और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में काम किया। शुक्रवार को कोर्ट ने इन प्रयासों को ध्यान में रखते हुए आपराधिक मामलों को खत्म करने का फैसला किया।

किस मामले में दर्ज हुई थीं FIR?

यह पूरा मामला India's Got Latent के एक विवादित एपिसोड से जुड़ा है। आरोप था कि शो में दिव्यांग लोगों को लेकर ऐसे मजाक किए गए, जिन्हें बेहद असंवेदनशील और आपत्तिजनक माना गया।

Cure SMA India Foundation ने इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। याचिका में आरोप लगाया गया था कि समय रैना ने Spinal Muscular Atrophy (SMA) से पीड़ित लोगों के महंगे इलाज को लेकर असंवेदनशील टिप्पणी की थी। साथ ही एक दिव्यांग व्यक्ति का कथित तौर पर मजाक उड़ाने का भी आरोप लगाया गया था।

समय रैना के साथ इन लोगों पर भी हुई थी कार्रवाई

विवादित एपिसोड को लेकर समय रैना के अलावा सोशल मीडिया से जुड़े कई अन्य लोगों के खिलाफ भी मामले दर्ज किए गए थे। इनमें विपिन गोयल, बलराज परमजीत सिंह घई, सोनाली ठक्कर और निशांत जगदीश तंवर के नाम शामिल थे। शो के एक एपिसोड में कथित अश्लील और असंवेदनशील टिप्पणियों को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में शिकायतें और FIR दर्ज हुई थीं।

Tags:    

Similar News