Goa: कांग्रेस को गोवा में बड़ा झटका, दिगंबर कामत थाम सकते हैं BJP का दामन

Goa Latest News : गोवा में कांग्रेस पार्टी को एक और बड़ा झटका लग सकता है। सूत्रों के मुताबिक गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस विधायक दिगंबर कामत बीजेपी में शामिल हो सकते हैं।

Written By :  Rajat Verma
Published By :  Bishwajeet Kumar
Update: 2022-04-06 10:58 GMT

कांग्रेस नेता दिगंबर कामत (तस्वीर साभार : सोशल मीडिया)

Goa Politics : गोवा सहित 5 राज्यों में आयोजित हुए चुनाव के बाद भी कांग्रेस (Congress) की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इस बीच सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर आ रही है कि गोवा की मडगांव विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत (Digambar Kamat) कांग्रेस का हाथ छोड़ भाजपा (BJP) का दामन थाम सकते हैं।

दिगंबर कामत के कांग्रेस छोड़ने की इस खबर से यकीनन पार्टी को भारी झटका लगने वाला है। सूत्रों के हवाले से यह सूचना भी आ रही है कि दिगंबर कामत को भाजपा राज्य सरकार द्वारा ऊर्जा मंत्री बनाए जाने की पेशकश की गई हैं। आपको बता दें कि दिगंबर कामत गोवा कांग्रेस के बड़े नेता हैं और उनके इस निर्णय से पार्टी में कलह का उठना ज़ाहिर है।

कांग्रेस पार्टी द्वारा बीते कई सालों से लगातार गोवा में अपने विधायकों और नेताओं को बांधकर रखना मुश्किल हो गया है। साल 2017 के विधानसभा चुनावों के बाद भी जब कांग्रेस के पास सरकार बनाने को लेकर महज 4 विधायक ही कम थे तथा भाजपा के पास 8 विधायकों की कमी थी, इसके बावजूद कांग्रेस और अन्य विधायकों को तोड़कर भाजपा ने राज्य में अपनी सरकार स्थापित कर ली थी। 2017 चुनाव के परिणाम आने पर कांग्रेस के पास 17 विधायक थे वहीं 2022 विधानसभा चुनाव आते-आते कांग्रेस पार्टी के पास महज 3 विधायक ही बचे। कांग्रेस को गोवा में अपना अस्तित्व संभालने के लिए दिगंबर कामत जैसे दिग्गज नेताओं को पार्टी छोड़ने से रोकना होगा।

दिगंबर कामत का व्यक्तिगत और राजनीतिक परिचय

दिगंबर कामत का जन्म 8 मार्च 1954 को मडगांव (गोवा) में हुआ था। इनका पूरा नाम दिगंबर वसंतराव कामत है। यह 2007 से 2012 तक गोवा के मुख्यमंत्री रहे तथा इसके अलावा वह 2006 से 2019 तक भारतीय तैराकी महासंघ के अध्यक्ष भी रहे। थे। वर्तमान में वह मडगांव निर्वाचन क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हैं। अभी हाल ही में 31 मार्च 2022 को दिगंबर कामत को कांग्रेस कार्य समिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य के रूप में भी नियुक्त किया गया है।

दिगंबर कामत ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सदस्य के रूप में की थी, जिसके बाद उन्होनें 1994 भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था। तत्पश्चात 2005 में पुनः भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हो गए।

दिगंबर कामत को साल 2007 गोवा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद राज्य का मुख्यमंत्री बनाया गया। 2017 से 2022 की भाजपा गोवा सरकार के दौरान दिगंबर कामत को सर्वसम्मति से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस विधायक के तौर पर गोवा विधानसभा नेता विपक्ष चुना गया।

3 बार भाजपा तो 4 बार कांग्रेस से हुए विधायक निर्वाचित

दिगंबर कामत लगातार 7 बार मडगांव विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हो चुके हैं।

साल 1994, 1999 और 2002 में वह भाजपा प्रत्याशी के तौर पर चुनाव जीता वहीं इसके बाद 2007, 2012, 2017 और 2022 में दिगंबर कामत ने कांग्रेस के टिकट ओर विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की।

Tags:    

Similar News