Goa News: भाजपा ने कहा, गोवा में प्रमोद सावंत ही होंगे सीएम

Goa News: पीएम मोदी ने कहा है कि प्रमोद सावंत राज्य में सरकार का नेतृत्व करना जारी रखेंगे।

Report :  Neel Mani Lal
Published By :  Ragini Sinha
Update: 2022-03-19 10:37 GMT

पीएम मोदी और प्रमोद सावंत (Social media)

Goa news: गोवा में प्रमोद सावंत ही अगले मुख्यमंत्री होंगे। भाजपा ने अब ये बात साफ कर दी है। चुनाव परिणाम घोषित होने के 8 दिन बाद भी नई सरकार के शपथ ग्रहण में लगातार देरी और कांग्रेस की आपत्ति के बीच भारतीय जनता पार्टी के दो विधायकों ने कहा है कि 4 से 5 दिन में शपथ ग्रहण हो जाएगा।

विधायक सुभाष फाल देसाई और गोविंद गौड़े ने शनिवार को दावा किया है कि गोवा के अगले मुख्यमंत्री के मुद्दे पर आगे चर्चा की कोई आवश्यकता नहीं है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि प्रमोद सावंत राज्य में सरकार का नेतृत्व करना जारी रखेंगे। भाजपा को अनुशासित कार्यकर्ताओं की पार्टी बताते हुए देसाई ने कहा कि चूंकि भाजपा एक राष्ट्रीय पार्टी है, इसलिए हमें शपथ ग्रहण समारोह की तारीख तय करने के लिए समय चाहिए। मैंने सौ से अधिक बार कहा है कि अगर हमारे प्रधानमंत्री कहते हैं कि प्रमोद सावंत गोवा के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं तो आगे चर्चा की कोई आवश्यकता नहीं है। 

होली और शिग्मो उत्सव

भाजपा विधायकों के अनुसार, होली के अलावा गोवा के लोग शिग्मोत्सव मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि  हम पार्टी आलाकमान द्वारा दिए गए कार्यक्रम का पालन करेंगे और शपथ ग्रहण समारोह तुरंत आयोजित किया जाएगा।

हाल ही में संपन्न राज्य विधानसभा चुनावों में, भाजपा गोवा में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। उसने 40 सदस्यीय राज्य विधानसभा में 20 सीटें जीतीं और कांग्रेस को 11 सीटों पर पछाड़ दिया। भाजपा गोवा में बहुमत के आंकड़े से एक सीट कम है लेकिन महाराष्ट्रवादी गोमांतक (एमजीपी) और निर्दलीय उम्मीदवारों की मदद से राज्य में सत्ता बरकरार रखने के लिए तैयार है। भाजपा संसदीय बोर्ड द्वारा केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और एल मुरुगन को गोवा के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक और सह-पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त करने के बाद, भाजपा के राज्य विधायक दल की बैठक में अगले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी।

कांग्रेस का आरोप

इस बीच कांग्रेस के 11 विधायकों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी नेता दिगम्बर कामत ने कहा है कि चुनाव परिणाम घोषित होने के एक सप्ताह बाद भी भाजपा सरकार बनाने का दावा पेश करने में विफल रही है। भाजपा नेतृत्व कोई न कोई बहाना बनाकर सिर्फ समय जाया कर रहा है। गोवा में सरकार गठन को लेकर भाजपा तस्वीर स्पष्ट करने में पूरी तरह विफल रही है।

Tags:    

Similar News