Amit Shah Statement :बंगाल चुनाव में अमित शाह का हमला—टीएमसी को बताया डूबता सूरज

Amit Shah Statement: पश्चिम बंगाल चुनाव के बीच अमित शाह ने टीएमसी पर निशाना साधते हुए भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी का अंत होने का दावा किया, राज्य में सियासी बयानबाजी तेज।

Update:2026-04-23 21:53 IST

Amit Shah Statement (Image Credit-Social Media)

Amit Shah Statement: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी मुकाबला काफी तेज हो गया है। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और मुख्य विपक्षी भाजपा के बीच कड़ी टक्कर के साथ-साथ जुबानी जंग भी तेज हो गई है, जहां दोनों पक्ष एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को अपने चुनाव प्रचार के दौरान तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए उसे 'डूबता सूरज' बताया। उन्होंने सरकार पर अक्षमता और खराब कामकाज के आरोप लगाए।

गृह मंत्री शाह ने एक्स पर एक डूबते सूरज का वीडियो साझा करते हुए लिखा, 'टीएमसी के भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी का सूरज डूब चुका है।'

गृह मंत्री का यह बयान उस समय आया जब कुछ घंटे पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक रैली में तंज कसते हुए कहा था कि उनके पिछले चुनाव प्रचार के दौरान लिया गया 'झालमुड़ी ब्रेक' कुछ लोगों के लिए जोरदार झटका साबित हुआ था। इसे सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल पर निशाना माना गया।

चुनाव से पहले राज्य में दोनों पार्टियों के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिल रही है। बुधवार को गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि कोलकाता को झुग्गी में बदल दिया गया। इस पर तृणमूल कांग्रेस नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और भाजपा नेताओं को 'बाहरी' करार दिया।

इस बीच, पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मतदान प्रतिशत को देखते हुए राजनीतिक विश्लेषक इसके नतीजों का आकलन कर रहे हैं।

राज्य में पिछले 15 साल से तृणमूल कांग्रेस की सरकार है और इस बार चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं।

गुरुवार को पहले चरण में 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ। मतदान को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

पहले चरण में जिन 16 जिलों में मतदान हुआ, उनमें कूचबिहार, दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा (उत्तर बंगाल) के साथ-साथ मुर्शिदाबाद, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुरा, पश्चिम बर्धमान और बीरभूम (दक्षिण बंगाल) शामिल हैं।

Tags:    

Similar News