लोकतंत्र का 'महात्योहार': बंगाल में 91.64% और तमिलनाडु में 84.56% वोटिंग, टूट गए सारे पुराने रिकॉर्ड
पश्चिम बंगाल में 91.64% और तमिलनाडु में 84.56% बंपर वोटिंग के साथ 'सुपर गुरुवार' संपन्न। बंगाल में तनाव और झड़पों के बीच मतदान, वहीं तमिलनाडु में शांतिपूर्ण चुनाव।
West Bengal and Tamil Nadu Polls: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान समाप्त हो गया है। तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू हुई थी, जबकि पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत 152 सीटों पर मतदान हुआ। इस चरण में बंगाल में कुल 1478 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद हो गई। पश्चिम बंगाल में टीएमसी और बीजेपी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, वहीं तमिलनाडु में डीएमके के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन और एआईएडीएमके-बीजेपी गठबंधन (एनडीए) के बीच सीधा मुकाबला रहा। दोनों राज्यों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गईं, और महिला मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आया।
बंगाल में मतदान के दौरान कई जिलों से तनाव और झड़पों की खबरें भी सामने आईं। मुर्शिदाबाद में टीएमसी कार्यकर्ताओं और AUJP के संस्थापक हुमायूं कबीर के बीच झड़प हुई। सिलीगुड़ी में भी टीएमसी और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की घटनाएं रिपोर्ट की गईं। कुमारगंज में बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु सरकार ने आरोप लगाया कि कई बूथों से उनके पोलिंग एजेंटों को हटा दिया गया और उन पर हमला भी किया गया।
वहीं दूसरी ओर, तमिलनाडु में मतदान प्रक्रिया अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण और सुचारू रही। यहां कई प्रमुख नेताओं और हस्तियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। तमिलनाडु में सभी 234 सीटों के लिए एक ही चरण में मतदान संपन्न हुआ।