Bihar News: बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने बीजेपी की तुलना हिटलर से की

Bihar News: वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोलते हुए उसे भाजपा आयोग बताया। उन्होंने पटना में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर एनडीए को घेरा।

Update:2026-05-10 17:55 IST

Mukesh Sahani

Bihar News: विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी रविवार को एनडीए सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा है। उन्होंने परिवारवाद और पटना में प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया।

‎पटना में मीडिया से बातचीत में वीआईपी के संस्थापक मुकेश सहनी ने कहा कि पुराने समय में जिस तरह हिटलर कब्जा करने में जुटा था उसी तरह आज भाजपा देश पर कब्जा करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि जो भी पार्टी भाजपा से दूर हैं, वह इंडिया गठबंधन के साथ आएं। तमिलनाडु में फिर से चुनाव न हो, इस कारण सरकार बनाना जरूरी था, इस कारण कांग्रेस साथ आई है।

‎उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान समय में चुनाव आयोग है ही नहीं, वह 'भाजपा आयोग' बन चुका है। वर्तमान में चुनाव आयोग के अधिकारी को चुनाव आयोग कहना पूर्व के अधिकारियों का अपमान है। आज इनका काम सिर्फ भाजपा को चुनाव जितवाना है। भाजपा कैसे चुनाव जीते, इसके लिए वह काम कर रहे हैं, वे उसके लिए फील्डिंग सेट करते हैं।

‎वीआईपी के प्रमुख मुकेश सहनी ने पटना में टीआरई-चार की परीक्षा की मांग करने वाले प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों पर पुलिस लाठीचार्ज को लेकर भाजपा-जदयू पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग चुनाव के दौरान एक करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार देने की बात करते थे, आज नौकरी मांगने वालों पर लाठी चलवा रहे हैं। जो सरकार समय पर परीक्षा न ले सके, वह नौकरी क्या देगी?

उन्होंने यह भी कहा कि यही युवा इस सरकार को उखाड़कर फेकेंगे। ‎पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत को मंत्री बनाए जाने पर उन्होंने कहा कि सीएम रहते नीतीश कुमार क्या बोलते थे और कब पलटते थे, कोई नहीं जानता था। आज अगर वे अपने पुत्र को मंत्री बना रहे हैं तो कोई बड़ी बात नहीं है। नीतीश कुमार सत्ता के लिए कुछ भी कर सकते हैं। वैसे, हम लोगों को नहीं लगता था कि वे ऐसा करेंगे। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि सम्राट मंत्रिमंडल में ऐसा कोई योग्य व्यक्ति नहीं दिखता है जो बिहार को सही ढंग से चला सके। आने वाले समय में बिहार में बदलाव तय है।

Tags:    

Similar News