Bengal में सत्ता बदलते ही बदला मंजर! Mamata Banerjee के घर के बाहर लगे 'जय श्री राम' के नारे, Saayoni Ghosh ने दी बड़ी चेतावनी
BJP VS TMC in Bengal: पश्चिम बंगाल चुनाव में टीएमसी की हार के बाद ममता बनर्जी के घर के बाहर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने 'जय श्री राम' के नारे लगाए। टीएमसी नेताओं ने सुरक्षा में चूक पर सवाल उठाए हैं, जबकि पुलिस ने ममता बनर्जी के घर से सुरक्षा बैरिकेड्स हटा दिए हैं।
BJP VS TMC in Bengal: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के ऐतिहासिक परिणामों ने राज्य की राजनीतिक फिजा बदल दी है। 15 वर्षों के टीएमसी शासन के अंत और भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बाद अब कोलकाता की सड़कों पर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिल रहा है। मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पार्टी के झंडे लहराए और 'जय श्री राम' के नारे लगाकर जीत का जश्न मनाया। राज्य के विभिन्न हिस्सों से टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़पों की खबरें भी सामने आ रही हैं, जिसने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
ममता बनर्जी के आवास के बाहर हुई इस नारेबाजी पर तृणमूल कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। टीएमसी की राज्यसभा सांसद सागरिका घोष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के जरिए कोलकाता पुलिस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या 15 साल तक राज्य का नेतृत्व करने वाली नेता की सुरक्षा का यही स्तर है? इसी क्रम में टीएमसी नेता सयोनी घोष ने भी हमलावर रुख अपनाते हुए भाजपा समर्थकों को नसीहत दी। उन्होंने एक शेर के जरिए तंज कसते हुए कहा कि वक्त को बदलते देर नहीं लगती, इसलिए शिष्टाचार बनाए रखना चाहिए।
ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा में कटौती
इस हंगामे के बीच एक चौंकाने वाला घटनाक्रम भी सामने आया है। दक्षिण कोलकाता में ममता बनर्जी के घर के बाहर लगे सुरक्षा बैरिकेड्स को आंशिक रूप से हटा दिया गया है। इतना ही नहीं, उनके भतीजे और टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी के कार्यालय से भी सुरक्षा घेरा कम कर दिया गया है। कोलकाता पुलिस के अनुसार, यह कदम उच्चाधिकारियों के निर्देश और सुरक्षा व्यवस्था की नई समीक्षा के आधार पर उठाया गया है। सत्ता में आए इस बड़े बदलाव के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल में हुई यह कटौती राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
चुनाव परिणामों ने बदला बंगाल का सियासी समीकरण
हाल ही में आए चुनाव परिणामों ने बंगाल की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत कर दी है। भाजपा ने 207 सीटों के साथ ऐतिहासिक बहुमत हासिल कर टीएमसी के किले को ढहा दिया है। वहीं, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी महज 80 सीटों पर सिमट गई है। इस हार के बाद से ही राज्य के अलग-अलग जिलों में राजनीतिक हिंसा का दौर शुरू हो गया है, जिसमें दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के हताहत होने की खबरें हैं। वर्तमान स्थिति को देखते हुए कोलकाता पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं ताकि कानून-व्यवस्था को बिगड़ने से रोका जा सके।