PM Modi on Fuel Crisis: 'भारत में तेल के कुएं नहीं, कम करें पेट्रोल-डीजल का उपयोग', वर्क फ्रॉम होम की दी सलाह

PM Modi Urges Reduced Fuel Use: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद में वैश्विक तेल संकट के बीच देशवासियों से पेट्रोल-डीजल के संयमित उपयोग की अपील की है। ईंधन की बचत के लिए पीएम ने 'वर्क फ्रॉम होम', कारपुलिंग और सार्वजनिक परिवहन (मेट्रो) को दोबारा अपनाने पर जोर दिया ताकि देश की आत्मनिर्भरता को मजबूती मिल सके।

By :  Shivam
Update:2026-05-10 20:04 IST

PM Modi on Fuel Crisis: हैदराबाद में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल, डीजल और गैस के संयमित उपयोग की अपील की है। वैश्विक स्तर पर जारी अस्थिरता और पड़ोसी देशों में युद्ध के हालातों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है, जिसका सीधा असर भारत पर पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत के पास तेल के विशाल भंडार या बड़े कुएं उपलब्ध नहीं हैं, इसलिए आत्मनिर्भरता और बचत ही मौजूदा संकट का सबसे प्रभावी समाधान है।

प्रधानमंत्री ने ऊर्जा संरक्षण को राष्ट्रहित से जोड़ते हुए नागरिकों को दैनिक जीवन में बदलाव लाने के सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि जिन शहरों में मेट्रो की सुविधा उपलब्ध है, वहां लोगों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देनी चाहिए। इसके अलावा, उन्होंने कारपुलिंग और सामूहिक आवाजाही को बढ़ावा देने की बात कही ताकि सड़क पर वाहनों की संख्या कम हो सके और ईंधन की बचत की जा सके। मोदी ने जोर देकर कहा कि आयातित पेट्रोलियम उत्पादों का उपयोग केवल अनिवार्य आवश्यकताओं के लिए ही किया जाना चाहिए।

'वर्क फ्रॉम होम' संस्कृति को दोबारा अपनाने का आह्वान

कोरोना काल के दौरान विकसित हुई कार्य संस्कृति का उदाहरण देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अब समय की मांग है कि 'वर्क फ्रॉम होम' जैसे उपायों को फिर से प्रोत्साहित किया जाए। उनके अनुसार, यह व्यवस्था न केवल परिचालन लागत को कम करती है, बल्कि परिवहन में होने वाले भारी ईंधन खर्च को बचाने में भी मददगार साबित होती है। उन्होंने इसे देश के आर्थिक हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Tags:    

Similar News