BJP ने हरियाणा में एग्जिट पोल के नतीजों को किया खारिज, CM सैनी ने किया तीसरी बार सरकार बनाने का दावा

Haryana Election 2024 Exit Poll: प्रेस कांफ्रेंस के दौरान सैनी ने कहा कि हमने विधानसभा चुनाव के दौरान पूरे राज्य का दौरा किया है। राज्य में तीसरी बार भाजपा सरकार बनना तय है

Report :  Anshuman Tiwari
Update:2024-10-06 18:19 IST

Haryana Election 2024 Exit Poll (Pic: Social Media)

Haryana Election 2024 Exit Poll: हरियाणा में मतदान खत्म होने के बाद अधिकांश एग्जिट पोल में कांग्रेस की सरकार बनने की संभावना जताई गई है। हालांकि भाजपा ने एग्जिट पोल के पूर्वानुमान को पूरी तरह खारिज कर दिया है। राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की ही सरकार बनेगी। पंचकूला में आज आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य में पूर्ण बहुमत हासिल करने में कामयाब होगी।

हालांकि इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि भाजपा को पूर्ण बहुमत नहीं मिला तो पार्टी के पास सरकार बनाने के कई अन्य विकल्प भी खुले हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमारे पास सरकार बनाने की व्यवस्था है। पूर्ण बहुमत न मिलने की स्थिति में इंडियन नेशनल लोकदल,जेजेपी या निर्दलीयों का समर्थन हासिल करने के विकल्प पर विचार किया जा सकता है।

सैनी ने इस आधार पर किया बहुमत का दावा

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान सैनी ने कहा कि हमने विधानसभा चुनाव के दौरान पूरे राज्य का दौरा किया है। लोगों से मिले फीडबैक के आधार पर हमारा मानना है कि राज्य में तीसरी बार भाजपा सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में इस बार भी भाजपा की हवा दिखी है और राज्य के लोगों का समर्थन पार्टी के साथ है। सैनी को इस बार भाजपा ने राज्य के चुनाव में सीएम चेहरा घोषित किया था।


8 अक्टूबर को होने वाली मतगणना के दौरान सबकुछ साफ हो जाएगा और भाजपा एक बार फिर राज्य में अपनी सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से राज्य के लोग खुश दिखे हैं और इसी कारण हमें पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने का पूरा भरोसा है। मुख्यमंत्री ने कहा के मतदान के आंकड़े और लोगों की भावनाओं के आधार पर मैं बहुमत पाने का दावा कर रहा हूं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंचकूला से भाजपा उम्मीदवार ज्ञानचंद गुप्ता और भाजपा के अन्य नेता भी मौजूद थे।

राज्य में सत्ता विरोधी लहर नहीं

हरियाणा में शनिवार को एक ही चरण में मतदान का काम पूरा हो गया है। मतदान के बाद आए अधिकांश एग्जिट पोल में अनुमान लगाया गया है कि भाजपा इस बार सत्ता से बेदखल हो सकती है,जबकि कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने में कामयाब हो सकती है। भाजपा ने एग्जिट पोल के पूर्वानुमान को पूरी तरह खारिज कर दिया है।

पार्टी का मानना है कि मतदान के दौरान यह बात साफ हो गई है कि राज्य में सत्ता विरोधी लहर का असर नहीं दिखा है। इसी कारण पार्टी को एक बार फिर हरियाणा के लोगों का समर्थन मिलने का भरोसा है। पार्टी का दावा है कि बूथ मैनेजमेंट ने काफी असर दिखाया है और बूथ पदाधिकारी अपने-अपने बूथों पर पार्टी के पक्ष में वोट डलवाने में कामयाब रहे हैं।


अनिल विज ने एग्जिट पोल को किया खारिज

हरियाणा भाजपा के वरिष्ठ नेता और अंबाला सीट से पार्टी के उम्मीदवार अनिल विज का भी कहना है कि हरियाणा में एग्जिट पोल गलत साबित होगा। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल की पोल पहले भी खुल चुकी है और इस बार भी सारे पूर्वानुमान ध्वस्त करते हुए भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी। अनिल विज को भाजपा की सरकार बनने का इतना भरोसा है कि उन्होंने मुख्यमंत्री पद तक पर अपनी दावेदारी ठोक दी है।

पार्टी में अपनी वरिष्ठता का हवाला देते हुए विज ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री पद का मजबूत दावेदार हूं। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी ने मुझ पर भरोसा जताया तो हमारी अगली मुलाकात मुख्यमंत्री आवास में होगी। उन्होंने कांग्रेस पर निशान चाहते हुए अंबाला विधानसभा सीट पर एक बार फिर अपनी जीत का दावा किया। 

Tags:    

Similar News