BJP National Convention: लोकसभा चुनाव के लिए तैयार होगा रोडमैप, दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित होने की संभावना, पीएम मोदी देंगे जीत का मंत्र

BJP National Convention: भाजपा के इस अधिवेशन को राष्ट्रीय नजरिए से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है और इस अधिवेशन में देश के विभिन्न हिस्सों से करीब साढ़े ग्यारह हजार प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update:2024-02-17 12:30 IST

BJP National Convention  (फोटो: सोशल मीडिया )

BJP National Convention: भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन की आज दिल्ली में शुरुआत हुई। भारत मंडपम में आयोजित इस अधिवेशन के दौरान भाजपा देश में जल्द होने वाले लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने के लिए तैयार रोडमैप को अंतिम रूप देगी। भाजपा के इस अधिवेशन को राष्ट्रीय नजरिए से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है और इस अधिवेशन में देश के विभिन्न हिस्सों से करीब साढ़े ग्यारह हजार प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।अधिवेशन के दूसरे और अंतिम दिन प्रधानमंत्री अपने संबोधन में लोकसभा चुनाव के मुद्दों और रणनीति के बारे में प्रतिनिधियों को अवगत कराएंगे। वे पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव में जीत का मंत्र भी देंगे।

इस अधिवेशन के दौरान पार्टी की ओर से दो प्रस्ताव लाए जाने की संभावना है। इसमें पहला प्रस्ताव विकसित भारत:मोदी की गारंटी और दूसरा प्रस्ताव राम मंदिर से जुड़ा हो सकता है। इस महत्वपूर्ण अधिवेशन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों समेत समेत पार्टी के अन्य सभी प्रमुख नेता हिस्सा ले रहे हैं।

अधिवेशन में हिस्सा लेने पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अधिवेशन में हिस्सा लेने के लिए सुबह 11 बजे के करीब भारत मंडपम पहुंचे। पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पटका पहनाकर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी भाजपा और केंद्र सरकार की विकास यात्रा पर लगाई गई प्रदर्शनी देखने के लिए पहुंचे। इस प्रदर्शनी में मोदी सरकार के कार्यकाल के दौरान पिछले 10 साल की विकास यात्रा को प्रदर्शित किया गया है।

पार्टी महासचिव बील संतोष ने आज के कार्यक्रम का ब्योरा देते हुए बताया कि दोपहर करीब साढ़े तीन बजे प्रधानमंत्री मोदी और पार्टी अध्यक्ष नड्डा झंडा फहराएंगे। शाम को करीब 4:45 बजे पार्टी अध्यक्ष नड्डा का उद्घाटन भाषण होगा। इसके बाद पहला संकल्प पेश किया जाएगा और वीडियो प्रेजेंटेशन होगा। रात 9:00 बजे के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा।

लोकसभा चुनाव पर होगा मुख्य फोकस

भाजपा से जुड़े सूत्रों के मुताबिक बैठक का मुख्य फोकस आगामी लोकसभा चुनावों पर होगा। पार्टी चुनावों के लिए रणनीति तैयार करने, उम्मीदवारों का चयन करने के साथ प्रचार अभियान चलाने पर चर्चा करेगी।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत बनाने पर भी चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही पार्टी सदस्यता अभियान, युवाओं और महिलाओं को पार्टी से जोड़ने और बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने पर भी चर्चा की करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा की बैठकों के दौरान इन मुद्दों पर हमेशा जोर देते रहे हैं।

400 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य

भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बताया कि लोकसभा चुनाव के दौरान एनडीए का लक्ष्य 400 प्लस सीटें जीतने का है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पार्टी की यह महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। उन्होंने कहा कि हर बार लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन करती रही है।

2014 के लोकसभा चुनाव से पहले रामलीला मैदान में बैठक का आयोजन किया गया था जबकि 2019 के चुनाव से पहले भी रामलीला मैदान में ही यह महत्वपूर्ण बैठक हुई थी। इन दोनों चुनावों में पार्टी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने में कामयाब रही थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार भी अधिवेशन के बाद पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ दिल्ली में सरकार बनाने में कामयाब होगी।

इन मुद्दों पर भी होगी अधिवेशन में चर्चा

अधिवेशन के दौरान सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने पर भी चर्चा की जाएगी। पार्टी सरकार की उपलब्धियों को उजागर करने और विपक्ष के आरोपों का जवाब देने पर भी चर्चा करेगी। इसके साथ ही विपक्षी दलों के खिलाफ रणनीति तैयार करने पर भी चर्चा होगी। एनडीए के खिलाफ विपक्षी दलों ने इंडिया गठबंधन बना रखा है और ऐसे में पार्टी विपक्षी दलों की एकजुटता को तोड़ने के तौर तरीकों पर भी चर्चा करेगी।

लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने के लिए जनसभाएं, रैलियां और अन्य कार्यक्रमों पर भी बैठक में चर्चा की जाएगी। भाजपा सूत्रों का कहना है कि इस अधिवेशन के जरिए पार्टी को लोकसभा चुनाव की रणनीति को अंतिम रूप देने में मदद मिलेगी।

बड़े नेताओं के साथ अन्य पदाधिकारी भी लेंगे हिस्सा

अधिवेशन में पार्टी के बड़े नेताओं के अलावा केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल मंत्री, राष्ट्रीय व प्रदेश पदाधिकारी, राष्ट्रीय परिषद के सदस्य, मौजूदा और पूर्व सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, लोकसभा क्लस्टर के प्रभारी व संयोजक, महापौर, नगर पालिका व नगर पंचायत के अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष, मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी सेल के प्रदेश संयोजक आदि शामिल होंगे।

अधिवेशन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित उत्तर प्रदेश से पार्टी के 1347 प्रतिनिधि भाग लेंगे।

Tags:    

Similar News