NEET Paper Leak: जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन को हटाने पहुंची दिल्ली पुलिस, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक डटे रहने का ऐलान

NEET Paper Leak: जंतर-मंतर पर CJP के NEET पेपर लीक विरोध प्रदर्शन को समाप्त कराने दिल्ली पुलिस पहुंची। पुलिस ने कहा कि प्रदर्शन की अनुमति केवल शनिवार शाम तक थी और समय बढ़ाने की मंजूरी नहीं दी गई। वहीं, प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर डटे रहे।

Update:2026-06-20 18:12 IST

NEET Paper Leak: NEET पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन शनिवार को उस समय तेज हो गया, जब निर्धारित समय समाप्त होने के बाद दिल्ली पुलिस प्रदर्शन स्थल पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि जंतर-मंतर पर धरने की अनुमति केवल शनिवार शाम तक के लिए दी गई थी और समय बढ़ाने की मांग को मंजूरी नहीं दी गई है।

पुलिस के मंच के पास पहुंचने के बावजूद CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि चाहे लाठीचार्ज हो या गिरफ्तारी, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक वे और उनके समर्थक जंतर-मंतर से नहीं हटेंगे। दीपके ने आरोप लगाया कि NEET पेपर लीक मामले में सरकार जवाबदेही से बच रही है, जबकि लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है।

प्रदर्शन के दौरान दीपके महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीरें लेकर मंच पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि यदि थाली बजाने से कोरोना वायरस को भगाने का दावा किया जा सकता है, तो शिक्षा मंत्री को हटाने के लिए भी थाली बजाई जा सकती है। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने थाली बजाकर “गो-प्रधान-गो” के नारे लगाए। मंच पर NEET पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के पोस्टर भी लगाए गए, जिनके जरिए सरकार से जवाब मांगा गया।

Tags:    

Similar News